नई दिल्ली। दिल्ली NCR समेत बिहार और ओडिशा में सोमवार की सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। UP और हरयाणा के भी कई जिलों में लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार बिहार में सुबह 8 बजकर 2 मिनट भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.0 थी।
बिहार में भूकंप का केंद्र सिवान में 10 किलोमीटर की गहराई में था। फिलहाल इस भूकंप से किसी प्रकार के नुकसान की खबर नहीं है।
ओडिशा में भी आया भूकंप
सोमवार (17 फरवरी 2025) की सुबह ओडिशा में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। सुबह करीब 8 बजकर 15 मिनट पर ओडिशा के पुरी शहर में 4.7 तीव्रता का भूकंप आया। फिलहाल ओडिशा के दूसरे शहरों से भूकंप के झटकों को लेकर कोई सूचना नहीं आई है।
दिल्ली समेत UP और हरियाणा में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए
नेशनल सीस्मोलॉजी सेंटर के अनुसार रिक्टर स्केल पर दिल्ली में आए भूकंप के तीव्रता 4.0 थी। इसका केंद्र दिल्ली के धौला कुआँ के पास बने झील पार्क के नजदीक जमीन के अंदर 5 किलोमीटर की गहराई में था। दिल्ली में आए भूकंप के झटके उसके आस-पास के शहरों में भी महसूस किए गए। हरियाणा के कुरुक्षेत्र, हिसार, और कैथल में झटके महसूस हुए। वहीं उत्तर प्रदेश के आगरा, मुरादाबाद , सहारनपुर और अलवर में भी झटके महसूस किए गए।
पीएम मोदी ने की अपील

देश के प्रधानमंत्री ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर लोगों से शांत रहने और सुरक्षा सावधानियों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने लोगों से अलर्ट रहने की भी गुजारिश की। उन्होंने लिखा – दिल्ली और आस-पास के इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। सभी से शांत रहने और सुरक्षा सावधानियों का पालन करने तथा संभावित झटकों के प्रति सतर्क रहने का आग्रह किया गया है। अधिकारी स्थिति पर कड़ी नज़र रख रहे हैं।
Read More : Global Investors Summit 2025 : MP बनेगा इन्वेस्टमेंट का हब ! देश-विदेश की कंपनियां करेंगी निवेश