Donald Trump: अमेरिका के डलास में 10 सितंबर को भारतीय मूल के नागमल्लैया की कुलहाड़ी से सर काटकर हत्या कर दी गई। वॉशिंग मशीन को लकेर हुए विवाद के चलते नागमल्लैया पर हमला किया गया था। अब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने इस पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर घटना की निंदा की और अवैध प्रवासियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। फिलहाल आरोपी पुलिस की हिरासत में है।
ट्रंप का रिएक्शन
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय मूल के चंद्र नागमल्लैया की हत्या पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि यह हत्या डलास, टेक्सास में उनकी पत्नी और बेटे के सामने हुई, जो बेहद भयावह है। ट्रंप ने बताया कि चंद्र की हत्या एक अवैध प्रवासी ने की, जो क्यूबा से आया था और पहले भी कई गंभीर अपराधों में गिरफ्तार हो चुका था।
ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन की नीतियों को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि ऐसे अपराधियों को देश में नहीं रहना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनके प्रशासन में ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और अमेरिका को फिर से सुरक्षित बनाया जाएगा। ट्रंप ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उस पर हत्या का मुकदमा चलेगा।
क्या है पूरा मामला?
अमेरिका के टेक्सास राज्य के डलास शहर में 10 सितंबर को 50 वर्षीय भारतीय मूल के चंद्र मौली नागमल्लैया की उनके काम की जगह पर बेरहमी से हत्या कर दी गई। कर्नाटक के रहने वाले नागमल्लैया डाउनटाउन सूट्स मोटल में मैनेजर के तौर पर काम कर रहे थे और वहीं अपने परिवार के साथ रहते थे।
पुलिस के मुताबिक, मोटल के कर्मचारी योर्डानिस कोबोस-मार्टिनेज के साथ वॉशिंग मशीन को लेकर हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक हो गया। आरोपी ने कुल्हाड़ी से नागमल्लैया पर हमला कर दिया और भागने की कोशिश कर रहे नागमल्लैया को उनकी पत्नी और बेटे के सामने मौत के घाट उतार दिया।
आरोपी गिरफ्तार
इस दर्दनाक घटना से भारतीय-अमेरिकी समुदाय में गहरा शोक और आक्रोश फैल गया है। आरोपी योर्डानिस को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया और उस पर हत्या का आरोप लगाया गया है। जानकारी के मुताबिक, उसे पहले भी गंभीर अपराधों के चलते हिरासत में लिया गया था, लेकिन क्यूबा द्वारा निर्वासन से इनकार करने के बाद अमेरिकी अधिकारियों ने उसे जनवरी 2025 में रिहा कर दिया था।
13 सितंबर परिवार ने किया अंतिम संस्कार
13 सितंबर को नागमल्लैया का अंतिम संस्कार फ्लावर माउंड, टेक्सास में किया गया, जिसमें परिवार और करीबी दोस्तों ने भाग लिया। पीड़ित परिवार की मदद के लिए चलाए गए ऑनलाइन फंडरेज़र में अब तक 3 लाख 21 हजार डॉलर से अधिक की राशि जुटाई जा चुकी है।