Disha Patani House Firing: दिशा पाटनी के घर पर हुई गोलीबारी की घटना में पुलिस और STF ने दो मुख्य शूटरों को मुठभेड़ में मार गिराया है। इन दोनों आरोपियों पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। अब पुलिस दो अन्य शूटरों की तलाश कर रही है, जिनकी पहचान भी हो चुकी है और उन पर भी एक लाख रुपये का इनाम रखा गया है।
बरेली के पुलिस अधीक्षक (SSP) अनुराग आर्य ने बताया कि 12 सितंबर को दिशा पाटनी के घर पर गोली चलाने वाला मुख्य शूटर रविंद्र था, जो हरियाणा के रोहतक जिले के वाणी गांव का रहने वाला था। साथ ही अरुण नामक शूटर था, जो सोनीपत के भारतीय बस्ती का निवासी था और वही मोटरसाइकिल चला रहा था। दोनों को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया।
11 सितंबर को भी दिशा पाटनी के घर के पास गोलीबारी की गई थी, जिसमें नकुल और विजय नामक दो शूटरों ने गोली चलाई थी। नकुल बागपत के लोहड्डा गांव का रहने वाला था, जबकि विजय बागपत के वाजिदपुर गांव का था। इन दोनों पर भी पुलिस ने 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया था।
पुलिस मुठभेड़ में दो शूटर मारे गए, चार पुलिसकर्मी घायल
बरेली में 12 सितंबर की सुबह करीब 3:45 बजे बाइक सवार हमलावरों ने दिशा पाटनी के घर पर करीब नौ राउंड फायरिंग की थी। इस हमले के बाद गोल्डी ब्रार और रोहित गोदारा गैंग्स ने सोशल मीडिया पर इसे अपनी कार्रवाई बताया था। पुलिस ने CCTV फुटेज और खुफिया जानकारी के आधार पर इन शूटरों की पहचान की और मुठभेड़ में दो शूटरों को मार गिराया। इन दोनों शूटरों के पास से Glock और Zastava पिस्टल के साथ बड़ी मात्रा में गोला-बारूद भी बरामद किया गया। मुठभेड़ में यूपी STF और दिल्ली पुलिस के चार पुलिसकर्मी घायल हो गए।
गोल्डी ब्रार और रोहित गोदारा गैंग का था हमला
इस गोलीबारी के पीछे गोल्डी ब्रार और रोहित गोदारा गैंग का हाथ था। इन दोनों गैंग्स ने दिशा पाटनी की बहन खुशबू पाटनी द्वारा अनिरुद्ध आचार्य और प्रेमानंद महाराज के खिलाफ की गई टिप्पणी का बदला लेने के लिए यह हमला किया था। पुलिस ने जांच में पाया कि हमलावरों ने पहले दिशा के घर के आसपास इलाके की रेकी की थी।
बरेली पहुंची थी पांच शूटरों की टीम
इस मामले में एक नई जानकारी सामने आई है कि हमलावरों की टीम में पांच शूटर थे। इनमें से एक शूटर बरेली पहुंचने के बाद बीमार पड़ गया और वापस लौट गया। 11 सितंबर को चार शूटरों ने दिशा पाटनी के घर के पास बाइक से फायरिंग की थी। बाद में 12 सितंबर को चार शूटर फिर से दिशा पाटनी के घर पहुंचे, जिनमें से रविंद्र ने गोलीबारी की। पुलिस अब बाकी दो शूटरों, नकल और विजय की तलाश कर रही है।