Diljit Dosanjh: पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ के फैंस के लिए खुशखबरी है। उनकी फिल्म ‘अमर सिंह चमकीला’ को इंटरनेशनल एमी अवॉर्ड्स 2025 में दो कैटेगरी में नॉमिनेशन मिला है। दिलजीत को बेस्ट एक्टर कैटेगरी में नॉमिनेट किया गया है, वहीं फिल्म को टीवी मूवी/मिनी सीरीज कैटेगरी में भी जगह मिली है। यह इस साल की एमी अवॉर्ड्स में भारत की एकमात्र एंट्री है।
दिलजीत ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर पोस्ट शेयर करते हुए इस नॉमिनेशन की जानकारी दी और इसके लिए डायरेक्टर इम्तियाज अली का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने लिखा, “ये सब इम्तियाज अली सर की वजह से हुआ है।”
नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई ‘अमर सिंह चमकीला’ को दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था। फिल्म में दिलजीत ने मशहूर पंजाबी गायक अमर सिंह चमकीला का किरदार निभाया, जिनकी 1988 में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। परिणीति चोपड़ा ने फिल्म में उनकी पत्नी और सिंगिंग पार्टनर अमरजोत का रोल निभाया है।
परिणीति चोपड़ा ने भी इस नॉमिनेशन पर खुशी जाहिर करते हुए लिखा, “टीम चमकीला पर गर्व है।” फिल्म के डायरेक्टर इम्तियाज अली ने भी दिलजीत के पोस्ट को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में शेयर किया।
अब सभी की निगाहें 24 नवंबर को न्यूयॉर्क में होने वाले 53वें इंटरनेशनल एमी अवॉर्ड्स इवेंट पर हैं, जहां विनर्स की घोषणा की जाएगी।
READ MORE: आर्यन की सीरीज बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ पर फंसे शाहरुख-गौरी, समीर वानखेड़े ने ठोका मानहानि का मुकदमा