नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे आना शुरू हो गए हैं। भाजपा में ख़ुशी की लहर देखने को मिल रही है। बीजेपी ने दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों में से 48 सीटों पर अपनी जीत दर्ज़ की है।
प्रधानमंत्री ने दिल्ली की जनता का किया शुक्रिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स के जरिए दिल्ली की जनता का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि हम दिल्ली की जनता का चौतरफा विकास करेंगे। उन्होंने बीजेपी के सभी कार्यकर्ताओं को भी बधाई दी है।
PM Modi ने दिल्ली की सभी जनता से वादा किया है कि उनकी सरकार दिल्ली के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। विकसित भारत के निर्माण में दिल्ली एक अहम भूमिका निभाएगी।
अपने कुकर्मों के लिए जेल जाएंगे अरविंद केजरीवाल – स्मृति ईरानी
दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों पर बीजेपी की नेता स्मृति ईरानी का भी बयान सामने आया है। स्मृति ईरानी ने अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने कहा था कि वो दिल्ली में बदलाव लाने के लिए राजनीति में आएंगे मगर ऐसा नहीं हुआ। अरविंद केजरीवाल शराब घोटाले के आरोपी बन गए।
उन्होंने दिल्ली के लोगों को बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसा जताने के लिए बधाई दी है। स्मृति ईरानी ने आगे कहा कि केजरीवाल अहंकार में चूर हो चुके हैं। जनता ने उन्हें जेल जाने के लिए मुक्त किया है।
भाजपा ने 27 साल बाद हासिल किया बहुमत
बीजेपी ने अंतिम बार 1993 में दिल्ली में सरकार बनाई थी। 1993 में भाजपा को 49 सीटें मिली थी। पांच साल की सरकार में बीजेपी ने 3 मुख्यमंत्री बनाए थे। भाजपा से दिल्ली की अंतिम मुख्यमंत्री सुषमा स्वराज थीं। 1998 के बाद से 15 सालों तक कांग्रेस ने दिल्ली पर राज किया। 2013 से आम आदमी पार्टी की सरकार थी।
इस बार भाजपा ने 68 सीटों पर चुनाव लड़ा और 48 सीटों पर जीत दर्ज़ की।