चक्रवात मोंथा ने कई राज्यों में भारी तबाही मचाई है। आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड और यूपी में इसका असर देखने को मिल रहा है। आंध्र प्रदेश में तीन लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हुए हैं। करीब 1.5 लाख एकड़ में फसलें बर्बाद हुई हैं। तेलंगाना के छह जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं और कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश जारी है।
ओडिशा में 25 जगहों पर भारी बारिश दर्ज की गई, गजपति जिले में सबसे अधिक 150.5 मिमी बारिश हुई। मुख्यमंत्री मोहन माझी ने बताया कि 11,000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। वहीं, झारखंड में रांची सहित 19 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
यूपी में भी मोंथा का असर दिख रहा है। वाराणसी और मिर्जापुर मंडल में मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी गई है। 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, मोंथा कमजोर पड़ा है, लेकिन इसका असर बिहार, एमपी और राजस्थान तक पहुंच गया है, जिससे तापमान में गिरावट आई है।
READ MORE: Shreyas Iyer Injury Update: श्रेयस ने दी हेल्थ अपडेट, बोले – ‘अभी रिकवर हो रहा हूं’