पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री पी. चिदंबरम ने 26/11 मुंबई आतंकी हमले को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बताया कि 2008 में हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान पर जवाबी कार्रवाई इसलिए नहीं की, क्योंकि उस वक्त अंतरराष्ट्रीय दबाव था। चिदंबरम के मुताबिक, अमेरिका की तत्कालीन विदेश मंत्री कोंडोलीजा राइस हमले के कुछ दिन बाद भारत आईं और उन्होंने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और चिदंबरम से मुलाकात कर पाकिस्तान पर कार्रवाई न करने की सलाह दी।
चिदंबरम ने कहा कि उन्होंने बदले की भावना जरूर महसूस की थी, लेकिन सरकार ने विदेश मंत्रालय और राजनयिक सलाह को मानते हुए सैन्य कार्रवाई नहीं करने का फैसला लिया।
इस बयान के बाद सियासत गरमा गई है। बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि देश को यह बात 17 साल बाद बताई जा रही है। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी और प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस पर अमेरिकी दबाव में काम करने का आरोप लगाया।
गौरतलब है कि 26/11 को पाकिस्तानी आतंकियों ने मुंबई में कई जगह हमला किया था, जिसमें सैकड़ों लोग मारे गए थे। पुलिस ने एक आतंकी अजमल कसाब को जिंदा पकड़ा था, जिसे 2012 में फांसी दी गई।
READ MORE: DAVV IET में ‘रैगिंग’ के बहाने आंदोलन की प्लानिंग, फर्जी अकाउंट से करवाए जा रहे थे ट्वीट!