Aayudh

Categories

Indore MY Hospital: इंदौर के MY अस्पताल में बड़ी लापरवाही; चूहों ने दो नवजातों की ली जान, जांच जारी

Indore MY Hospital

Indore News: मध्य प्रदेश के इंदौर के महाराजा यशवंतराव अस्पताल (MYH) से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। अस्पताल के NICU में भर्ती दो नवजात शिशुओं को चूहों ने काट लिया। दोनों की इलाज के दौरान मौत हो गई।

2 दिन में गई दो मासूमों की जान

सोमवार (1 सितंबर) को अस्पताल के आईसीयू में दो नवजातों को चूहों ने काट लिया था। मंगलवार को एक बच्ची की मौत हो गई। बुधवार को देवास की रहने वाली एक और नवजात ने भी दम तोड़ दिया। दोनों बच्चों के हाथ-पैर और कंधों पर गहरे घाव थे।

वीडियो से हुआ खुलासा

इस घटना का वीडियो कांग्रेस नेता उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया पर साझा किया। उन्होंने इसे “नरसंहार” बताया और सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया।

कार्रवाई और जांच

घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने ड्यूटी पर मौजूद नर्स और नर्सिंग अधीक्षक को सस्पेंड कर दिया। अस्पताल के अधीक्षक और HOD को नोटिस जारी किया गया। पेस्ट कंट्रोल कंपनी पर भी जुर्माना लगाया गया।
मामले की जांच के लिए 5 डॉक्टरों की हाईलेवल कमेटी बनाई गई है।

मानवाधिकार आयोग ने लिया संज्ञान

मानवाधिकार आयोग ने इस मामले पर सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने अस्पताल प्रबंधन से एक महीने में रिपोर्ट मांगी है। स्वास्थ्य विभाग ने भी डीन से स्पष्टीकरण मांगा है।

अस्पताल प्रबंधन का दावा

अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि नवजात की मौत चूहों के काटने से नहीं बल्कि इंफेक्शन से हुई है। हालांकि, परिजन और विपक्षी नेता इसे साफ लापरवाही मान रहे हैं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर सवाल

मंगलवार को मृत नवजात का पोस्टमार्टम कराया गया था, जिसकी रिपोर्ट अभी बाकी है। वहीं बुधवार को हुई मौत में परिवार ने पोस्टमार्टम से इनकार कर दिया।

अस्पताल पर उठ रहे सवाल

इंदौर का MY अस्पताल प्रदेश का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल है। यहां NICU में चूहों की मौजूदगी पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि अस्पताल प्रशासन लंबे समय से लापरवाही बरत रहा था।

READ MORE: CAA विवाद के बीच सरकार का आदेश, 2024 तक गैर-मुस्लिम प्रवासियों को भारत में रहने की इजाजत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *