Bhopal Protest: राजधानी भोपाल में रविवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा के कथित बयान के खिलाफ ब्राह्मण समाज ने बड़ा प्रदर्शन किया। आरोप है कि अधिकारी ने ब्राह्मण बेटियों को लेकर अभद्र टिप्पणी की थी, जिससे समाज में भारी आक्रोश फैल गया।
रविवार को ब्राह्मण समाज के सैकड़ों लोग रोशनपुरा चौराहे पर एकत्र हुए और मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च निकालने लगे। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन की अनुमति के बिना आगे बढ़ने की कोशिश की। इसी दौरान वे पुलिस को चकमा देकर बाणगंगा चौराहे तक पहुंच गए।
READ MORE: MP में मंत्री प्रतिमा बागरी का भाई गांजा तस्करी में गिरफ्तारी, भाजपा ने लगाई फटकार
बाणगंगा चौराहे पर पुलिस ने भारी बैरिकेडिंग कर रखी थी। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कड़ा संघर्ष हो गया। इस झड़प में कई बुजुर्ग और महिलाएं घायल हो गईं। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनकी मुख्य मांग है कि आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और उन्हें पद से बर्खास्त किया जाए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि ब्राह्मण समाज की बेटियों के सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल भोपाल में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।
READ MORE: ‘वोट चोरी’ के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, दिल्ली के रामलीला मैदान में विशाल रैली