भोपाल में केंद्रीय कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा बढ़ाए जाने के फैसले ने राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। कांग्रेस ने राज्य सरकार पर सीधे हमला बोला है और कहा कि शिवराज को सुरक्षा देने में प्रदेश सरकार नाकाम रही, इसलिए केंद्र को हस्तक्षेप करना पड़ा।
कांग्रेस के प्रदेश मीडिया प्रमुख और पूर्व मंत्री मुकेश नायक ने कहा कि कुछ लोग यह कह रहे हैं कि शिवराज सिंह चौहान को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जा रहा है, इसलिए उनकी सुरक्षा बढ़ाई गई। लेकिन यह सही नहीं है। असली वजह राज्य सरकार की चूक और कमजोर व्यवस्था है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रदेश में भाजपा की सरकार है, तो पूर्व मुख्यमंत्री को सुरक्षा देने में दिक्कत क्यों हुई।
READ MORE: भोपाल में ऑनलाइन चालान नहीं काटने पर वाहन चालक और पुलिस में झड़प; देखे विडियो
दरअसल, केंद्रीय गृह मंत्रालय को खुफिया इनपुट मिलने के बाद शिवराज की पहले से मौजूद Z+ सुरक्षा को और मजबूत किया गया। भोपाल और दिल्ली स्थित उनके सरकारी आवासों के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई। यह कदम इतनी गोपनीयता से लिया गया कि शुरू में किसी को इसके कारणों का पता नहीं चला।
इस घटना के बाद सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में अटकलें लगने लगी थी कि शायद शिवराज को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने की तैयारी है। लेकिन कांग्रेस ने इसे खारिज करते हुए राज्य सरकार की विफलता से जोड़ा।
भाजपा ने अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन पार्टी सूत्रों का कहना है कि सुरक्षा का फैसला केवल खुफिया इनपुट और सुरक्षा कारणों से लिया गया है और इसे राजनीतिक संदर्भ से जोड़ना गलत है।
READ MORE: कोलकाता में मेसी की झलक न मिलने पर भड़के फैंस, स्टेडियम में की तोड़फोड़; वीडियो वायरल