जामताड़ा 2 के एक्टर सचिन चांदवाड़े की मौत, फांसी लगाकर की खुदकुशी

मराठी एक्टर और नेटफ्लिक्स की सीरीज जामताड़ा 2 में नजर आए सचिन चांदवाड़े ने 25 साल की उम्र में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना महाराष्ट्र के जलगांव जिले के परोला क्षेत्र की है। पुलिस फिलहाल उनकी आत्महत्या की वजह की जांच कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सचिन 23 अक्टूबर को अपने घर में फंदे से लटके मिले थे। परिवार ने तुरंत उन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से हालत बिगड़ने पर उन्हें धुले के एक बड़े अस्पताल में ले जाया गया। इलाज के दौरान 24 अक्टूबर की रात 1:30 बजे उनकी मौत हो गई। सचिन न केवल एक्टर थे, बल्कि पुणे के एक आईटी पार्क में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में भी काम करते थे। हाल ही में उन्होंने अपनी आने वाली मराठी फिल्म असुरवन का मोशन पोस्टर इंस्टाग्राम पर शेयर किया था। उनकी मौत से मराठी और हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। पुलिस ने इस मामले में ‘एक्सिडेंटल डेथ’ का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। READ MORE: टीवी की परफेक्ट जोड़ी का टूटा रिश्ता! शादी के 14 साल के बाद अलग हो रहे जय भानुशाली और माही
इंदौर किन्नर कांड का मुख्य आरोपी राजा हाशमी गिरफ्तार, भेष बदलकर नरसिंहपुर में छिपा था

इंदौर में किन्नर समाज को प्रताड़ित करने वाले मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुख्य आरोपी राजा हाशमी को नरसिंहपुर जिले से गिरफ्तार किया है। राजा बीते कई दिनों से फरार था और पकड़े जाने के डर से भेष बदलकर नरसिंहपुर में अपने बहनोई के घर में छिपा हुआ था। जानकारी के मुताबिक, इंदौर के पंढरीनाथ इलाके में 24 किन्नरों ने प्रताड़ना से तंग आकर फिनाइल पीकर आत्महत्या की कोशिश की थी। किन्नरों ने सपना गुरु, राजा हाशमी, अक्षय कुमायूं और पंकज जैन पर धमकी देने और अवैध वसूली के आरोप लगाए थे। सपना को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि बाकी आरोपी फरार थे। राजा हाशमी की गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है। वह काफी समय से फरार था और लगातार जगह बदलकर छिप रहा था। पुलिस टीम ने कई जिलों में तलाश के बाद आखिरकार उसे नरसिंहपुर से पकड़ लिया। जांच अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में किन्नरों को धमकाने और अवैध वसूली से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं। READ MORE: ‘देश की छवि खराब हो रही है!’ आवारा कुत्तों के मामलों पर राज्यों से नाराज हुआ सुप्रीम कोर्ट
Bhopal News: सीए स्टूडेंट बना ISIS का सोशल मीडिया हैंडलर, दिल्ली में धमाके की साजिश नाकाम; भोपाल में गिरफ्तार

Bhopal News: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आतंकी संगठन ISIS से जुड़े दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इनमें भोपाल का सैयद अदनान खान (20) और दिल्ली का मोहम्मद अदनान खान (19) शामिल हैं। दोनों दिवाली पर दिल्ली के मॉल और पार्क में धमाके की साजिश रच रहे थे। जांच में पता चला कि भोपाल का अदनान ISIS के लिए सोशल मीडिया हैंडलर का काम करता था। वह जिहादी वीडियो जुटाकर ग्रुप्स में फैलाता था, जबकि दिल्ली का अदनान वीडियो एडिट करता था। दोनों सिग्नल ऐप के जरिए सीरिया-तुर्की बॉर्डर पर बैठे हैंडलर से संपर्क में थे। पुलिस ने इनके पास से मोबाइल, IED मैनुअल, ISIS फ्लैग, मोलोटोव कॉकटेल की रेसिपी और लैपटॉप जब्त किया है। अदनान पहले भी चर्चा में रह चुका है उसने ज्ञानवापी मस्जिद सर्वे के जज को धमकी दी थी। जमानत के बाद वह फिर कट्टरपंथी गतिविधियों में शामिल हो गया था। पुलिस ने दोनों पर UAPA के तहत केस दर्ज किया है। READ MORE: ‘देश की छवि खराब हो रही है!’ आवारा कुत्तों के मामलों पर राज्यों से नाराज हुआ सुप्रीम कोर्ट
SC On Street Dogs: ‘देश की छवि खराब हो रही है!’ आवारा कुत्तों के मामलों पर राज्यों से नाराज हुआ सुप्रीम कोर्ट

SC On Street Dogs: सुप्रीम कोर्ट ने आवारा कुत्तों के बढ़ते हमलों पर गंभीर नाराजगी जताई है। कोर्ट ने कहा कि अगस्त से अब तक दो महीने बीत चुके हैं, लेकिन ज्यादातर राज्यों ने अब तक हलफनामा दाखिल नहीं किया है। अदालत ने कहा कि बच्चों पर कुत्तों के हमलों के लगातार मामले सामने आ रहे हैं, जिससे देश की छवि खराब हो रही है। जस्टिस विक्रम नाथ, जस्टिस संदीप मेहता और जस्टिस एनवी अंजारिया की बेंच ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को तीन नवंबर को कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया है। हालांकि, पश्चिम बंगाल और तेलंगाना को पेशी से छूट दी गई है क्योंकि उन्होंने हलफनामा दाखिल कर दिया है। कोर्ट ने कहा कि 22 अगस्त को सभी राज्यों को आवारा कुत्तों के टीकाकरण, नसबंदी और नियंत्रण को लेकर निर्देश दिए गए थे, लेकिन अधिकांश ने अब तक कोई कदम नहीं उठाया। अदालत ने कहा, “विश्व स्तर पर देश की छवि खराब हो रही है, आपने अभी तक जवाब दाखिल नहीं किया है।” सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि अब सभी राज्यों को इस समस्या पर ठोस कार्रवाई करनी होगी ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। READ MORE: CJI पर जूता फेंकने वाले वकील पर नहीं होगी कार्रवाई, सुप्रीम कोर्ट बोला – “मामले को तूल नहीं देना चाहते”
Supreme Court: CJI पर जूता फेंकने वाले वकील पर नहीं होगी कार्रवाई, सुप्रीम कोर्ट बोला – “मामले को तूल नहीं देना चाहते”

Supreme Court: सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कहा कि वह मुख्य न्यायाधीश (CJI) बीआर गवई पर जूता फेंकने वाले वकील राकेश किशोर के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई नहीं करेगा। कोर्ट ने कहा कि ऐसी कार्रवाई करने से आरोपी को अनावश्यक प्रसिद्धि मिलेगी और घटना को बेवजह का महत्व मिलेगा। जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की पीठ ने कहा कि अदालत में जूता फेंकना और नारे लगाना अदालत की अवमानना है, लेकिन कार्रवाई करना संबंधित जज पर निर्भर करता है। कोर्ट ने बताया कि इस मामले में खुद CJI गवई ने कोई सख्त कदम उठाने से इनकार कर दिया था। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अब ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए दिशा-निर्देश बनाए जाएंगे। साथ ही सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता से देशभर की अदालतों में हुई ऐसी घटनाओं की जानकारी मांगी गई है। गौरतलब है कि 6 अक्टूबर को एक सुनवाई के दौरान वकील राकेश किशोर ने CJI गवई पर जूता फेंकने की कोशिश की थी। घटना के बाद बार एसोसिएशन ने उसकी सदस्यता रद्द कर दी थी। वकील ने बाद में कहा कि उसे अपने कदम पर कोई अफसोस नहीं है और उसने “सनातन धर्म के अपमान” के विरोध में ऐसा किया था। READ MORE: टीवी की परफेक्ट जोड़ी का टूटा रिश्ता! शादी के 14 साल के बाद अलग हो रहे जय भानुशाली और माही
Jay Bhanushali Divorce: टीवी की परफेक्ट जोड़ी का टूटा रिश्ता! शादी के 14 साल के बाद अलग हो रहे जय भानुशाली और माही

Jay Bhanushali Divorce: टीवी के पॉपुलर कपल जय भानुशाली और माही विज ने शादी के 14 साल बाद अलग होने का फैसला किया है। दोनों ने साल 2011 में शादी की थी, लेकिन अब रिपोर्ट्स के मुताबिक, जुलाई-अगस्त 2025 में उनका तलाक फाइनल हो गया है। कभी टीवी की सबसे प्यारी जोड़ियों में गिने जाने वाले जय और माही की जोड़ी को फैंस ‘कपल गोल्स’ के रूप में देखते थे। लेकिन बीते कुछ महीनों से दोनों के बीच दूरियां बढ़ गई थी। कहा जा रहा है कि दोनों काफी समय से अलग रह रहे थे और रिश्ते को बचाने की कोशिशें भी नाकाम रही। अब दोनों ने आपसी सहमति से तलाक और बच्चों की कस्टडी को लेकर भी फैसला कर लिया है। जय और माही तीन बच्चों के माता-पिता हैं बेटी तारा और दो फोस्टर बच्चे राजवीर और खुशी, जिन्हें उन्होंने 2017 में गोद लिया था। बताया जा रहा है कि दोनों अपने बच्चों की परवरिश मिलकर करेंगे। रिपोर्ट्स में कहा गया है कि रिश्ते में तनाव की शुरुआत भरोसे की समस्याओं से हुई, जो धीरे-धीरे बढ़ती चली गई। दोनों को आखिरी बार अगस्त 2024 में अपनी बेटी तारा के जन्मदिन पर साथ देखा गया था। अब जय अपनी बेटियों के साथ समय बिता रहे हैं, जबकि माही बच्चों के साथ एक नए घर में शिफ्ट हो चुकी हैं। READ MORE: श्रेयस अय्यर सिडनी के अस्पताल में भर्ती, ICU में चल रहा इलाज; तीसरे वनडे में लगी थी पसलियों में गंभीर चोट
Shreyas Iyer Health Update: श्रेयस अय्यर सिडनी के अस्पताल में भर्ती, ICU में चल रहा इलाज; तीसरे वनडे में लगी थी पसलियों में गंभीर चोट

Shreyas Iyer Health Update: भारतीय वनडे टीम के उप-कप्तान श्रेयस अय्यर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे मैच के दौरान चोटिल हो गए थे। अब उन्हें सिडनी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वे फिलहाल आईसीयू (ICU) में हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें बाईं पसलियों में लगी चोट के कारण इंटरनल ब्लीडिंग हो रही है। यह हादसा तब हुआ जब अय्यर ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज एलेक्स कैरी का कैच पकड़ने की कोशिश में बैकवर्ड पॉइंट पर दौड़ लगाई और गिरते वक्त उनकी पसलियों पर जोरदार चोट लगी। दर्द बढ़ने पर उन्हें तुरंत मैदान से बाहर ले जाया गया और बाद में अस्पताल में भर्ती किया गया। मीडिया रिपोर्टस के अनुसार, श्रेयस पिछले कुछ दिनों से ICU में हैं। डॉक्टरों ने बताया कि इंटरनल ब्लीडिंग की वजह से संक्रमण का खतरा था, इसलिए उन्हें निगरानी में रखा गया है। उनकी हालत अब स्थिर है, लेकिन पूरी तरह ठीक होने में एक सप्ताह तक का समय लग सकता है। BCCI ने बयान जारी कर कहा कि अय्यर को आगे की जांच के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी रिकवरी पर नजर रखी जा रही है। माना जा रहा है कि इस चोट के कारण उनकी मैदान पर वापसी में देरी हो सकती है। फिलहाल अय्यर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे। READ MORE: जन्मदिन पर समय रैना ने मांगी माफी, बोले ‘मेरे शब्दों से अगर किसी दिव्यांग को ठेस पहुंची तो मुझे खेद है’
Samay Raina: जन्मदिन पर समय रैना ने मांगी माफी, बोले ‘मेरे शब्दों से अगर किसी दिव्यांग को ठेस पहुंची तो मुझे खेद है’

Samay Raina: स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना ने अपने जन्मदिन के मौके पर अपनी गलती के लिए लोगों से माफी मांगी है। समय ने अपने शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में विकलांग लोगों पर की गई टिप्पणियों को लेकर खेद जताया है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर लिखा, “आज मेरा बर्थडे है और मैं इस दिन का इस्तेमाल उन दिव्यांग लोगों से माफी मांगने के लिए करना चाहता हूं, जिन्हें मेरे शो से ठेस पहुंची।” समय रैना ने आगे लिखा कि वे और उनके साथी कॉमेडियंस विपुल गोयल, सोनाली ठक्कर, निशांत तंवर और बलराज घोष अपने शो से हुई तकलीफ के लिए गहरा अफसोस जताते हैं। साथ ही वादा किया कि आगे से वे ज्यादा सावधानी बरतेंगे और दिव्यांग समुदाय की चुनौतियों के बारे में जागरूकता फैलाने की कोशिश करेंगे। दरअसल, फरवरी में समय रैना पर एक नेत्रहीन नवजात बच्चे का मजाक उड़ाने का आरोप लगा था, जिसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया था। अदालत ने सभी कलाकारों को बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगने और समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने का निर्देश दिया था। READ MORE: सुशांत केस फिर सुर्खियों में; परिवार के वकील बोले – CBI की रिपोर्ट अधूरी, कई अहम सबूत छिपाए गए
Guna News: गुना में जमीनी विवाद पर बर्बरता; किसान को थार से कुचला, बचाने आई बेटियों के फाड़े कपड़े

Guna News: मध्य प्रदेश के गुना जिले में जमीनी विवाद को लेकर एक दर्दनाक वारदात सामने आई है। गणेशपुर गांव में दबंगों ने किसान रामस्वरूप नागर को थार गाड़ी से कुचलकर मार डाला। जब उसे बचाने उसकी बेटियां और घर की महिलाएं पहुंची, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की और कपड़े फाड़ दिए। घटना के बाद घायल किसान को परिजन अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि जमीन को लेकर दबंगों का परिवार से पुराना विवाद चल रहा था और वे कब्जे की कोशिश कर रहे थे। इस वारदात का आरोप बीजेपी नेता महेंद्र नागर और उसके साथियों पर लगा है। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि महेंद्र ने किसान की बेटियों से भी बर्बरता की। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। फतेहगढ़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। ग्रामीणों ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। READ MORE: अल्बानिया की एआई मंत्री डिएला ‘गर्भवती’, देंगी 83 एआई बच्चों को जन्म
Albania AI minister Pregnant: अल्बानिया की एआई मंत्री डिएला गर्भवती, देंगी 83 एआई बच्चों को जन्म

Albania AI minister Pregnant: अल्बानिया की वर्चुअल मंत्री डिएला एक बार फिर चर्चा में हैं। देश के प्रधानमंत्री एदी रामा ने जर्मनी के बर्लिन में आयोजित ग्लोबल डायलॉग सम्मेलन में घोषणा की कि एआई मंत्री डिएला गर्भवती हैं और जल्द ही 83 बच्चों को जन्म देंगी। यह सुनकर लोग हैरान रह गए, लेकिन बाद में स्पष्ट हुआ कि यह एक प्रतीकात्मक बयान था। दरअसल, डिएला कोई इंसान नहीं, बल्कि एक एआई सिस्टम है जिसे अल्बानिया ने भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए मंत्री बनाया है। प्रधानमंत्री रामा के मुताबिक, डिएला के ये 83 बच्चे दरअसल एआई सहायक होंगे, जो संसद के सांसदों की मदद करेंगे। ये हर सत्र की कार्यवाही का रिकॉर्ड रखेंगे और सांसदों को सुझाव देंगे। रामा ने कहा कि यह नया सिस्टम 2026 तक पूरी तरह काम करने लगेगा। इसका उद्देश्य सरकारी कामकाज को पारदर्शी बनाना और मानव हस्तक्षेप को कम करना है। डिएला दुनिया की पहली एआई मंत्री हैं, जिन्हें सार्वजनिक टेंडरों और सरकारी प्रोजेक्ट्स में भ्रष्टाचार खत्म करने की जिम्मेदारी दी गई है। READ MORE: सातारा डॉक्टर सुसाइड केस में नया खुलासा; महिला ने लगाया फर्जी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का आरोप