Trump On India US Relations: भारत-अमेरिका रिश्ते पर ट्रंप का बयान; मोदी को बताया मजबूत नेता, ट्रेड डील के दिए संकेत

Trump On India US Relations: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की है। दक्षिण कोरिया में एपीईसी सम्मेलन के दौरान दिए भाषण में ट्रंप ने पीएम मोदी को शानदार दिखने वाला और टफ ऐज हेल यानी बेहद सख्त नेता बताया। उन्होंने कहा कि मोदी फादर जैसी शख्सियत हैं और उनके साथ उनके बहुत अच्छे संबंध हैं। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के दौरान उन्होंने दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों से बात की थी, जिससे युद्ध जैसी स्थिति टल गई। उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा, “क्या बाइडेन ऐसा कर सकते हैं? मुझे नहीं लगता।” ट्रंप ने अपने संबोधन में भारत-अमेरिका के बीच जल्द व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर होने के संकेत भी दिए। उन्होंने कहा कि दोनों देश इस समझौते के पहले चरण को अंतिम रूप देने के करीब हैं। हाल ही में ट्रंप और मोदी के बीच कई बार बातचीत हुई है, जिससे दोनों देशों के रिश्ते और मजबूत होने की उम्मीद है। READ MORE: सतीश शाह को मरणोपरांत पद्मश्री देने की अपील, FWICE ने पीएम मोदी को लिखा पत्र
सतीश शाह को मरणोपरांत पद्मश्री देने की अपील, FWICE ने पीएम मोदी को लिखा पत्र

फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर दिवंगत अभिनेता सतीश शाह को मरणोपरांत पद्मश्री सम्मान देने की अपील की है। FWICE ने कहा कि यह सम्मान भारतीय सिनेमा और टीवी जगत में उनके अमूल्य योगदान के लिए एक सच्ची श्रद्धांजलि होगी। पत्र में संगठन ने लिखा कि सतीश शाह एक ऐसे रेयर और गिफ्टेड कलाकार थे जिन्होंने अपनी एक्टिंग से करोड़ों लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाई। उनके शो ‘ये जो है जिंदगी’, ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’ और फिल्मों ‘जाने भी दो यारो’, ‘मैं हूं ना’ जैसे प्रोजेक्ट्स ने उन्हें घर-घर में मशहूर बनाया। FWICE ने कहा कि सतीश शाह न सिर्फ एक बेहतरीन अभिनेता थे, बल्कि इंडस्ट्री के कल्याण कार्यों में भी हमेशा आगे रहे। उनका निधन उन सभी के लिए बड़ी क्षति है जिन्होंने उनके साथ काम किया। 74 वर्षीय सतीश शाह का 25 अक्टूबर को किडनी की बीमारी के कारण मुंबई में निधन हो गया था। उनका अंतिम संस्कार 26 अक्टूबर को किया गया। FWICE ने कहा कि पद्मश्री सम्मान उनके जीवन और कला के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। READ MORE: इजरायल ने गाजा पर फिर किया एयरस्ट्राइक, 30 से ज्यादा लोगों की मौत
Israel Gaza Tension: इजरायल ने गाजा पर फिर किया एयरस्ट्राइक, 30 से ज्यादा लोगों की मौत

Israel Gaza Tension: गाजा में सीजफायर के बीच इजरायल ने मंगलवार को फिर हवाई हमला किया। इसमें 30 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। गाजा सिटी, खान यूनिस, बेत लहिया और अल-बुरैज जैसे घनी आबादी वाले इलाकों को निशाना बनाया गया। अस्पतालों में घायलों का इलाज चल रहा है। इजरायल का कहना है कि हमास ने सीजफायर तोड़कर गाजा में तैनात इजरायली सैनिकों पर हमला किया, जिसके जवाब में यह कार्रवाई की गई। वहीं, हमास ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उसने कोई हमला नहीं किया और वह शांति समझौते का पालन कर रहा है। यह हमला ऐसे समय हुआ है जब इजरायल और हमास के बीच कुछ ही दिन पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मध्यस्थता में शांति समझौता हुआ था। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि हमास ने समझौते की शर्तें तोड़ी हैं और बंधकों के शव लौटाने में भी धोखा दिया है। रक्षा मंत्री इस्राइल कैट्ज़ ने चेतावनी दी कि हमास ने “रेड लाइन” पार की है और उसे इसकी भारी कीमत चुकानी होगी। दूसरी ओर, हमास ने दावा किया कि इजरायल के लगातार हमलों के कारण शव खोजने और लौटाने में कठिनाई हो रही है। READ MORE: चक्रवात मोन्था की तबाही: आंध्र-ओडिशा में तेज हवाएं, भारी बारिश; तीन की मौत
चक्रवात मोन्था की तबाही: आंध्र-ओडिशा में तेज हवाएं, भारी बारिश; तीन की मौत

चक्रवात मोन्था ने आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी तबाही मचाई है। मंगलवार रात यह आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम तट से टकराया। करीब पांच घंटे तक चली तेज हवाओं (90 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा) से कई पेड़ उखड़ गए और कई घरों को नुकसान हुआ। बिजली के तार टूटने से शहरों में अंधेरा छा गया। हादसों में तीन लोगों की मौत और दो घायल हुए हैं। बुधवार सुबह तूफान ओडिशा के गंजम जिले में गोपालपुर बीच तक पहुंच गया। यहां 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। राज्य के गंजम, गजपति, रायगढ़ा, कोरापुट, मलकानगिरी, कंधमाल, कालाहांडी और नबरंगपुर जिलों में भारी बारिश हो रही है। सरकार ने अब तक 76 हजार लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया है। NDRF और ODRF की 35 टीमों को राहत कार्यों के लिए लगाया गया है। आंध्र प्रदेश में 38 हजार हेक्टेयर फसल बर्बाद हुई है। रेल और हवाई सेवाओं पर भी असर पड़ा है 120 ट्रेनें और 48 उड़ानें रद्द की गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक केरल, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और झारखंड में भी बारिश जारी रह सकती है। READ MORE: महागठबंधन का घोषणापत्र जारी: हर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, OPS और महिलाओं को ₹2500 महीने की सहायता का वादा
महागठबंधन का घोषणापत्र जारी: हर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, OPS और महिलाओं को ₹2500 महीने की सहायता का वादा

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन ने मंगलवार को अपना घोषणापत्र ‘बिहार का तेजस्वी प्रण’ जारी किया। इसमें युवाओं, महिलाओं, किसानों, संविदा कर्मियों और दिव्यांगों के लिए कई बड़े ऐलान किए गए। तेजस्वी यादव ने कहा कि हमारी सरकार सिर्फ बनाना नहीं, बिहार को बदलना चाहती है। उन्होंने वादा किया कि सत्ता में आते ही 20 दिनों के भीतर हर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का अधिनियम लाया जाएगा और 20 महीने में नौकरी देने की प्रक्रिया शुरू होगी। घोषणापत्र में महिलाओं के लिए “माई-बहिन मान योजना” की घोषणा की गई है, जिसके तहत 1 दिसंबर से हर महिला को ₹2,500 प्रति माह दिए जाएंगे। पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू करने, 200 यूनिट मुफ्त बिजली, जीविका दीदियों और संविदा कर्मियों को स्थायी करने, तथा दिव्यांगों को ₹3,000 मासिक पेंशन देने का वादा किया गया है। शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में भी कई योजनाएं शामिल हैं हर अनुमंडल में महिला कॉलेज, मुफ्त स्वास्थ्य बीमा ₹25 लाख तक, और मनरेगा की मजदूरी ₹300 प्रतिदिन करने का ऐलान किया गया है। तेजस्वी यादव ने कहा, “यह घोषणापत्र बिहार के हर वर्ग की आवाज है। हम सरकार के साथ-साथ एक नए बिहार का सपना पूरा करेंगे।” READ MORE: ‘द फैमिली मैन 3’ की रिलीज डेट फाइनल, 21 नवंबर से लौटेंगे मनोज बाजपेयी श्रीकांत तिवारी बनकर
‘द फैमिली मैन 3’ की रिलीज डेट फाइनल, 21 नवंबर से लौटेंगे मनोज बाजपेयी श्रीकांत तिवारी बनकर

‘द फैमिली मैन 3’ की रिलीज डेट का ऐलान हो गया है। मनोज बाजपेयी की यह मशहूर वेब सीरीज 21 नवंबर से अमेज़न प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी। मंगलवार को मेकर्स ने इसका एक मजेदार वीडियो शेयर किया, जिसमें प्रियामणि यानी सुचि तिवारी अपने परिवार की झलक दिखाती हैं और बताती हैं कि तिवारी जी अब भी अपने पुराने मिशन में उलझे हैं। इस बार श्रीकांत तिवारी को अपने करियर की सबसे बड़ी चुनौती का सामना करना होगा। कहानी में दो नए किरदार जुड़ रहे हैं जयदीप अहलावत ‘रुक्मा’ के रोल में और निम्रत कौर ‘मीरा’ के रूप में। दोनों ही श्रीकांत के मिशन और परिवार के लिए खतरा साबित होंगे। ‘द फैमिली मैन 3’ में पहले से भी ज्यादा एक्शन और सस्पेंस देखने को मिलेगा। सीरीज को राज और डीके ने लिखा और डायरेक्ट किया है। मनोज बाजपेयी और प्रियामणि के अलावा इसमें श्रेया धनवंतरी, गुल पनाग, आशलेशा ठाकुर और शारिब हाशमी जैसे कलाकार नजर आएंगे। राज और डीके ने कहा कि इस बार कहानी और भी रोमांचक होगी इस सीजन में शिकारी खुद शिकार बनेगा। फैंस के लिए श्रीकांत तिवारी की यह नई जर्नी पहले से ज्यादा थ्रिलिंग और इमोशनल होने वाली है। READ MORE: चक्रवात ‘मोंथा’ का कहर: आंध्र तट से आज टकराएगा तूफान, 50 हजार लोग सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए
चक्रवात मोंथा का कहर: आंध्र तट से आज टकराएगा तूफान, 50 हजार लोग सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए

बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात ‘मोंथा’ अब एक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया है। यह मंगलवार शाम को आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम तट से टकराने वाला है। इसकी रफ्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है और समुद्र में 5 मीटर ऊंची लहरें उठ सकती हैं। आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में तेज हवाएं चल रही हैं। चारों राज्यों के तटीय इलाकों से 50 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। चेन्नई में 215 राहत केंद्र बनाए गए हैं और मेडिकल टीमें तैनात की गई हैं। ओडिशा सरकार ने भी 8 जिलों में 2,000 से ज्यादा राहत केंद्र तैयार किए हैं। अब तक 11,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाया गया है। चक्रवात के कारण विशाखापट्टनम, विजयवाड़ा और तिरुपति एयरपोर्ट से कई फ्लाइट्स रद्द की गई हैं। दक्षिण मध्य रेलवे ने भी 120 ट्रेनें कैंसिल कर दी हैं। मौसम विभाग ने कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है और लोगों से घरों में रहने की अपील की है। READ MORE: डोनाल्ड ट्रंप बोले ‘तीसरी बार चुनाव लड़ना पसंद करूंगा, मेरे पास बेहतरीन आंकड़े हैं’
Donald Trump: डोनाल्ड ट्रंप बोले ‘तीसरी बार चुनाव लड़ना पसंद करूंगा, मेरे पास बेहतरीन आंकड़े हैं’

Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 2028 में तीसरी बार राष्ट्रपति चुनाव लड़ने की संभावना को पूरी तरह खारिज नहीं किया है। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, “मुझे तीसरी बार चुनाव लड़ना पसंद होगा, मेरे पास अब तक के सबसे बेहतरीन आंकड़े हैं।” हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि उन्होंने इस पर अभी गंभीरता से विचार नहीं किया है। व्हाइट हाउस के पूर्व रणनीतिकार स्टीव बैनन ने हाल ही में सुझाव दिया था कि ट्रंप को तीसरी बार चुनाव लड़ना चाहिए। इस पर ट्रंप ने कहा कि उनके पास जीत के लिए पर्याप्त समर्थन है, लेकिन फिलहाल वे केवल अपने वर्तमान कार्यकाल पर ध्यान दे रहे हैं। अमेरिकी संविधान के 22वें संशोधन के अनुसार, कोई भी व्यक्ति केवल दो बार ही राष्ट्रपति बन सकता है। इसके बावजूद ट्रंप का यह बयान राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है। ट्रंप ने अपने संभावित उत्तराधिकारियों के तौर पर विदेश मंत्री मार्को रुबियो और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के नाम लिए और उनकी जमकर तारीफ की। इस बीच, ट्रंप एशिया दौरे के दूसरे चरण में जापान पहुंच चुके हैं, जहां वे व्यापारिक समझौतों और क्षेत्रीय शांति वार्ताओं में हिस्सा ले रहे हैं। READ MORE: आरएसएस गतिविधियों पर रोक की कोशिश पर ब्रेक, हाईकोर्ट ने कर्नाटक सरकार का आदेश रोका
Sachin Sanghvi: संगीतकार सचिन सांघवी पर यौन उत्पीड़न मामला; वकील ने न्याय की मांग की, मीडिया से संयम बरतने की अपील

Sachin Sanghvi: मशहूर म्यूजिक कंपोजर सचिन सांघवी इन दिनों एक गंभीर यौन उत्पीड़न मामले में फंसे हुए हैं। ‘सचिन-जिगर’ की जोड़ी से पहचान बनाने वाले सचिन को हाल ही में इस मामले में गिरफ्तार किया गया था, हालांकि अब उन्हें जमानत मिल चुकी है। इस बीच, पीड़िता के वकील निशांत जौहरी ने कहा कि वे न्याय के लिए हर कानूनी कदम उठा रहे हैं। उन्होंने मीडिया से अपील की कि मामले की रिपोर्टिंग जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ करें, ताकि पीड़िता की गरिमा और गोपनीयता बनी रहे। वकील ने यह भी स्पष्ट किया कि मामला फिलहाल अदालत में विचाराधीन है, इसलिए किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। वहीं, सचिन के वकील आदित्य मिठे ने आरोपों को पूरी तरह से खारिज करते हुए कहा कि एफआईआर में लगाए गए सभी आरोप निराधार और झूठे हैं। सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसियां मामले की गहराई से जांच कर रही हैं। सचिन या उनके संगीत साथी जिगर की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अब सबकी नजरें अदालत के अगले फैसले पर टिकी हैं। READ MORE: आरएसएस गतिविधियों पर रोक की कोशिश पर ब्रेक, हाईकोर्ट ने कर्नाटक सरकार का आदेश रोका
Karnataka: आरएसएस गतिविधियों पर रोक की कोशिश पर ब्रेक, हाईकोर्ट ने कर्नाटक सरकार का आदेश रोका

Karnataka: कर्नाटक में कांग्रेस सरकार को बड़ा झटका लगा है। राज्य सरकार के उस आदेश पर हाईकोर्ट ने अंतरिम रोक लगा दी है, जिसमें कहा गया था कि कोई भी निजी संगठन सरकारी परिसरों, स्कूलों, कॉलेजों या सार्वजनिक जगहों पर कार्यक्रम आयोजित करने से पहले प्रशासन से अनुमति लेगा। सरकार का यह आदेश हाल ही में जारी हुआ था और इसे आरएसएस की गतिविधियों को रोकने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा था। इस आदेश के खिलाफ ‘पुनश्चैतन्य सेवा संस्थान’ नामक संगठन ने याचिका दायर की थी। संस्था का कहना था कि सरकार का यह नियम निजी संगठनों के वैध अधिकारों का उल्लंघन करता है और उनकी सामाजिक व सांस्कृतिक गतिविधियों को सीमित करता है। हाईकोर्ट की धारवाड़ बेंच ने जस्टिस नागप्रसन्ना की अध्यक्षता में सुनवाई करते हुए आदेश पर अंतरिम रोक लगा दी है और अगली सुनवाई की तारीख 17 नवंबर तय की है। सरकार का कहना था कि यह नियम किसी विशेष संगठन को निशाना बनाने के लिए नहीं, बल्कि सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा और उचित उपयोग सुनिश्चित करने के लिए है। फिलहाल, कोर्ट के इस फैसले के बाद यह आदेश अगली सुनवाई तक लागू नहीं होगा। READ MORE: दिल्ली का एसिड अटैक केस निकला झूठा: पिता ने बेटी पर खुद डाला टॉयलेट क्लीनर, तीन युवकों को फंसाने रची साजिश