Aayudh

MP Weather Update: मध्यप्रदेश में ठंड ने तोड़ा रिकॉर्ड; भोपाल-इंदौर में 10 साल की सबसे कड़ी सर्दी, 20 जिलों में शीतलहर अलर्ट

MP Weather Update

MP Weather Update: मध्यप्रदेश इन दिनों कड़ाके की ठंड की चपेट में है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के कारण ठंडी हवाएं सीधे प्रदेश में पहुंच रही हैं, जिससे तापमान तेजी से गिरा है। नवंबर के पहले ही हफ्ते में कई शहरों का पारा रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। रविवार रात प्रदेश के 10 से ज्यादा शहरों में तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया। सबसे ठंडा शहर राजगढ़ रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इंदौर में पारा 7.9 डिग्री और भोपाल में 8.8 डिग्री रहा। यह इंदौर में पिछले 25 साल और भोपाल में पिछले 10 साल का नवंबर का सबसे कम तापमान है। मौसम विभाग ने सोमवार को 20 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। इनमें भोपाल, इंदौर, उज्जैन, राजगढ़, देवास, सीहोर, रीवा, शाजापुर, उमरिया, जबलपुर, शहडोल और पन्ना शामिल हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी के कारण उत्तर भारत से आने वाली हवाओं ने प्रदेश में ठंडक बढ़ा दी है। दिन का तापमान भी 30 डिग्री से नीचे चला गया है और सुबह-शाम घना कोहरा छाने लगा है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इस बार नवंबर में ठंड जल्दी और ज्यादा तेज है, जो पूरे महीने बनी रहेगी। READ MORE: बेंगलुरु जेल का एक और वीडियो वायरल, कैदियों की शराब पार्टी और डांस ने मचाया हंगामा; सरकार ने दिए जांच के आदेश

US Shut Down: अमेरिका में सरकारी शटडाउन खत्म होने के करीब, ट्रंप बोले- समझौता लगभग तय

US Shut Down

US Shut Down: अमेरिका में पिछले 40 दिनों से चल रहा सरकारी शटडाउन अब खत्म होने के करीब है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कहा कि व्हाइट हाउस और सीनेट नेताओं के बीच समझौता लगभग तय हो गया है। उन्होंने बताया कि जल्द ही सरकार दोबारा कामकाज शुरू कर सकेगी। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, आठ डेमोक्रेटिक सीनेटरों ने रिपब्लिकन नेताओं और व्हाइट हाउस के साथ एक अस्थायी समझौता किया है। इस डील के तहत सरकार को 31 जनवरी तक फंडिंग दी जाएगी, जिससे एजेंसियां और कर्मचारी दोबारा काम पर लौट सकेंगे। इस दौरान किसी भी कर्मचारी की छंटनी नहीं की जाएगी और शटडाउन के दौरान का बकाया वेतन भी दिया जाएगा। सीनेट ने यह फंडिंग बिल 60-40 के अंतर से पारित किया है। अब इसे हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में भेजा जाएगा और फिर राष्ट्रपति ट्रंप के हस्ताक्षर के बाद यह लागू होगा। हालांकि डेमोक्रेटिक नेताओं ने इस समझौते को लेकर कुछ असंतोष भी जताया है। ट्रंप ने कहा, “ऐसा लगता है कि हम शटडाउन के अंत के बहुत करीब हैं। सरकार खुलते ही मैं दोनों पार्टियों के साथ मिलकर स्वास्थ्य सब्सिडी की समस्या का समाधान करूंगा।” इस फैसले से लाखों सरकारी कर्मचारियों और नागरिकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। READ MORE: गुजरात से फरीदाबाद तक फैली आतंकी साजिश का भंडाफोड़: डॉक्टरों के नेटवर्क से मिला 360 किलो विस्फोटक और केमिकल

Terror Attack: गुजरात से फरीदाबाद तक फैली आतंकी साजिश का भंडाफोड़: डॉक्टरों के नेटवर्क से मिला 360 किलो विस्फोटक और केमिकल

Terror Attack: देश में एक बार फिर बड़ी आतंकी साजिश को सुरक्षा एजेंसियों ने नाकाम कर दिया है। गुजरात एटीएस और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कई जगह से केमिकल, हथियार और विस्फोटक बरामद हुए हैं। गुजरात एटीएस ने अहमदाबाद से तीन आतंकियों को गिरफ्तार किया है, जो राइसिन नाम के खतरनाक जहर से रासायनिक हमला करने की योजना बना रहे थे। गिरफ्तार आतंकियों में से एक डॉक्टर अहमद मोहियुद्दीन सैयद है, जिसने चीन से मेडिकल की पढ़ाई की है। एटीएस ने इनके पास से तीन पिस्टल, 30 कारतूस और चार लीटर अरंडी का तेल बरामद किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी अफगानिस्तान में इस्लामिक स्टेट खोरासान प्रोविंस (ISKP) के आतंकी अबु खदीजा से संपर्क में था। उन्होंने दिल्ली, लखनऊ और अहमदाबाद में रेकी भी की थी। वहीं, फरीदाबाद में एक और बड़ी कार्रवाई में पुलिस ने डॉक्टर आदिल अहमद के कमरे से 360 किलो अमोनियम नाइट्रेट, असॉल्ट राइफल और कारतूस बरामद किए हैं। यह डॉक्टर मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग का रहने वाला है और उसे सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया था। आरोपी ने फरीदाबाद में किराए का कमरा सिर्फ विस्फोटक छिपाने के लिए लिया था।दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों पर UAPA के तहत केस दर्ज किया गया है। जांच एजेंसियों का मानना है कि यह एक बड़ा आतंकी मॉड्यूल था, जिसे समय रहते पकड़ लिया गया, वरना देश में भारी तबाही मच सकती थी। READ MORE: बेंगलुरु जेल का एक और वीडियो वायरल, कैदियों की शराब पार्टी और डांस ने मचाया हंगामा; सरकार ने दिए जांच के आदेश

Bengaluru Jail: बेंगलुरु जेल का एक और वीडियो वायरल, कैदियों की शराब पार्टी और डांस ने मचाया हंगामा; सरकार ने दिए जांच के आदेश

Bengaluru Jail

Bengaluru Jail: बेंगलुरु की पराप्पना अग्रहरा सेंट्रल जेल से एक और चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में कैदी जेल के अंदर शराब पीते, फल खाते और गाना गाते-नाचते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो ने जेल प्रशासन की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में डिस्पोजेबल गिलासों में शराब रखी दिख रही है। साथ ही प्लेटों में कटे हुए फल और तली हुई मूंगफली भी दिखाई दे रही है। कई कैदी बर्तन बजाकर गाना गा रहे हैं, जबकि कुछ नाचते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो करीब 55 मिनट का बताया जा रहा है। इसमें चार शराब की बोतलें, कई मोबाइल फोन और चार्जर भी दिख रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो करीब एक हफ्ते पुराना है। इससे पहले शनिवार को इसी जेल का एक और वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें ISIS आतंकी जुहैब हमीद शकील मन्ना मोबाइल फोन इस्तेमाल करते दिखा था। वह युवाओं को आतंकी संगठन में भर्ती करने और फंड जुटाने के आरोप में गिरफ्तार है। कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने इस पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि एडीजीपी जेल से रिपोर्ट मांगी गई है और जरूरत पड़ी तो अलग समिति बनाकर जांच कराई जाएगी। जेल प्रशासन ने भी कहा है कि यह पता लगाया जा रहा है कि कैदियों तक शराब और मोबाइल फोन कैसे पहुंचे। READ MORE: बेंगलुरु में रैपिडो राइडर ने युवती से की छेड़छाड़, वीडियो वायरल होने के बाद FIR दर्ज

Bengaluru Rapido Case: बेंगलुरु में रैपिडो राइडर ने युवती से की छेड़छाड़, वीडियो वायरल होने के बाद FIR दर्ज

Bengaluru Rapido Case

Bengaluru Rapido Case: बेंगलुरु में रैपिडो बाइक टैक्सी राइडर द्वारा एक युवती से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। युवती ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कर पूरी घटना बताई, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। पीड़िता के अनुसार, यह घटना 6 नवंबर की दोपहर करीब 4 बजे हुई जब वह चर्च स्ट्रीट से अपने पीजी लौट रही थी। राइड के दौरान रैपिडो कैप्टन ने पहले उसके पैर छूने की कोशिश की। युवती ने विरोध करते हुए कहा “भैया, क्या कर रहे हो, मत करो।” इसके बावजूद राइडर ने अपनी हरकत दोहराई। युवती ने बताया कि वह अनजान रास्ते पर थी, इसलिए तुरंत बाइक रुकवाने की स्थिति में नहीं थी। जब वह मंजिल पर पहुंची, तो एक अंजान शख्स ने उसकी मदद की और राइडर का सामना किया। हालांकि, माफी मांगने के बाद राइडर ने जाते-जाते युवती की ओर गंदा इशारा किया। इस घटना पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, युवती की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए रैपिडो कंपनी ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। कंपनी ने वादा किया है कि मामले की गहन जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। READ MORE: भारत ने जीती टी-20 सीरीज, पांचवां मैच बारिश के कारण रद्द

IND VS AUS: भारत ने जीती टी-20 सीरीज, पांचवां मैच बारिश के कारण रद्द

IND VS AUS

IND VS AUS: भारत ने ऑस्ट्रेलिया को उन्हीं के घर में टी-20 सीरीज में 2-1 से हरा दिया। पांच मैचों की इस सीरीज का आखिरी मुकाबला ब्रिस्बेन के गाबा मैदान पर खेला जाना था, लेकिन लगातार बारिश के कारण यह मैच बेनतीजा रहा। इससे पहले पहला मैच भी बारिश की भेंट चढ़ चुका था। पांचवें टी-20 में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया। भारत ने 4.5 ओवर में बिना विकेट खोए 52 रन बना लिए थे। शुभमन गिल 29 और अभिषेक शर्मा 23 रन पर नाबाद थे। इसके बाद मौसम बिगड़ गया और तेज बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा। करीब दो घंटे इंतजार के बाद मैच रद्द कर दिया गया। इससे पहले भारत ने सीरीज का तीसरा और चौथा मैच जीतकर 2-1 की अजेय बढ़त बना ली थी, जबकि दूसरा मैच ऑस्ट्रेलिया के नाम रहा। इस जीत के साथ भारत ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया से वनडे सीरीज में मिली हार का बदला भी चुकता कर लिया। इस मैच में युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने सिर्फ 528 गेंदों में अपने 1000 टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे किए, जो किसी भी फुल-मेम्बर टीम के बल्लेबाज के लिए सबसे तेज है। उन्होंने इस मामले में सूर्यकुमार यादव और फिल सॉल्ट जैसे खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया। READ MORE: सोने के दाम में लगातार तीसरे हफ्ते गिरावट, चांदी भी हुई सस्ती

Gold Silver Price Today: सोने के दाम में लगातार तीसरे हफ्ते गिरावट, चांदी भी हुई सस्ती

Gold Silver Price Today

Gold Silver Price Today: सोने और चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट जारी है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, इस हफ्ते सोने के दाम में ₹670 की कमी दर्ज की गई है। 31 अक्टूबर को सोना ₹1,20,770 प्रति 10 ग्राम था, जो अब घटकर ₹1,20,100 रह गया है। यह लगातार तीसरा हफ्ता है जब सोने की कीमत में गिरावट आई है। वहीं, चांदी के भाव में भी ₹850 की गिरावट देखी गई है और यह अब ₹1,48,275 प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है। दिल्ली के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोने की कीमत 100 रुपये घटकर ₹1,24,000 प्रति 10 ग्राम पर आ गई, जबकि चांदी ₹1,53,300 प्रति किलो पर स्थिर रही। मुंबई, चेन्नई और कोलकाता में 24 कैरेट सोने का भाव ₹1,22,580 प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट का ₹1,12,360 है। विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिका में जारी आर्थिक अनिश्चितता और शेयर बाजारों में संभावित एआई की चिंता के बीच निवेशक सोने को सुरक्षित विकल्प मान रहे हैं। हालांकि, डॉलर की कमजोरी और वैश्विक बाजार की अस्थिरता के कारण आने वाले दिनों में कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। READ MORE: ‘जूटोपिया 2’ में श्रद्धा कपूर देंगी जुडी हॉप्स को अपनी आवाज, डिज्नी इंडिया ने किया ऐलान

‘जूटोपिया 2’ में श्रद्धा कपूर देंगी जुडी हॉप्स को अपनी आवाज, डिज्नी इंडिया ने किया ऐलान

श्रद्धा कपूर

श्रद्धा कपूर अब अपनी एक्टिंग के साथ-साथ अपनी आवाज से भी फैंस का दिल जीतने वाली हैं। वो डिज्नी की मशहूर एनिमेटेड फिल्म ‘जूटोपिया 2’ के हिंदी वर्जन में मुख्य किरदार जुडी हॉप्स को अपनी आवाज देंगी। यह फिल्म भारत में 28 नवंबर को हिंदी, तमिल, तेलुगु और अंग्रेजी में रिलीज होगी, जबकि अमेरिका में यह दो दिन पहले 26 नवंबर को रिलीज होगी। View this post on Instagram A post shared by Shraddha ✶ (@shraddhakapoor) डिज्नी इंडिया ने श्रद्धा का पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, “मैं #Zootopia2 परिवार का हिस्सा बनकर बहुत खुश हूं। हिंदी में जूडी हॉप्स को अपनी आवाज देने के लिए एक्साइटेड हूं।” श्रद्धा के इस ऐलान के बाद सोशल मीडिया पर फैंस बेहद उत्साहित हैं। इवेंट के दौरान श्रद्धा ने बताया, “जूडी का किरदार मुझसे काफी मिलता-जुलता है। वह समझदार, पॉजिटिव और हमेशा एनर्जेटिक रहती है। उसे आवाज देना एक बहुत ही मजेदार अनुभव रहा।” उन्होंने कहा कि एनिमेटेड किरदार को आवाज देने के लिए अपनी आवाज को भावनाओं के अनुसार बदलना पड़ता है। श्रद्धा की मीठी और जीवंत आवाज के साथ जूडी हॉप्स का किरदार और भी खास नजर आएगा। ‘जूटोपिया 2’ को जेरेड बुश और बायरन हॉवर्ड ने डायरेक्ट किया है। यह 2016 की सुपरहिट एनिमेटेड फिल्म ‘जूटोपिया’ का सीक्वल है, जिसका दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। READ MORE: एम्स भोपाल में बनेगा मध्यप्रदेश का पहला सेंट्रलाइज्ड कैंसर ब्लॉक, 2026 से शुरू होगा इलाज

AIIMS Bhopal: एम्स भोपाल में बनेगा मध्यप्रदेश का पहला सेंट्रलाइज्ड कैंसर ब्लॉक, 2026 से शुरू होगा इलाज

AIIMS Bhopal

AIIMS Bhopal: मध्यप्रदेश में कैंसर मरीजों के लिए राहत की बड़ी खबर है। एम्स भोपाल में राज्य का पहला सेंट्रलाइज्ड कैंसर ब्लॉक तैयार किया जा रहा है, जो 2026 तक शुरू हो जाएगा। इस ब्लॉक में मरीजों को जांच से लेकर इलाज तक की सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर मिलेंगी। अभी तक कैंसर मरीजों को एम्स के अलग-अलग विभागों में भटकना पड़ता था, लेकिन नए ब्लॉक में कीमोथेरेपी, रेडिएशन थेरेपी, सर्जरी, टारगेट थेरेपी, मेंटल हेल्थ काउंसलिंग और स्टेम सेल ट्रीटमेंट जैसी सभी सेवाएं एक छत के नीचे मिलेंगी। यहां गंभीर मरीजों के लिए प्रेफरेंस सिस्टम भी बनाया जाएगा, ताकि उनकी स्थिति के अनुसार तत्काल इलाज हो सके। साथ ही, एक स्मार्ट स्क्रीनिंग सिस्टम तैयार किया जा रहा है, जिससे मरीजों की जांच और इलाज की प्राथमिकता तय की जाएगी। एम्स के अनुसार, हर साल करीब 36 हजार कैंसर मरीज इलाज के लिए आते हैं, जिनमें 60% अन्य जिलों से होते हैं। एम्स भोपाल के कार्यकारी निदेशक डॉ. माधवानंद कर ने बताया कि नया ब्लॉक प्रदेश में कैंसर इलाज की दिशा बदल देगा। इसमें गामा नाइफ और पीईटी-सीटी स्कैन जैसी एडवांस सुविधाएं भी होंगी, जिससे मरीजों को बेहतर और समय पर उपचार मिल सकेगा। READ MORE: अफगानिस्तान-पाकिस्तान शांति वार्ता फिर विफल; सीमा पार आतंक पर नहीं बनी बात

Afghanistan-Pakistan Peace Talk: अफगानिस्तान-पाकिस्तान शांति वार्ता फिर विफल; सीमा पार आतंक पर नहीं बनी बात

Afghanistan-Pakistan Peace Talk

Afghanistan-Pakistan Peace Talk: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तीसरे दौर की शांति वार्ता एक बार फिर नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। दोनों देशों के बीच सीमा पार आतंकवाद पर कार्रवाई को लेकर मतभेद कायम रहे। पाकिस्तान की ओर से रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने बताया कि वार्ता में कोई लिखित समझौता नहीं हो सका और फिलहाल चौथे दौर की कोई योजना नहीं हैं। यह दो दिवसीय वार्ता तुर्किये के इस्तांबुल में कतर की मध्यस्थता में हुई थी। पाकिस्तान ने अफगान तालिबान से मांग की थी कि वे तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के आतंकियों के खिलाफ सख्त कदम उठाएं, जो अफगानिस्तान से पाकिस्तान पर हमले कर रहे हैं। अफगानिस्तान सरकार ने बातचीत विफल होने की जिम्मेदारी पाकिस्तान पर डाली। तालिबान प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि पाकिस्तान का रवैया गैर-जिम्मेदाराना था और उसकी शर्तें व्यावहारिक नहीं थी। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर पाकिस्तान ने हमला किया, तो अफगानिस्तान जवाब देगा। वहीं पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने कहा कि अफगान पक्ष सिर्फ मौखिक भरोसा देना चाहता था, लेकिन अंतरराष्ट्रीय वार्ताओं में लिखित आश्वासन जरूरी होता है। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उसकी जमीन का इस्तेमाल पाकिस्तान के खिलाफ आतंकवाद के लिए न हो। इससे पहले दो दौर की वार्ताएं भी नतीजाविहीन रही। पहली बैठक 29 अक्टूबर को दोहा में और दूसरी 25 अक्टूबर को इस्तांबुल में हुई थी। लगातार असफल रही इन बैठकों से दोनों देशों के रिश्तों में तनाव और बढ़ गया है। READ MORE: अमित शाह ने आरजेडी पर हमला – कहा, लालू राज में लूट-हत्या की इंडस्ट्री चलती थी