Dharmendra Health Update: ईशा देओल बोली- पापा धर्मेंद्र ठीक हैं, निधन की खबरें झूठी

Dharmendra Health Update: बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र (89) की हालत को लेकर फैली अफवाहों पर उनकी बेटी ईशा देओल ने सच्चाई बताई है। ईशा ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा, “मीडिया में चल रही निधन की खबरें पूरी तरह गलत हैं। पापा की हालत स्थिर है और वे धीरे-धीरे रिकवर कर रहे हैं। हम सभी से निवेदन करते हैं कि हमारे परिवार की प्राइवेसी का सम्मान करें और पापा की जल्दी सेहतमंदी के लिए दुआ करें।” अस्पताल में धर्मेंद्र की देखभाल डॉक्टरों की एक विशेष टीम कर रही है। देओल परिवार के करीबी सूत्रों ने बताया कि उनकी बेटियों को भी विदेश से मुंबई बुला लिया गया है। सोमवार रात सनी देओल, बॉबी देओल और हेमा मालिनी अस्पताल पहुंचे। बॉबी फिल्म अल्फा की शूटिंग बीच में छोड़कर मुंबई लौटे। शाहरुख खान, सलमान खान समेत कई बॉलीवुड सितारे भी देर रात धर्मेंद्र से मिलने अस्पताल पहुंचे। सनी देओल की टीम ने बयान जारी कर बताया कि धर्मेंद्र की हालत फिलहाल स्थिर है और वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं। टीम ने लोगों से अफवाहें न फैलाने और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करने की अपील की। हेमा मालिनी ने भी सोशल मीडिया पर लिखा, “डॉक्टर धर्मेंद्र जी की अच्छी देखभाल कर रहे हैं, परिवार उनके साथ है। कृपया उनकी जल्दी सेहतमंदी के लिए दुआ करें।” इस बीच, धर्मेंद्र के फैंस देशभर में उनकी सलामती के लिए प्रार्थना और हवन कर रहे हैं। READ MORE: एक्टर धर्मेंद्र की तबीयत बिगड़ी, वेंटिलेटर पर शिफ्ट किए गए – परिवार पहुंचा अस्पताल
Bihar Election Second Phase: बिहार चुनाव के दूसरे चरण में 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान शुरू, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

Bihar Election Second Phase: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए मंगलवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है। इस चरण में 20 जिलों की 122 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। कुल 1302 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 12 मंत्री भी शामिल हैं। 3.70 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। बेतिया से बीजेपी सांसद संजय जायसवाल और काराकाट से निर्दलीय प्रत्याशी पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने वोट डालकर मतदान की शुरुआत की। उन्होंने अपनी जीत को लेकर भरोसा जताया। राज्य भर में 45,399 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 4,109 को संवेदनशील घोषित किया गया है। संवेदनशील बूथों पर शाम 4 बजे तक और अन्य जगहों पर शाम 6 बजे तक वोटिंग होगी। दिल्ली के लाल किला ब्लास्ट के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। बिहार पुलिस और केंद्रीय बलों ने सीमावर्ती इलाकों खासकर भारत-नेपाल सीमा पर निगरानी बढ़ा दी है। बॉर्डर 11 नवंबर की रात तक सील रहेगा। डीजीपी विनय कुमार ने बताया कि चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल में कराने के लिए पूरी तैयारी की गई है। लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। READ MORE: अमृतपाल सिंह की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई से किया इनकार, कहा- हाईकोर्ट जाएं
Delhi Blast: दिल्ली ब्लास्ट का पुलवामा कनेक्शन सामने आया, कार तारिक के नाम पर थी; 9 की मौत, 24 घायल

Delhi Blast: दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए धमाके की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जिस कार में सोमवार शाम (10 नवंबर 2025) को विस्फोट हुआ, वह जम्मू-कश्मीर के पुलवामा के रहने वाले तारिक नाम के व्यक्ति को बेची गई थी। यह जानकारी पुलिस जांच में सामने आई है। धमाका शाम 6:52 बजे हुआ था, जिसमें 2 महिलाओं समेत 9 लोगों की मौत हो गई और 24 घायल हुए। हादसे में कई गाड़ियां और ई-रिक्शा जल गए। धमाके की आवाज एक किलोमीटर तक सुनी गई। कार में तीन लोग सवार थे। पुलिस ने बताया कि यह कार पहले गुरुग्राम निवासी सलमान के नाम पर रजिस्टर्ड थी। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि कार की बिक्री में फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल हुआ था। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एलएनजेपी अस्पताल और घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने कहा कि एनआईए, एनएसजी और दिल्ली पुलिस की टीमें हर एंगल से जांच कर रही हैं। फिलहाल, आरडीएक्स के कोई सबूत नहीं मिले हैं। धमाके के बाद दिल्ली-एनसीआर, मुंबई और यूपी में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सीआईएसएफ ने मेट्रो, सरकारी इमारतों और एयरपोर्ट की सुरक्षा बढ़ा दी है। राजधानी में 14 साल बाद ऐसा बड़ा धमाका हुआ है। READ MORE: एक्टर धर्मेंद्र की तबीयत बिगड़ी, वेंटिलेटर पर शिफ्ट किए गए – परिवार पहुंचा अस्पताल
Delhi Blast: लाल किले के पास कार में धमाका, 9 की मौत, कई घायल; दिल्ली में हाई अलर्ट

Delhi Blast: दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार शाम एक जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। यह धमाका शाम करीब 6:52 बजे एक खड़ी कार में हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि चार किलोमीटर दूर तक इसकी आवाज सुनी गई। धमाके के बाद आग की लपटें और धुआं चारों ओर फैल गया। Scary Visuals from Redfort Delhi..🚨Is it really car blast ? Or was it conspiracy against Sanatan Hindu ekta Pad Yatra??Hope truth will be revealed soon. pic.twitter.com/VfNUjVO3xf — Ravi Tiwari🇮🇳 (@Ravitiwariii_) November 10, 2025 दमकल विभाग की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। लोक नायक अस्पताल (LNGP) में 28 लोगों को भर्ती कराया गया, जिनमें से 9 की मौत हो चुकी है। तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास खड़ी गाड़ियों के शीशे टूट गए और कई दुकानों में नुकसान हुआ। कई लोगों ने इसे पहले भूकंप या गैस विस्फोट समझा। हादसे के बाद पुरानी दिल्ली, दरियागंज और चांदनी चौक जैसे इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है। लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 और 4 को बंद कर दिया गया है। एनआईए और एनएसजी की टीमें जांच में जुटी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने घटना की जानकारी ली है। दिल्ली, मुंबई, यूपी और हरियाणा में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है कि धमाका हादसा था या साजिश। READ MORE: अमेरिका में 23 साल की भारतीय छात्रा की खांसी और सीने में दर्द से मौत, परिवार ने शुरू किया फंडरेजर
बिहार चुनाव 2025: दूसरे चरण की 122 सीटों पर कल वोटिंग, चार लाख से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात

बिहार चुनाव 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे और अंतिम चरण की वोटिंग मंगलवार, 11 नवंबर को होगी। इस चरण में 122 सीटों पर 1302 उम्मीदवार मैदान में हैं। चुनाव आयोग ने पूरे राज्य में 45,399 मतदान केंद्र बनाए हैं, जिनमें से 40,000 से ज्यादा ग्रामीण इलाकों में हैं। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। चुनाव के दौरान निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए चार लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। इनमें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की 1000 कंपनियां, बिहार पुलिस के 60,000 से अधिक जवान, 30,000 विशेष सशस्त्र पुलिस कर्मी, 20,000 होमगार्ड और 19,000 प्रशिक्षणरत सिपाही शामिल हैं। इसके अलावा अन्य राज्यों से आई रिजर्व बटालियन के करीब 2,000 जवान भी चुनाव ड्यूटी में हैं। इमामगंज के तीन गांव हेरहज, पथरा और केवलडीह में 25 साल बाद वोटिंग होगी। नक्सल प्रभाव के कारण इन इलाकों के लोग 2001 के बाद से अपने गांव में मतदान नहीं कर पाए थे। पहले चरण में बिहार में रिकॉर्ड 65% वोटिंग हुई थी। दूसरे चरण की वोटिंग के बाद मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी, जिसके बाद बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे घोषित किए जाएंगे। READ MORE: अमेरिका में 23 साल की भारतीय छात्रा की खांसी और सीने में दर्द से मौत, परिवार ने शुरू किया फंडरेजर
US: अमेरिका में 23 साल की भारतीय छात्रा की खांसी और सीने में दर्द से मौत, परिवार ने शुरू किया फंडरेजर

US: अमेरिका में पढ़ाई कर रही 23 साल की भारतीय छात्रा राज्यलक्ष्मी यार्लागड्डा (राजी) की अचानक मौत हो गई। आंध्र प्रदेश के बापटल जिले के करमचेडु गांव की रहने वाली राजी ने हाल ही में टेक्सास A&M यूनिवर्सिटी, कॉर्पस क्रिस्टी से कंप्यूटर साइंस में मास्टर की डिग्री हासिल की थी और नौकरी की तलाश कर रही थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजी पिछले कुछ दिनों से खांसी और सीने में दर्द की समस्या से परेशान थी। 7 नवंबर की सुबह उनके रूममेट्स ने उन्हें कमरे में बेहोश पाया, जिसके बाद उनकी मौत की पुष्टि हुई। हालांकि, अब तक मौत के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। अमेरिकी अधिकारियों ने पोस्टमॉर्टम जांच शुरू कर दी है। राजी के चचेरे भाई चैतन्य वाईवीके ने गोफंडमी (GoFundMe) पर एक अभियान शुरू किया है, ताकि उनका पार्थिव शरीर भारत लाया जा सके और परिवार की आर्थिक मदद हो सके। उन्होंने बताया कि राजी अपने माता-पिता को बेहतर जीवन देना चाहती थी और अपने छोटे से खेत में मदद करने का सपना देखती थी। इस फंडरेजर के जरिए 1,25,000 अमेरिकी डॉलर (करीब 1 करोड़ रुपये) जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। परिवार और दोस्त इस दुखद घटना से गहरे सदमे में हैं। READ MORE: एक्टर धर्मेंद्र की तबीयत बिगड़ी, वेंटिलेटर पर शिफ्ट किए गए – परिवार पहुंचा अस्पताल
Dharmendra Hospitalized: एक्टर धर्मेंद्र की तबीयत बिगड़ी, वेंटिलेटर पर शिफ्ट किए गए – परिवार पहुंचा अस्पताल

Dharmendra Hospitalized: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। 89 वर्षीय धर्मेंद्र को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिछले कई दिनों से वे आईसीयू में हैं और अब उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, आज सुबह उनकी तबीयत और ज्यादा खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर शिफ्ट किया गया। हालांकि, परिवार या अस्पताल की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र उम्र संबंधी दिक्कतों से जूझ रहे हैं। इससे पहले उनकी पत्नी और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने 3 नवंबर को बताया था कि धर्मेंद्र अब ठीक हैं। धर्मेंद्र ने इसी साल अप्रैल में आंखों की सर्जरी करवाई थी। उन्हें कॉर्निया ट्रांसप्लांट और मोतियाबिंद की समस्या थी। तब उन्होंने कहा था, मुझमें अभी भी बहुत दम है। धर्मेंद्र ने अपने लंबे करियर में शोले, चुपके चुपके, प्रतिज्ञा, अपने जैसी कई हिट फिल्में दी हैं। हाल ही में वे शाहिद कपूर और कृति सेनन की फिल्म ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ में नजर आए थे। जल्द ही वे फिल्म इक्कीस और अपने 2 में दिखाई देंगे। फैंस सोशल मीडिया पर अपने पसंदीदा हीरो के जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं। READ MORE: अमृतपाल सिंह की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई से किया इनकार, कहा– हाईकोर्ट जाएं
Supreme Court: अमृतपाल सिंह की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई से किया इनकार, कहा- हाईकोर्ट जाएं

Supreme Court: ‘वारिस पंजाब दे’ संगठन के प्रमुख और खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह को सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिली है। सोमवार, 10 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने उनकी याचिका पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया। अमृतपाल ने अपनी एनएसए (राष्ट्रीय सुरक्षा कानून) के तहत की गई हिरासत को चुनौती दी थी। जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस एनवी अंजारिया की बेंच ने कहा कि अमृतपाल अपनी याचिका पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में दाखिल करें। कोर्ट ने हाईकोर्ट को निर्देश दिया कि वह इस याचिका पर छह हफ्ते के भीतर फैसला सुनाए। अमृतपाल सिंह के वकील कॉलिन गोंजाल्विस ने दलील दी कि उनके मुवक्किल को ढाई साल से हिरासत में रखा गया है और जिस एफआईआर पर कार्रवाई हुई थी, उसकी चार्जशीट भी दाखिल हो चुकी है। उन्होंने कोर्ट से तुरंत सुनवाई की मांग की, लेकिन अदालत ने इसे हाईकोर्ट को भेज दिया। अमृतपाल सिंह और उनके नौ सहयोगी वर्तमान में असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं। कोर्ट ने कहा कि लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के मामले से यह केस अलग है, क्योंकि परिस्थितियां भिन्न हैं। सुप्रीम कोर्ट ने साफ किया कि फिलहाल इस मामले पर कोई सुनवाई नहीं होगी। READ MORE: रीवा से दिल्ली हवाई सेवा की शुरुआत: पीएम मोदी ने दी बधाई, सीएम बोले- अब रीवा से दिल्ली सिर्फ तीन घंटे में
Rewa to Delhi Flight: रीवा से दिल्ली हवाई सेवा की शुरुआत: पीएम मोदी ने दी बधाई, सीएम बोले- अब रीवा से दिल्ली सिर्फ तीन घंटे में

Rewa to Delhi Flight: मध्यप्रदेश के विंध्य क्षेत्र को आज बड़ी सौगात मिली है। रीवा और दिल्ली के बीच 72 सीटर विमान सेवा की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल से वर्चुअली इस हवाई सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी रीवा और प्रदेशवासियों को बधाई संदेश भेजा। पीएम मोदी ने कहा कि रीवा अपने ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक वैभव के लिए जाना जाता है। अब हवाई संपर्क से यह क्षेत्र नई ऊंचाइयों को छूएगा और यह उड़ान विंध्य क्षेत्र के विकास का नया अध्याय बनेगी। सीएम मोहन यादव ने कहा कि पहले रीवा तक रेल से पहुंचना भी मुश्किल था, लेकिन अब यहां से दिल्ली और इंदौर दोनों के लिए हवाई सुविधा शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि अब रीवा से दिल्ली की दूरी सिर्फ तीन घंटे में पूरी हो जाएगी। डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने बताया कि यह सेवा राज्य सरकार की पहल से शुरू हुई है। इससे मैहर, चित्रकूट जैसे तीर्थ स्थलों की यात्रा आसान होगी। उड़ान योजना के तहत शुरू हुई यह हवाई सेवा क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर खोलेगी। इससे पहले रीवा एयरपोर्ट का लोकार्पण एक साल पहले हुआ था, और अब यहां से पहली बार हवाई उड़ान शुरू हुई है। READ MORE: शादी सीजन से पहले सोने-चांदी के दाम में जोरदार बढ़त: सोना ₹1.22 लाख और चांदी ₹1.51 लाख के पार पहुंची
Gold Silver Price: शादी सीजन से पहले सोने-चांदी के दाम में जोरदार बढ़त; सोना ₹1.22 लाख और चांदी ₹1.51 लाख के पार पहुंची

Gold Silver Price: शादी के सीजन की शुरुआत से पहले सोने और चांदी के दामों में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 10 नवंबर को 10 ग्राम सोना ₹1,987 बढ़कर ₹1,22,087 पर पहुंच गया है। इससे पहले इसकी कीमत ₹1,20,100 प्रति 10 ग्राम थी। इसी तरह चांदी ₹2,700 की बढ़त के साथ ₹1,50,975 प्रति किलो पर बिक रही है। इस साल अब तक सोना ₹45,925 महंगा हो चुका है। वहीं, 17 अक्टूबर को सोना ₹1,30,874 और 14 अक्टूबर को चांदी ₹1,78,100 प्रति किलो के ऑल टाइम हाई पर पहुंची थी। घरेलू फ्यूचर मार्केट (MCX) में भी सोने-चांदी के दामों में तेजी है। 5 दिसंबर एक्सपायरी वाला गोल्ड फ्यूचर ₹1,22,475 प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रहा है, जो पिछले दिन की तुलना में लगभग ₹1,400 ज्यादा है। वहीं, चांदी ₹1,50,470 प्रति किलो पर कारोबार कर रही है। विशेषज्ञों के अनुसार, शादी के सीजन के चलते सोने-चांदी की मांग बढ़ रही है, जिससे कीमतों में उछाल आया है। READ MORE: मध्यप्रदेश में ठंड ने तोड़ा रिकॉर्ड; भोपाल-इंदौर में 10 साल की सबसे कड़ी सर्दी, 20 जिलों में शीतलहर अलर्ट