Bihar Election Result 2025: बिहार में NDA का दबदबा; नीतीश कुमार 10वीं बार CM बनने को तैयार; महागठबंधन रह गया पीछे

Bihar Election Result 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे साफ होने लगे हैं। 243 सीटों के रुझानों में NDA ने शानदार बढ़त बनाई है। वर्तमान रुझानों के अनुसार NDA 196 सीटों पर आगे है, जबकि महागठबंधन केवल 41 सीटों पर लीड कर रहा है। 2020 के मुकाबले इस बार NDA को लगभग 65 सीटों का फायदा हुआ है। जदयू इस बार 75+ सीटों पर आगे है और BJP 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर रही है। महागठबंधन में राजद 32 और कांग्रेस केवल 4 सीटों पर आगे है। प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज कोई सफलता नहीं हासिल कर पाई। बड़े नेताओं की बात करें तो तेजस्वी यादव राघोपुर से आगे चल रहे हैं, जबकि उनके भाई तेजप्रताप महुआ से पीछे हैं। सम्राट चौधरी तारापुर से लीड कर रहे हैं। अन्य पांच सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों की बढ़त है। इस बार बिहार में 2 चरणों में 67.10% वोटिंग हुई, जो 2020 से लगभग 10% अधिक है। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि NDA की जीत अप्रत्याशित नहीं है और नीतीश कुमार फिर से मुख्यमंत्री बनेंगे। पटना स्थित जदयू कार्यालय के बाहर समर्थक जश्न मना रहे हैं। इस तरह बिहार में मोदी-नीतीश की जोड़ी ने फिर से सत्ता पर कब्जा कर लिया है। READ MORE: धर्मेंद्र की तबीयत में सुधार, वीडियो लीक करने वाला हॉस्पिटल स्टाफ गिरफ्तार
Weather Update: नवंबर में रिकॉर्डतोड़ ठंड; शिवपुरी 8 डिग्री पर, भोपाल-इंदौर में पारा 10 से नीचे

Weather Update: मध्यप्रदेश में इस साल नवंबर में ही कड़ाके की ठंड ने कई सालों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। गुरुवार-शुक्रवार की रात शिवपुरी सबसे ठंडा रहा, जहां तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। वहीं, भोपाल में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री और इंदौर में 8.2 डिग्री दर्ज किया गया। पिछले सात दिनों से भोपाल में पारा लगातार 9 डिग्री से कम बना हुआ है। अन्य शहरों की बात करें तो जबलपुर में 9.4 डिग्री, ग्वालियर में 10.5 डिग्री, उज्जैन में 11.8 डिग्री, जबकि राजगढ़, नौगांव और उमरिया में तापमान 8 डिग्री के आसपास रहा। इंदौर और राजगढ़ में तीव्र शीतलहर चल रही है, जबकि सीहोर, शाजापुर और रीवा में भी ठंड बढ़ गई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तर भारत में हो रही भारी बर्फबारी का सीधा असर मध्यप्रदेश पर पड़ रहा है। हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ इस बार एक सप्ताह पहले सक्रिय हो गया, जिससे जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल में बर्फबारी बढ़ी और ठंडी हवाएँ एमपी तक पहुंच गईं। ठंड के कारण डिंडौरी में स्कूलों का समय बदलकर सुबह 8:30 बजे कर दिया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान और गिर सकता है। इस बार नवंबर में ही भोपाल और इंदौर में पारा 25 साल के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है। READ MORE: 10/11 हमले के मास्टरमाइंड का घर सुरक्षाबलों ने किया तबाह; विस्फोटक से भरी कार में आतंकी उमर की मौत
Dharmendra: धर्मेंद्र की तबीयत में सुधार, वीडियो लीक करने वाला हॉस्पिटल स्टाफ गिरफ्तार

Dharmendra: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की तबीयत अब बेहतर है। उन्हें 12 नवंबर को मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल से डिस्चार्ज कर दिया गया था और उनका इलाज घर पर जारी है। इस बीच हॉस्पिटल से उनका प्राइवेट वीडियो लीक करने के मामले में एक स्टाफ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था, जिसमें धर्मेंद्र वेंटिलेटर पर नजर आए थे और उनका परिवार भावुक दिखा था। रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने जांच के बाद पता लगाया कि वीडियो अस्पताल के ही एक कर्मचारी ने बनाया था। इसके बाद उसे गुरुवार शाम गिरफ्तार कर लिया गया। अभिनेता सोनू सूद ने धर्मेंद्र के जल्द ठीक होने की दुआ की और कहा कि ऐसे वक्त में किसी की प्राइवेसी की इज्जत करना बहुत जरूरी है। उन्होंने बताया कि लोगों को यह समझना चाहिए कि संवेदनशील समय में वीडियो बनाना गलत है। इस घटना के बाद अमिताभ बच्चन ने भी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर लिखा कि आजकल लोगों में एथिक्स की कमी दिख रही है। वहीं, IFTDA के प्रेसिडेंट अशोक पंडित ने भी इस मामले पर नाराजगी जताई और कुछ पैपराजी पर असंवेदनशील कवरेज का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। READ MORE: 10/11 हमले के मास्टरमाइंड का घर सुरक्षाबलों ने IED से किया तबाह; विस्फोटक से भरी कार में आतंकी उमर मारा गया
Delhi Blast: 10/11 हमले के मास्टरमाइंड का घर सुरक्षाबलों ने किया तबाह; विस्फोटक से भरी कार में आतंकी उमर की मौत

Delhi Blast: दिल्ली के लाला किले के पास हुए धमाके की जांच जारी है, इस बीच सुरक्षाबलों ने बड़ी कार्यवाही करते हुए आतंकी उमर का घर तबाह कर दिया है। उमर जम्मू कश्मीर के पुलवामा का रहने वाला था, उसने जैश-ए-मोहम्मद के साथ मिल कर 26/11 जैसा हमला करने की साजिश रची थी। पूछताछ के दौरान उमर की मां ने बताया कि उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि उनका बेटा आतंकवाद के रास्ते पर निकल गया है। साथ ही बताया कि कई-कई दिनों तक उनकी उमर से बात नहीं होती थी। दिल्ली में कार ब्लास्ट करने से पहले भी उमर ने परिवार को फोन ना करने के लिए कहा था। दिल्ली में सोमवार को हुए धमाके में अब तक 13 लोगों की जान गई है। जिनमें उमर भी शामिल है, बीते दिन DNA रिपोर्ट में इस बात कि पुष्टि हुई। जांच में शामिल आया है कि उमर जैश-ए-मोहम्मद के साथ मिलकर पिछले 2 सालों से इस धमाके की योजना बना रहा था। उमर की मां और भाई को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। दिल्ली ब्लास्ट से पहले पुलिस ने वाइट कॉलर मॉड्यूल से जुड़े कई आतंकीयों को गिरफ्तार कर 2900 किलो विस्फोटक वरामाद किया था। पुलिस फिलहाल उमर के साथीयों से पूछताछ कर रही है, जिससे पता लगाया जा सके कि कब और किन जगहों पर धमाका करने की साजिश रची जा रही थी। READ MORE: पूर्व पीएम नेहरू की 125वीं जयंती; पीएम मोदी, सोनिया गांधी और खरगे ने शांतिवन में दी श्रद्धांजलि
Jawaharlal Nehru: पूर्व पीएम नेहरू की 125वीं जयंती; पीएम मोदी, सोनिया गांधी और खरगे ने शांतिवन में दी श्रद्धांजलि

Jawaharlal Nehru: जवाहरलाल नेहरू की 125वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा कि स्वतंत्र भारत के पहले प्रधानमंत्री नेहरू को उनकी जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि। हर साल 14 नवंबर को नेहरू की जयंती बाल दिवस के रूप में मनाई जाती है। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने अपने दूरदर्शी और निडर नेतृत्व से स्वतंत्र भारत में संवैधानिक और लोकतांत्रिक मूल्यों की नींव रखी और देश को एक नई दिशा प्रदान की। उनके आदर्श और मूल्य आज भी हमारे लिए प्रेरणास्रोत हैं। 'हिंद के जवाहर' को जयंती पर सादर नमन। pic.twitter.com/rwZZTD47e4 — Rahul Gandhi (@RahulGandhi) November 14, 2025 सोनिया गांधी और खरगे शुक्रवार सुबह शांतिवन पहुंचे और वहां नेहरू को नमन किया। खरगे ने कहा कि नेहरू की सोच और उनकी दूरदर्शिता आज भी देश को दिशा देती है। उन्होंने लिखा कि नेहरू की विरासत लोकतंत्र, स्वतंत्रता, धर्मनिरपेक्षता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण की पहचान है। नेहरू का जन्म 14 नवंबर 1889 को इलाहाबाद में हुआ था। वे स्वतंत्रता आंदोलन के प्रमुख नेता रहे और आजाद भारत के पहले प्रधानमंत्री बने। देश को आधुनिक बनाने, शिक्षा और वैज्ञानिक संस्थानों की स्थापना तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने में उनका बड़ा योगदान रहा। 27 मई 1964 को उनके निधन के बाद भी देश उन्हें बच्चों के प्रिय ‘चाचा नेहरू’ और आधुनिक भारत के निर्माता के रूप में याद करता है। READ MORE: बिहार चुनाव 2025; शुरुआती रुझानों में एनडीए को बढ़त, महागठबंधन पीछे
Bihar Elections Result 2025: शुरुआती रुझानों में एनडीए को बढ़त, महागठबंधन पीछे; जनसुराज 2 सीटों पर आगे

Bihar Elections Result 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना जारी है और शुरुआती रुझानों में एनडीए को स्पष्ट बढ़त मिलती दिखाई दे रही है। कुल 243 सीटों में से लगभग 140 सीटों पर एनडीए आगे चल रहा है, जबकि महागठबंधन करीब 100 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज भी 2–3 सीटों पर आगे दिखाई दे रही है। राघोपुर सीट से तेजस्वी यादव एनडीए उम्मीदवार सतीश यादव से आगे चल रहे हैं, जबकि उनके भाई तेजप्रताप यादव महुआ से बढ़त बनाए हुए हैं। दूसरी ओर एनडीए के कई बड़े चेहरे भी पीछे चल रहे हैं। चनपटिया सीट पर जनसुराज के मनीष कश्यप पिछड़ गए हैं और बीजेपी के उमाकांत सिंह आगे हैं। काउंटिंग के लिए 38 जिलों में 46 केंद्र बनाए गए हैं। हर केंद्र पर 14 ईवीएम की गिनती एक राउंड में की जा रही है। सुरक्षा की दृष्टि से काउंटिंग सेंटरों के बाहर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पटना में सीएम हाउस की सुरक्षा भी बढ़ाई गई है। इस बार दो चरणों में हुए चुनाव में 67% से ज्यादा मतदान हुआ, जो रिकॉर्ड है। एनडीए नेताओं का कहना है कि जनता ने मोदी और नीतीश कुमार पर भरोसा जताया है, जबकि महागठबंधन का कहना है कि अभी रुझानों पर टिप्पणी करना सही नहीं होगा। सीटों की अंतिम तस्वीर दोपहर तक साफ होने की उम्मीद है। पूरे राज्य में माहौल बेहद उत्सुकता भरा है और सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि बिहार में सत्ता किसके हाथ में जाएगी। READ MORE: अमेरिका में 43 दिन बाद खत्म हुआ इतिहास का सबसे लंबा शटडाउन, ट्रंप ने फंडिंग बिल पर किए हस्ताक्षर
दिल्ली ब्लास्ट को सरकार ने माना आतंकी हमला: जैश मॉड्यूल से जुड़ा डॉक्टर उमर निकला मास्टरमाइंड, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

दिल्ली के लाल किले के पास हुए धमाके को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा बयान दिया है। बुधवार को कैबिनेट बैठक में सरकार ने इस घटना को आतंकी हमला करार दिया। सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस जघन्य अपराध में शामिल दोषियों और उनके सहयोगियों को जल्द से जल्द सजा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल ने आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति दोहराई है। सरकार हर नागरिक की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री आवास पर हुई सुरक्षा बैठक में गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और एनएसए अजित डोभाल ने जांच एजेंसियों की रिपोर्ट और आगे की रणनीति पर चर्चा की। READ MORE: मुंबई से वाराणसी जा रही फ्लाइट को बम की धमकी, इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई; 182 यात्री सुरक्षित, एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट जांच में पता चला है कि पुलवामा का रहने वाला डॉक्टर उमर नबी इस धमाके का मास्टरमाइंड था। डीएनए रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि कार में वही मौजूद था। उमर जैश-ए-मोहम्मद के मॉड्यूल से जुड़ा था और वह 6 दिसंबर को 26/11 जैसे हमले की साजिश रच रहा था। पुलिस ने बताया कि धमाके में 13 लोगों की मौत हुई और 25 से ज्यादा लोग घायल हैं। इस हमले में दूसरी लाल रंग की कार (फोर्ड इकोस्पोर्ट) भी शामिल थी, जिसे हरियाणा के खंदावली गांव से बरामद किया गया। कार उमर के नाम पर रजिस्टर्ड है और FSL व NSG की टीमें इसकी जांच कर रही हैं। सरकार ने साफ किया है कि आतंकवाद के खिलाफ देश की कार्रवाई अब और तेज़ होगी। READ MORE: दिल्ली की हवा पर संकट; सुप्रीम कोर्ट ने पंजाब-हरियाणा से मांगी रिपोर्ट, कहा – कागज नहीं, जमीन पर दिखे कार्रवाई
US Shutdown: अमेरिका में 43 दिन बाद खत्म हुआ इतिहास का सबसे लंबा शटडाउन, ट्रंप ने फंडिंग बिल पर किए हस्ताक्षर

US Shutdown: अमेरिका में 43 दिन तक चला इतिहास का सबसे लंबा सरकारी शटडाउन आखिरकार खत्म हो गया है। बुधवार को अमेरिकी कांग्रेस ने शटडाउन खत्म करने वाला फंडिंग बिल पास किया, जिस पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हस्ताक्षर कर दिए। इसके साथ ही अब संघीय कर्मचारी दोबारा अपनी नौकरियों पर लौट सकेंगे। प्रतिनिधि सदन में यह बिल 222-209 वोटों से पास हुआ। सीनेट पहले ही इसे मंजूरी दे चुकी थी। ट्रंप ने इसे अपनी बड़ी जीत बताया। शटडाउन का मुख्य कारण ओबामाकेयर यानी हेल्थकेयर प्रोग्राम के टैक्स क्रेडिट्स को बढ़ाने को लेकर रिपब्लिकन और डेमोक्रेट्स के बीच मतभेद था। आखिरकार समझौते में डेमोक्रेट्स को झुकना पड़ा। समझौते के तहत अब सरकार 31 जनवरी 2026 तक सुचारु रूप से काम करती रहेगी। साथ ही संघीय कर्मचारियों को नौकरी से निकाले जाने के फैसले वापस लिए गए हैं और वेतन की गारंटी दी गई है। डेमोक्रेटिक नेताओं ने कहा कि वे आम अमेरिकियों के लिए स्वास्थ्य बीमा सस्ता करने की लड़ाई जारी रखेंगे। हकीम जेफ्रीज ने कहा, “यह लड़ाई खत्म नहीं हुई है, हम तब तक संघर्ष करेंगे जब तक हर अमेरिकी को सस्ती स्वास्थ्य सेवा नहीं मिल जाती।” रिपब्लिकन सांसदों ने इस पूरे विवाद को टीवी शो जैसा ड्रामा बताया और सरकार के कामकाज में स्थिरता की जरूरत पर जोर दिया। READ MORE: डीएनए रिपोर्ट में बड़ा खुलासा, कार में मौजूद था आतंकी डॉक्टर उमर
Dharmendra Health Update: धर्मेंद्र की तबीयत में सुधार; अमिताभ बच्चन मिलने पहुंचे, हेमा मालिनी बोली- ‘बच्चे रातभर नहीं सोए, सब ऊपरवाले के…

Dharmendra Health Update: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की तबीयत में सुधार हुआ है। बुधवार सुबह उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। अब उनका इलाज घर पर ही किया जा रहा है। धर्मेंद्र को 10 नवंबर को स्वास्थ्य समस्याओं के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। Amitabh Bachchan at 83, driving his car as he headed out to meet his friend and co-star #DharmendraDeol after his discharge from the hospital. 🚘✨#AmitabhBachchan and #Dharmendra starred together in several hit films: Sholay (1975), Ram Balram (1980), Chupke Chupke (1975).. pic.twitter.com/6Iq496WP4l — The News Diary (@The_NewsDiary) November 12, 2025 डिस्चार्ज के बाद धर्मेंद्र को उनके बेटे बॉबी देओल घर लेकर आए। अभिनेता की हालत स्थिर बताई जा रही है। इस बीच इंडस्ट्री के कई सेलेब्स उनके हाल जानने पहुंचे, जिनमें अमिताभ बच्चन भी शामिल हैं। बिग बी खुद गाड़ी चलाकर धर्मेंद्र से मिलने पहुंचे। हेमा मालिनी ने कहा कि पिछले कुछ दिन उनके लिए बहुत कठिन रहे हैं। उन्होंने बताया, “धरमजी की सेहत हमारे लिए बहुत बड़ी चिंता है। उनके बच्चे रातभर नहीं सोए। मैं कमजोर नहीं पड़ सकती, लेकिन खुश हूं कि वह घर लौट आए हैं। बाकी सब ऊपरवाले के हाथ में है।” हाल ही में धर्मेंद्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिससे फैंस चिंतित हो गए थे। हालांकि परिवार ने अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें। डॉक्टरों के अनुसार, धर्मेंद्र की सेहत में लगातार सुधार हो रहा है और फैंस से उनके लिए दुआ करने की अपील की गई है। READ MORE: अचानक बेहोश हुए गोविंदा; अस्पताल में भर्ती, डॉक्टरों की निगरानी में हैं, अभिनेता की हालत स्थिर
MP Weather: एमपी में बढ़ी ठंड की मार: 13 जिलों में अलर्ट, तापमान 7 डिग्री तक गिरा; कलेक्टरों ने बदले स्कूलों का समय

MP Weather: मध्य प्रदेश में ठंड लगातार बढ़ रही है। हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी के कारण ठंडी हवाएं एमपी तक पहुंच रही हैं। मंडला में पिछले कुछ दिनों से तापमान में तेज गिरावट दर्ज की जा रही है। सुबह और देर शाम घना कोहरा छाया रहता है, जिससे दृश्यता 50 मीटर से भी कम रह जाती है। इससे स्कूल जाने वाले बच्चों और किसानों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। ठंड के कारण कई बच्चों में खांसी-जुकाम और बुखार के मामले बढ़े हैं। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि सुबह घर से निकलते समय बच्चे गरम कपड़े पहनें और बिना जरूरत बाहर न जाएं। इस स्थिति को देखते हुए मंडला कलेक्टर ने सभी स्कूलों के समय में बदलाव किया है। अब जिले के सरकारी, निजी, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड से जुड़े स्कूल सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेंगे। यह आदेश तुरंत लागू होगा और अगले निर्देश तक जारी रहेगा। हालांकि, पहले से तय परीक्षाओं के समय में कोई बदलाव नहीं होगा। अभिभावकों ने कलेक्टर के इस फैसले का स्वागत किया है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि नवंबर के अंत तक ठंड और बढ़ेगी तथा तापमान 10 डिग्री से नीचे जा सकता है। प्रशासन ने नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की है। READ MORE: डीएनए रिपोर्ट में बड़ा खुलासा, कार में मौजूद था आतंकी डॉक्टर उमर