MP News: शिक्षकों के लिए बड़ी खबर! इतने पदों पर होगी भर्ती, सरकार ने किया ऐलान
MP News: शिक्षक भर्ती परीक्षा में पदवृद्धि के लिए जारी आन्दोलनों के बीच स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह का बयान सामने आया है।
MP News: मध्य प्रदेश में शिक्षक भर्ती परीक्षा में पदवृद्धि की मांग को लेकर जारी आंदोलनों के बीच स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह का बड़ा बयान सामने आया है। मंत्री ने कहा कि फिलहाल प्रदेश में 18 हजार पदों पर भर्ती की जा सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक साथ सभी रिक्त पदों पर भर्ती करना संभव नहीं है।
केवल 18 हजार पदों पर भर्ती संभव
शिक्षक भर्ती में पदवृद्धि को लेकर पूछे गए सवाल पर स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि एक साथ पूरे पदों पर भर्ती नहीं हो सकती। फिलहाल करीब 18 हजार पदों पर भर्ती की जा सकती है। उन्होंने कहा कि रिक्त पदों की संख्या तय करते समय कई तकनीकी और आरक्षण संबंधी प्रावधानों को ध्यान में रखना पड़ता है।
70 हजार अतिथि शिक्षक कर रहे काम
मंत्री उदय प्रताप सिंह ने शिक्षकों के खाली पदों को लेकर कहा कि प्रदेश में करीब 70 हजार अतिथि शिक्षक काम कर रहे हैं, लेकिन तकनीकी तौर पर कई बार इन पदों को रिक्त माना जाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षकों के पद खाली होने की बात कही जाती है, लेकिन जब वास्तविक प्रक्रिया के स्तर पर इसकी गणना की जाती है तो स्थिति अलग होती है।
आरक्षण-बैकलॉग का भी रखना पड़ता है ध्यान
उदय प्रताप सिंह ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में केवल खाली पदों की संख्या देखना पर्याप्त नहीं है। आरक्षण, बैकलॉग और अन्य नियमों को भी ध्यान में रखना पड़ता है। उन्होंने कहा कि 13 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण समेत आरक्षित वर्गों के प्रावधानों के अनुसार पदों का निर्धारण करना होता है।
मुख्यमंत्री के निर्देश- जितने पद खाली, उतने भरें
स्कूल शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्पष्ट निर्देश हैं कि जितने पद खाली हैं, उन्हें भरा जाए। जिससे बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल सके।
शिक्षक भर्ती में पद बढ़ाने की मांग
बता दें कि मध्य प्रदेश में शिक्षक भर्ती परीक्षा में पदों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों और शिक्षक संगठनों की ओर से आंदोलन किए जा रहे हैं। अभ्यर्थियों की मांग है कि विभाग में बड़ी संख्या में रिक्त पद होने के कारण भर्ती में अधिक पद शामिल किए जाएं। ऐसे में मंत्री उदय प्रताप सिंह के 18 हजार पदों पर भर्ती वाले बयान के बाद अभ्यर्थियों की नजर सरकार के अगले कदम पर है।