MP Teacher Recruitment: मध्य प्रदेश में 10 हजार शिक्षकों की बंपर भर्ती की तैयारी, प्रमोशन प्रक्रिया पूरी होते ही निकलेगा विज्ञापन
MP Teacher Recruitment: एमपी में प्रमोशन और रिटायरमेंट के बाद खाली पदों पर करीब 10 हजार शिक्षकों की भर्ती की तैयारी है। स्कूल भवनों के निर्माण पर भी सरकार का फोकस रहेगा।
MP Teacher Recruitment: मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार स्कूल शिक्षा विभाग में करीब 10 हजार शिक्षकों की भर्ती की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश के बाद विभाग ने खाली पदों का ब्योरा जुटाना शुरू कर दिया है। प्रमोशन और रिटायरमेंट के बाद रिक्त होने वाले पदों के आधार पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
प्रमोशन और रिटायरमेंट से बढ़ेंगे खाली पद
स्कूल शिक्षा विभाग के अनुसार शिक्षकों के प्रमोशन के साथ कई पद खाली होंगे। इसके अलावा मार्च 2027 तक रिटायर होने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों की सूची भी तैयार की जा रही है। प्रमोशन और रिटायरमेंट से खाली होने वाले कुल पदों का आंकड़ा सरकार के सामने रखा जाएगा, जिसके बाद नई भर्ती का प्रस्ताव तैयार होगा।
सीएम ने समीक्षा बैठक में मांगी जानकारी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों से रिक्त पदों की जानकारी ली। बैठक में प्रमोशन और रिटायरमेंट से खाली होने वाले पदों पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को जल्द पूरा ब्योरा तैयार कर सरकार को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
स्कूलों के रखरखाव और निर्माण पर भी फोकस
लोक शिक्षण आयुक्त अभिषेक सिंह के मुताबिक प्रदेशभर में शिक्षकों के खाली पदों की जानकारी जुटाई जा रही है। इसके साथ ही सरकारी स्कूलों के रखरखाव और नए भवनों के निर्माण की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। निर्माण कार्यों का एस्टीमेट तैयार करने और एजेंसियां तय करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
खंडहर स्कूलों की जगह बनेंगे नए भवन
स्कूल शिक्षा विभाग की रिपोर्ट के अनुसार मध्य प्रदेश में करीब 90 हजार सरकारी स्कूल हैं। इनमें लगभग 700 स्कूलों की स्थिति बेहद खराब बताई गई है और वे खंडहर जैसी हालत में पहुंच चुके हैं। मुख्यमंत्री ने ऐसे स्कूलों की जगह नए भवन तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

.jpg&w=3840&q=75)


.avif&w=3840&q=75)