MP News: ई-अटेंडेंस पर शिक्षा विभाग का 24 घंटे में यू-टर्न ! जानिए अब कितने बजे तक लगा सकेंगे हाजिरी
MP News: MP में शिक्षक संगठनों के विरोध के बाद ई-अटेंडेंस की 10 बजे की समय-सीमा वापस ले ली गई। अब शिक्षक 10:45 बजे तक हाजिरी लगा सकेंगे।
MP News: मध्य प्रदेश में शिक्षकों की ई-अटेंडेंस को लेकर शिक्षा विभाग ने 24 घंटे के भीतर अपना फैसला बदल दिया है। पहले शिक्षकों को सुबह 10 बजे तक ऑनलाइन हाजिरी लगाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन शिक्षक संगठनों के विरोध के बाद पुरानी व्यवस्था बहाल कर दी गई है। अब शिक्षक फिर से सुबह 10:45 बजे तक ई-अटेंडेंस दर्ज कर सकेंगे।
10 बजे तक हाजिरी के निर्देश पर हुआ विरोध
लोक शिक्षण आयुक्त ने 10 अगस्त को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए निर्देश दिए थे कि शिक्षकों को सुबह 10 बजे तक ई-अटेंडेंस लगानी होगी। इन निर्देशों के आधार पर कई जिलों में आदेश भी जारी कर दिए गए थे। समय में अचानक बदलाव किए जाने से शिक्षकों और शिक्षक संगठनों में नाराजगी सामने आई।
शिक्षक संगठनों ने शिक्षा मंत्री से की मुलाकात
ई-अटेंडेंस की नई टाइमिंग को लेकर कई शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधियों ने शिक्षा मंत्री और DPI आयुक्त से मुलाकात की। संगठनों ने मांग रखी कि शिक्षकों की हाजिरी का समय पहले की तरह 10:45 बजे तक ही रखा जाए। बैठक में इस मांग पर सहमति बनने के बाद नए समय को वापस लेने का फैसला किया गया।
फिर 10:45 बजे तक लगा सकेंगे हाजिरी
शिक्षा विभाग के फैसले के बाद ई-अटेंडेंस ऐप पर हाजिरी दर्ज करने की समय-सीमा फिर से सुबह 10:45 बजे कर दी गई है। शिक्षक संगठनों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि पुरानी व्यवस्था बहाल होने से शिक्षकों को राहत मिली है।
बारिश और बाढ़ को लेकर भी नए निर्देश
प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए लोक शिक्षण आयुक्त ने शिक्षकों और छात्रों की सुरक्षा को लेकर भी निर्देश जारी किए हैं। बारिश या बाढ़ के दौरान किसी भी शिक्षक या छात्र को उफनते नदी-नालों को पार करके स्कूल जाने की अनुमति नहीं होगी।
ऐसी स्थिति में देनी होगी सूचना
यदि बारिश या बाढ़ के कारण स्कूल पहुंचना संभव नहीं है तो शिक्षक को तुरंत अपने संकुल प्राचार्य या प्राचार्य को वॉट्सऐप ग्रुप के माध्यम से सूचना देनी होगी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार ऐसी सूचना को वैध मानते हुए उपस्थिति में आवश्यक रियायत दी जाएगी।