एमपी MBBS-BDS एडमिशन की काउंसलिंग का पहला शेड्यूल जारी, जाने कबसे होंगे रजिस्ट्रेशन
इस बार काउंसलिंग में एक बात का खास ध्यान रखना होगा। एडमिशन के समय हर छात्र को अपग्रेडेशन का विकल्प (Yes या No) चुनना अनिवार्य रहेगा।
मध्यप्रदेश। प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा संचालनालय (DME) ने NEET UG 2026 काउंसलिंग के पहले राउंड का संभावित शेड्यूल जारी कर दिया है। इसके साथ ही एडमिशन नियमों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया भी लगभग पूरी हो चुकी है। पहले राउंड की काउंसलिंग में शामिल होने वाले उम्मीदवार 5 अगस्त से 13 अगस्त रात 11:59 बजे तक DME के एमपी ऑनलाइन पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे।
पहले आएगी सीट मैट्रिक्स
काउंसलिंग से पहले 11 अगस्त को सभी मेडिकल और डेंटल कॉलेजों की सीट मैट्रिक्स जारी की जाएगी। अगर किसी अभ्यर्थी को इसमें कोई आपत्ति होती है तो वह 12 अगस्त शाम 5 बजे तक अपनी आपत्ति दर्ज करा सकता है। आपत्तियों के निपटारे के बाद 13 अगस्त को फाइनल सीट मैट्रिक्स जारी होगी।
14 अगस्त को मेरिट लिस्ट, फिर होगी चॉइस फिलिंग
14 अगस्त को मध्य प्रदेश की स्टेट मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। इसके बाद प्रदेश के मूल निवासी उम्मीदवार 15 से 18 अगस्त तक अपनी पसंद के मेडिकल और डेंटल कॉलेजों का चयन कर चॉइस फिलिंग और लॉकिंग कर सकेंगे।
20 अगस्त को आएगा सीट अलॉटमेंट रिजल्ट
पहले राउंड का सीट अलॉटमेंट रिजल्ट 20 अगस्त को जारी होगा। जिन छात्रों को सीट मिलेगी, उन्हें 21 से 27 अगस्त शाम 6 बजे तक संबंधित कॉलेज पहुंचकर दस्तावेजों का सत्यापन और एडमिशन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
अपग्रेडेशन विकल्प भरना जरूरी
इस बार काउंसलिंग में एक बात का खास ध्यान रखना होगा। एडमिशन के समय हर छात्र को अपग्रेडेशन का विकल्प (Yes या No) चुनना अनिवार्य रहेगा। अगर यह विकल्प नहीं चुना गया तो एडमिशन स्लिप जारी नहीं होगी। हालांकि राहत की बात यह है कि छात्र 27 अगस्त रात 11:55 बजे तक अपने लॉगिन के जरिए अपग्रेडेशन विकल्प में बदलाव भी कर सकेंगे।
छात्रों के लिए जरूरी सलाह
चिकित्सा शिक्षा विभाग ने सभी अभ्यर्थियों से समय-सीमा का सख्ती से पालन करने की अपील की है। साथ ही छात्रों को सलाह दी गई है कि वे काउंसलिंग से जुड़े हर अपडेट के लिए DME पोर्टल पर नियमित नजर बनाए रखें, ताकि कोई जरूरी तारीख या प्रक्रिया छूट न जाए।