MP News: मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शुरू, गांव-गांव पहुंचेंगे अधिकारी; मौके पर होगा समस्याओं का समाधान
MP News: मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शुरू हो गया है। अधिकारी गांव-गांव पहुंचकर शिकायतों का समाधान करेंगे और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाएंगे।
.jpg)
MP News: मध्य प्रदेश में शुक्रवार से मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का औपचारिक शुभारंभ हो गया। इस अभियान के तहत प्रशासनिक अधिकारी सीधे गांवों और बस्तियों में पहुंचकर आमजन की समस्याओं का मौके पर निराकरण करेंगे। सरकार का उद्देश्य जनता को सरकारी कार्यालयों के चक्कर से राहत देना, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और प्रशासन व आम लोगों के बीच भरोसा मजबूत करना है।
गांव से हुई अभियान की शुरुआत
अभियान की शुरुआत भोपाल जिले के ग्राम अंबा चंदन से की गई। इस मौके पर भोपाल संभागायुक्त भास्कर लक्षकार, कलेक्टर शिवम वर्मा समेत जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी कलेक्टर कार्यालय से बस के जरिए गांव पहुंचे। यहां आयोजित जनकल्याण शिविर में अधिकारियों ने विभिन्न विभागों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
एक ही स्थान पर मिलेंगी कई सरकारी सेवाएं
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के दौरान राजस्व, पंचायत, सामाजिक न्याय, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास सहित कई विभागों के अधिकारी एक ही मंच पर मौजूद रहेंगे। प्रयास रहेगा कि प्रमाण पत्र, पेंशन, राजस्व, राशन, बिजली, पानी और अन्य शासकीय सेवाओं से जुड़ी शिकायतों का अधिकतम निराकरण मौके पर ही किया जाए, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
अंतिम हितग्राही तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर
सरकार का कहना है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पात्र हितग्राहियों तक सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना है। अधिकारी गांव-गांव जाकर लोगों से सीधे संवाद करेंगे, उनकी समस्याओं को सुनेंगे और संबंधित विभागों के माध्यम से उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करेंगे। साथ ही योजनाओं से वंचित पात्र लोगों की पहचान कर उन्हें भी लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
प्रदेशभर में लगेंगे जनकल्याण शिविर
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत प्रदेश के सभी जिलों में चरणबद्ध तरीके से जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में आम नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। सरकार को उम्मीद है कि इस पहल से प्रशासनिक सेवाएं अधिक प्रभावी होंगी और लोगों की समस्याओं का समाधान पहले की तुलना में तेजी से हो सकेगा।