Bhopal News: राजधानी में ‘फुटपाथ चोरी’ की शिकायत, अतिक्रमण के आरोप; निगम-PWD अफसरों की भूमिका की जांच की मांग
Bhopal News: भोपाल के 10 नंबर मार्केट में फुटपाथ पर अतिक्रमण की शिकायत थाने पहुंची। रहवासियों ने FIR, अतिक्रमण हटाने और निगम-PWD अफसरों की जांच की मांग की।
Bhopal News: भोपाल के अरेरा कॉलोनी स्थित 10 नंबर मार्केट में सरकारी फुटपाथ के कथित तौर पर गायब होने का मामला थाने पहुंच गया है। स्थानीय रहवासियों ने हबीबगंज थाने में शिकायत देकर फुटपाथ पर अतिक्रमण, पार्किंग और व्यावसायिक गतिविधियां संचालित किए जाने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ताओं ने मामले में FIR दर्ज करने और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग की है।
फुटपाथ गायब होने का लगाया आरोप
स्थानीय रहवासी विवेक त्रिपाठी और लवनीश भाटी ने शिकायत में आरोप लगाया कि सरकारी पैसे से बनाए गए फुटपाथ पर भूमाफिया ने कब्जा कर लिया है। फुटपाथ की जगह अब पार्किंग और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होने का दावा किया गया है। शिकायतकर्ताओं ने सवाल उठाया कि सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज फुटपाथ आखिर मौके से कहां गायब हो गया।
पुराने रिकॉर्ड से जांच की मांग
शिकायतकर्ताओं ने फुटपाथ की पुरानी और मौजूदा स्थिति की जांच कराने की मांग की है। इसके लिए पुराने नक्शे और सरकारी रिकॉर्ड निकालकर मौके की स्थिति से मिलान कराने की मांग रखी गई है। उनका कहना है कि रिकॉर्ड और मौके की स्थिति में अंतर मिलने पर पूरे मामले की जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।
निगम-PWD अफसरों की भूमिका पर सवाल
मामले में नगर निगम और PWD के जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग भी की गई है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि सरकारी जमीन पर अतिक्रमण होने के बावजूद यदि कार्रवाई नहीं हुई तो इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने अतिक्रमणकारियों के साथ संबंधित अधिकारियों की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की है।
FIR और अतिक्रमण हटाने की मांग
शिकायतकर्ताओं ने मांग की है कि फुटपाथ से अतिक्रमण हटाकर उसे उसके मूल स्वरूप में बहाल किया जाए। साथ ही जांच में जिम्मेदार पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। संयुक्त रहवासी संघर्ष समिति ने चेतावनी दी है कि FIR दर्ज होने और अतिक्रमण हटाए जाने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।