Bhopal crime news: भोपाल में 48 घंटे में नाबालिग लड़कियों सहित 10 लोग लापता! राजधानी में बढ़ी टेंशन; पुलिस अलर्ट
Bhopal crime news: भोपाल में 48 घंटे के भीतर 10 लोगों के लापता होने से चिंता बढ़ गई है। पुलिस ऑपरेशन मुस्कान के तहत तलाश में जुटी है, जबकि सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अभिभावकों से सतर्क रहने की अपील की है।

Bhopal crime news: भोपाल में पिछले 48 घंटे के भीतर 10 लोगों के लापता होने के मामले सामने आने से पुलिस और परिजनों की चिंता बढ़ गई है। इनमें कई नाबालिग लड़कियां भी शामिल हैं। सबसे ज्यादा तीन-तीन गुमशुदगी के मामले कोलार और अयोध्या नगर थाना क्षेत्र में दर्ज हुए हैं, जबकि अशोका गार्डन, टीटी नगर, रातीबड़ और अवधपुरी थानों में भी शिकायतें दर्ज की गई हैं।
पुलिस सभी मामलों की जांच में जुटी
पुलिस के अनुसार लापता हुए युवक-युवतियां और नाबालिग घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटे। कुछ मामलों में उनके मोबाइल फोन भी बंद मिले हैं। पुलिस संभावित सभी स्थानों पर तलाश कर रही है और हर एंगल से जांच की जा रही है।
ऑपरेशन मुस्कान के तहत तलाश
एडिशनल पुलिस कमिश्नर शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि नाबालिगों की तलाश ऑपरेशन मुस्कान के तहत लगातार की जा रही है। यदि किसी बच्चे के दूसरे राज्य में होने की जानकारी मिलती है तो वहां की पुलिस से समन्वय कर उसे सुरक्षित वापस लाया जाएगा।
सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जताई चिंता
लगातार बढ़ रहे गुमशुदगी के मामलों को लेकर सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि अभिभावकों को बच्चों के व्यवहार, गतिविधियों और मानसिक स्थिति पर विशेष ध्यान देना चाहिए, क्योंकि समय रहते सतर्कता से कई घटनाओं को रोका जा सकता है।
पुलिस के सामने बड़ी चुनौती
एक साथ इतने गुमशुदगी के मामले सामने आने से पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। फिलहाल सभी मामलों में जांच जारी है और पुलिस को जल्द लापता लोगों का सुराग मिलने की उम्मीद है।

