MP Investment : MP में अरविंद समूह का 1200 करोड़ का निवेश, PM मित्र पार्क में अगले साल शुरू होगा उत्पादन
MP Investment : मुख्यमंत्री ने कहा कि औद्योगिक निवेश से रोजगार बढ़ने के साथ राज्य को कर राजस्व के रूप में अतिरिक्त संसाधन मिलेंगे।
MP Investment : मध्य प्रदेश। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 12 अगस्त को गुजरात के अहमदाबाद में अरविंद लिमिटेड के वाइस चेयरमैन कुलीन लालभाई से मुलाकात की। इस दौरान मध्य प्रदेश में कंपनी के प्रस्तावित निवेश और औद्योगिक विस्तार पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात और मध्य प्रदेश के संबंधों को मजबूत करते हुए अरविंद समूह प्रदेश में अपनी नई इकाइयां स्थापित कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना के अनुरूप धार के PM मित्र पार्क में अगले वर्ष तक उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
तीन जगहों पर स्थापित होंगी अरविंद समूह की इकाइयां
मुख्यमंत्री के मुताबिक अरविंद समूह मध्य प्रदेश में तीन प्रमुख स्थानों पर अपनी इकाइयां स्थापित कर रहा है। इनमें देवास के पास बरलाई, धार स्थित PM मित्र पार्क और इंदौर का बेटमा शामिल हैं।
कंपनी इन स्थानों के अलावा दूसरे क्षेत्रों में भी औद्योगिक गतिविधियां बढ़ा रही है। सरकार को उम्मीद है कि इन निवेशों से प्रदेश में नए रोजगार पैदा होंगे और युवाओं को स्थानीय स्तर पर काम के अवसर मिलेंगे।
PM मित्र पार्क में 1200 करोड़ रुपए का निवेश
अरविंद लिमिटेड ने धार के PM मित्र पार्क में करीब 1200 करोड़ रुपए के निवेश का प्रस्ताव रखा है। इसके लिए कंपनी को 105 एकड़ जमीन आवंटित की गई है।
मुख्यमंत्री ने कंपनी की निवेश प्रक्रिया को तेज करने और उद्योग की स्थापना से जुड़े जरूरी कदम जल्द पूरे करने पर चर्चा की। शासन स्तर पर प्रस्तावों की जांच और मंजूरी की प्रक्रिया को गति देने पर भी विचार किया गया।
टेक्सटाइल और गारमेंट सेक्टर में बढ़ेगा निवेश
बैठक में मध्य प्रदेश में टेक्सटाइल और परिधान उद्योग को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई। इंदौर में संचालित पेपकोन प्राइवेट लिमिटेड के साथ कंपनी के अनुबंध के तहत हर साल करीब 70 लाख परिधानों का निर्माण किया जाता है।
सरकार ने निवेशकों को पूंजी अनुदान, ब्याज अनुदान, स्टांप और पंजीयन शुल्क की प्रतिपूर्ति जैसे प्रोत्साहनों की जानकारी दी। ग्रीन इंडस्ट्रियलाइजेशन और रिसर्च एंड डेवलपमेंट के लिए उपलब्ध सहायता पर भी चर्चा हुई।
औद्योगिक पार्कों में पानी के पुन: उपयोग पर जोर
बैठक में उद्योगों में पानी के बेहतर इस्तेमाल और पुन: उपयोग पर भी चर्चा हुई। इसके लिए जीरो लिक्विड डिस्चार्ज यानी ZLD तकनीक की संभावनाओं पर विचार किया गया।
मध्य प्रदेश में विकसित किए जा रहे 90 से अधिक औद्योगिक पार्कों में टेक्सटाइल, फार्मा और अन्य औद्योगिक क्लस्टरों के लिए कॉमन ZLD सिस्टम स्थापित करने की संभावना पर चर्चा हुई। औद्योगिक पार्कों को नगर निगमों के STP से जोड़कर सर्कुलर वॉटर इकोनॉमी मॉडल विकसित करने का सुझाव भी सामने आया।
सिंहस्थ 2028 में आधुनिक कम्युनिकेशन नेटवर्क पर चर्चा
सिंहस्थ-2028 के दौरान मिशन-क्रिटिकल कम्युनिकेशन नेटवर्क के इस्तेमाल की संभावनाओं पर भी विचार हुआ। अरविंद लिमिटेड और जेएम बक्सी समूह के संयुक्त उद्यम आर्य ऑम्निटॉक सॉल्यूशंस की तकनीक पर चर्चा की गई।
इसमें वायरलेस कम्युनिकेशन, वॉकी-टॉकी नेटवर्क और सार्वजनिक सुरक्षा संचार जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इनका इस्तेमाल पुलिस, सुरक्षा बल, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं और आयोजन प्रबंधन में किया जा सकता है।
CM ने GIS-2027 के लिए दिया न्योता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कुलीन लालभाई को मध्य प्रदेश में निवेश बढ़ाने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने उन्हें ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट यानी GIS-2027 में शामिल होने का न्योता भी दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि औद्योगिक निवेश से रोजगार बढ़ने के साथ राज्य को कर राजस्व के रूप में अतिरिक्त संसाधन मिलेंगे। इससे प्रदेश के विकास को और गति देने में मदद मिलेगी।
अरविंद समूह का बड़ा औद्योगिक नेटवर्क
अरविंद लिमिटेड की स्थापना वर्ष 1931 में हुई थी और इसका मुख्यालय अहमदाबाद में है। कंपनी डेनिम, परिधान, फैब्रिक्स और टेक्सटाइल वैल्यू चेन से जुड़े कारोबार में सक्रिय है।
कंपनी के समूह की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में 60 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की जानकारी दी गई है। कंपनी एक लाख से अधिक कपास किसानों से कच्चे माल की खरीद भी करती है।