पंजाब नेशनल बैंक (PNB) से 13,850 करोड़ रुपए के घोटाले के आरोपी भगोड़े कारोबारी मेहुल चोकसी को भारत लाने की तैयारी तेज हो गई है। भारत सरकार ने बेल्जियम कोर्ट को मुंबई की आर्थर रोड जेल की तस्वीरें भेजी हैं ताकि यह दिखाया जा सके कि प्रत्यर्पण के बाद चोकसी को मानवीय परिस्थितियों में रखा जाएगा।
बेल्जियम कोर्ट ने माना है कि चोकसी पर लगाए गए अपराध भारत और बेल्जियम दोनों देशों में प्रत्यर्पण योग्य हैं। कोर्ट के इस फैसले के बाद उसके भारत आने का रास्ता साफ होता दिख रहा है।
चोकसी को बैरक नंबर 12 में रखा जाएगा, जहां पहले 26/11 हमले के आतंकवादी अजमल कसाब भी बंद था। यह 46 वर्ग मीटर का बैरक है, जिसमें दो कमरे, अटैच टॉयलेट, पंखा और टीवी जैसी सुविधाएं हैं। यहां हाई सिक्योरिटी जोन बनाया गया है और पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी निगरानी रहेगी।
चोकसी को मेडिकल या अदालत में पेशी के दौरान ही जेल से बाहर ले जाया जाएगा। भारत की ओर से अदालत में कहा गया कि जेल में उसे सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल मिलेगा।
बेल्जियम पुलिस ने चोकसी को 12 अप्रैल को गिरफ्तार किया था जब वह स्विट्जरलैंड भागने की कोशिश कर रहा था। उसके खिलाफ भारत में धोखाधड़ी, भ्रष्टाचार और साजिश जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं।
READ MORE: दिवाली के बाद सोना-चांदी के दामों में बड़ी गिरावट, जानिए कितने सस्ते हुए