Highlights
- जबलपुर के गोरखपुर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे गाय के बछड़े का कटा सिर मिला, इलाके में तनाव
- हिंदू संगठनों ने घटना को माहौल खराब करने की साजिश बताया, 24 घंटे में गिरफ्तारी की मांग
- पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की
Jabalpur: जबलपुर के गोरखपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नागपाल गार्डन के पास गुरुवार सुबह सड़क किनारे गाय के बछड़े का कटा हुआ सिर मिलने से हड़कंप मच गया। सुबह टहलने निकले लोगों ने जब यह देखा तो तुरंत आसपास के लोगों और हिंदू संगठनों को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे हिंदू संगठन
सूचना मिलते ही विश्व हिंदू परिषद सहित अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने घटना पर नाराजगी जताते हुए इसे शहर का माहौल बिगाड़ने की कोशिश बताया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
माहौल खराब करने का आरोप
विहिप के जिला सहमंत्री विशाल नामदेव ने कहा कि भगवान श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ के मौके पर इस तरह की घटना करना गंभीर साजिश हो सकती है। उन्होंने 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
गिरफ्तारी नहीं तो आंदोलन
विहिप के पदाधिकारी विकास खरे ने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार नहीं किए गए तो संगठन उग्र प्रदर्शन करेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से भी कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना पर गोरखपुर और मदन महल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बछड़े के कटे सिर को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी नितिन कमल ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
एफआईआर दर्ज
पुलिस ने हिंदू संगठनों की शिकायत पर बीएनएस की धारा 325 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द खुलासे का भरोसा दिया है।
READ MORE: फिर से खुले लाड़ली बहना योजना के फॉर्म! कलेक्ट्रेट में लगा महिलाओं का जमावड़ा