PM Modi-Putin Meeting: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को चीन के तियानजिन में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के दौरान रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की।
इस अहम बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि यूक्रेन में शांति का रास्ता खोजना पूरी मानवता की पुकार है।
शांति पर जोर
मोदी ने कहा कि भारत और रूस लगातार यूक्रेन संघर्ष पर चर्चा करते रहे हैं। उन्होंने हाल के शांति प्रयासों का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि सभी पक्ष मिलकर संघर्ष को खत्म करने और स्थायी समाधान खोजने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।
रिश्तों में गर्मजोशी
पुतिन से बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने कहा, “आपसे मिलना हमेशा यादगार होता है। हमारे बीच कई अहम विषयों पर चर्चा होती रहती है और नियमित उच्च स्तरीय बैठकें हमारे मजबूत रिश्तों की गवाही देती हैं।”
उन्होंने यह भी कहा कि भारत और रूस कठिन परिस्थितियों में हमेशा एक-दूसरे के साथ खड़े रहे हैं और यह सहयोग न केवल दोनों देशों के लिए बल्कि वैश्विक शांति और स्थिरता के लिए भी जरूरी है।
अमेरिका की प्रतिक्रिया
इस मुलाकात पर अमेरिका ने भी बयान जारी किया। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि भारत-अमेरिका साझेदारी नई ऊंचाइयों पर पहुंच रही है और यह “21वीं सदी का परिभाषित संबंध” बन चुकी है।
उन्होंने रक्षा, नवाचार और द्विपक्षीय सहयोग को दोनों देशों की ताकत बताया।
अमेरिका ने इसी संदेश के साथ #USIndiaFWDforOurPeople नामक एक सोशल मीडिया अभियान भी शुरू किया है, जिसमें भारत-अमेरिका सहयोग और प्रगति को प्रदर्शित किया जा रहा है।
SCO में मोदी का संदेश
SCO शिखर सम्मेलन में अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने ग्लोबल साउथ के देशों की आकांक्षाओं पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुरानी और आउटडेटेड सोच में नई पीढ़ी के सपनों को कैद करना सही नहीं है। “हम नई पीढ़ी के रंगीन सपनों को ब्लैक एंड व्हाइट स्क्रीन पर नहीं दिखा सकते, इसके लिए स्क्रीन बदलनी होगी।”
अंतरराष्ट्रीय चर्चा
चीन में हुई मोदी, पुतिन और शी जिनपिंग की मुलाकात को लेकर दुनियाभर की राजधानियों में चर्चा तेज है। विशेषज्ञ इसे बदलते वैश्विक समीकरणों और नए कूटनीतिक संकेतों से जोड़कर देख रहे हैं।