नई दिल्ली। दिल्ली में 70 विधानसभा सीटों पर 5 फरवरी को मतदान किए जा चुके हैं, अब बारी है चुनाव के नतीजों की। सबको इंतजार है कि दिल्ली की जनता ने किसको दिल्ली का ताज पहनाया है।
चुनाव आयोग के मुताबिक इस बार दिल्ली विधानसभा चुनाव में 59.24 फीसद मतदान हुआ है, चुनाव के नतीजे 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे। दिल्ली विधानसभा चुनाव में किसकी जीत होगी और किसे हार का सामना करना पड़ेगा, इसके लिए बस एक दिन का इंतजार और करना होगा।
दिल्ली की इन हॉट सीटों पर होगी सबकी नजर
दिल्ली विधानसभा चुनाव में हर बार की तरह इस बार भी कुछ सीटें ऐसी हैं जिनपर सबकी नज़रें टिकी हुई हैं। इन सीटों का रुझान और परिणाम हर कोई जानने को बेताब है। इस बार विधानसभा चुनाव में कुछ सीटें ऐसी हैं जो लोगों के बीच काफी चर्चा में हैं। आइए जानते हैं उन विधानसभा सीटों के बारे में।
नई दिल्ली सीट

नई दिल्ली सीट पर इस बार 23 उम्मीदवार मैदान में हैं। नई दिल्ली सीट से AAP पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल मुख्य भूमिका में है। उनके सामने भाजपा ने साहिब सिंह वर्मा के बेटे प्रवेश सिंह वर्मा को मैदान में उतारा है। प्रवेश वर्मा एक बार विधायक और दो बार सांसद रह चुके हैं। कांग्रेस ने दिल्ली की तीन बार मुख्यमंत्री रहीं शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित को टिकट दिया है। 2020 में इस सीट से आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को जीत मिली थी।
इस बार नई दिल्ली विधानसभा सीट पर 54.27 फीसदी मतदान हुआ।
कालकाजी सीट

दिल्ली की दूसरी हॉट सीट है कालकाजी। कालकाजी विधानसभा सीट से दिल्ली की वर्तमान मुख्यमंत्री आतिशी चुनावी मैदान में हैं। उनके सामने भाजपा द्वारा दक्षिणी दिल्ली से दो बार सांसद और पूर्व में तीन बार तुग़लकाबाद से विधायक रहे रमेश बिधूड़ी को खड़ा किया गया है। कांग्रेस ने इस सीट पर अलका लांबा को उतारा है। अलका लांबा आप के टिकट पर चांदनी चौक से विधायक रह चुकी हैं।
2020 में कालकाजी विधानसभा सीट से आतिशी चुनाव जीती थीं। इस बार इस विधानसभा सीट पर 54.59 फीसदी मतदान हुआ।
जंगपुरा विधानसभा सीट

इन दिनों दिल्ली की जंगपुरा सीट की खूब चर्चा हो रही है। AAP ने यहां से पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को मैदान में उतारा है। मनीष सिसोदिया के द्वारा चुनाव लड़ने के कारण यह हॉट सीट बन गई है। इससे पहले सिसोदिया पटपड़गंज से चुनाव में खड़े होते थे। भाजपा ने कांग्रेस से तीन बार विधायक रहे तरविंदर सिंह मारवाह को टिकट दिया है। कांग्रेस ने इस सीट से फरहाद सूरी को चुनावी मैदान में उतारा है।
2020 में जंगपुरा विधानसभा सीट से AAP के प्रवीण कुमार ने जीत दर्ज़ की थी। 2025 में इस सीट पर 57.42 फीसदी मतदान हुआ।
पटपड़गंज विधानसभा सीट

पटपड़गंज विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी ने मशहूर शिक्षक अवध ओझा पर दांव चला है। हालांकि, बीजेपी ने यहां से रविंद्र सिंह नेगी को टिकट देकर मुकाबला काफी दिलचस्प बना दिया है। नेगी ने 2020 के विधानसभा चुनाव में मनीष सिसोदिया को कड़ी टक्कर दी थी। कांग्रेस ने इस सीट पर अपने नेता अनिल चौधरी को मैदान में उतारा है।
2020 में पटपड़गंज विधानसभा सीट से मनीष सिसोदिया ने जीत हासिल की थी। इस बार इस सीट पर 57.74 फीसदी मतदान हुआ।
ओखला विधानसभा सीट

ओखला विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के मौजूदा विधायक अमानतुल्लाह खान मैदान में हैं। वहीं भाजपा ने मनीष चौधरी को टिकट दिया है। कांग्रेस ने आरिबा खान को प्रत्याशी बनाया है, जो वर्तमान में पार्षद भी हैं।
2020 में इस सीट से आप के अमानतुल्लाह खान ने जीत हासिल की थी। ओखला विधानसभा सीट पर इस बार 54.90 फीसदी मतदान हुआ।
करोलबाग सीट

करोलबाग सीट विधानसभा सीट पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व सांसद दुष्यंत कुमार गौतम चुनाव मैदान में हैं। एक राष्ट्रीय स्तर के नेता को विधायक के चुनाव में उतारने के पीछे भाजपा की भी कुछ अलग रणनीति हो सकती है। जिसके चलते ये सीट भी हॉट सीट बन गई है। दुष्यंत कुमार गौतम का मुकाबला आम आदमी पार्टी के तीन बार के विधायक विशेष रवि से है।
2020 में करोलबाग सीट से आम आदमी पार्टी (AAP) के विशेष रवि ने जीत हासिल की थी।