Aayudh

Categories

Ujjain Violence: उज्जैन में दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प, 12 बसों में तोड़फोड़-आगजनी; धारा 144 लागू

Ujjain Violence

Highlights

  • तराना में दो पक्षों के विवाद के बाद हिंसा, बस स्टैंड पर 11 बसों में तोड़फोड़ और आगजनी
  • विश्व हिंदू परिषद के नगर मंत्री पर हमला, 6 के खिलाफ केस, 5 आरोपी गिरफ्तार
  • हालात संवेदनशील, धारा 144 लागू, भारी पुलिस बल तैनात, बाजार बंद

Ujjain Violence: मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले के तराना कस्बे में गुरुवार शाम दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसा में बदल गया। इसके बाद से इलाके में तनाव बना हुआ है। फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं, लेकिन एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। बाजार बंद हैं और जुमे की नमाज कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्वक कराई गई। पूरे क्षेत्र में धारा 144 लागू है।

कैसे शुरू हुआ विवाद

घटना की शुरुआत गुरुवार शाम करीब 7 से 7:30 बजे के बीच हुई। तराना के बड़े राम मंदिर के सामने सुखला गली में विश्व हिंदू परिषद के नगर मंत्री सोहेल ठाकुर खड़े थे। इसी दौरान ईशान मिर्जा और कुछ अन्य युवक वहां पहुंचे और “यहां क्यों खड़े हो” कहने को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।

युवक पर हमले से बिगड़े हालात

आरोप है कि झगड़े के दौरान कुछ युवकों ने पीछे से सोहेल ठाकुर पर हमला कर दिया। उनके सिर में गंभीर चोट आई। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें उज्जैन रेफर किया गया। इस घटना की खबर फैलते ही दोनों समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए।

READ MORE: माघ मेले में धरने पर बैठे अविमुक्तेश्वरानंद की तबियत बिगड़ी; बाबा रामदेव ने दी ये नसीहत

तोड़फोड़ और आगजनी

गुरुवार रात बस स्टैंड पर खड़ी 11 बसों में तोड़फोड़ की गई। शुक्रवार को हालात और बिगड़ गए। पथराव हुआ, कई गाड़ियों और घरों को नुकसान पहुंचा। एक पूर्व पार्षद की दुकान में आग लगा दी गई और एक बस को भी जला दिया गया। पथराव में एक युवक घायल हुआ है।

पुलिस कार्रवाई

पुलिस ने सप्पन मिर्जा, ईशान मिर्जा, शादाब उर्फ इडली, सलमान मिर्जा, रिजवान मिर्जा और नावेद के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया है। इनमें से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक आरोपी फरार है। सात थानों का पुलिस बल मौके पर तैनात है।

शांति की अपील

हिंदू संगठनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं शहर काजी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर नजर है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

READ MORE: अमेरिका में स्कूल से लौट रहे 5 साल के बच्चे को पुलिस ने हिरासत में लिया, पिता भी गिरफ्तार; ट्रंप पर भड़की कमला हैरिस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *