Highlights
- महू में दूषित पानी पीने से 25 से अधिक लोग बीमार, 19 बच्चे भी प्रभावित।
- कलेक्टर शिवम वर्मा और विधायक उषा ठाकुर मौके पर पहुंचे, अस्पताल में आपात व्यवस्था की गई।
- पानी की पाइपलाइन नालियों के बीच से गुजरने के कारण दूषित होने की आशंका; प्रशासन ने जांच और टैंकर से साफ पानी की व्यवस्था शुरू की।
Mahu Polluted Water: इंदौर जिले के महू क्षेत्र में दूषित पेयजल पीने से हड़कंप मच गया है। पत्ती बाजार और मोती महल इलाके में गंदा पानी पीने से 25 से ज्यादा लोग बीमार हो गए हैं, जिनमें 19 बच्चे शामिल हैं। कई मरीजों में पीलिया और टाइफाइड जैसे लक्षण पाए गए हैं।
अस्पताल में भर्ती, स्वास्थ्य टीम अलर्ट
बीमार लोगों को महू के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देर रात तक अस्पताल में आपात स्थिति बनी रही। स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर मरीजों की निगरानी कर रही हैं। प्राथमिक जांच में बीमारी की वजह दूषित पानी सामने आई है।
कलेक्टर और विधायक पहुंचे मौके पर
मामले की गंभीरता को देखते हुए इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा देर रात महू पहुंचे और अस्पताल में भर्ती मरीजों का हाल जाना। उन्होंने अधिकारियों को सभी मरीजों के समुचित इलाज के निर्देश दिए। स्थानीय विधायक उषा ठाकुर ने भी प्रभावित इलाकों का दौरा कर लोगों से बातचीत की।
पेयजल लाइन से गंदगी की आशंका
रहवासियों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से पानी में बदबू और गंदगी आ रही थी। चंदर मार्ग क्षेत्र में नर्मदा जल की पाइपलाइन नालियों के बीच से गुजर रही है, जिससे लीकेज के कारण पानी दूषित होने की आशंका जताई जा रही है। कई घरों में 3–4 दिन में ही पानी आता है।
प्रशासन के निर्देश
कलेक्टर ने प्रभावित क्षेत्रों में पानी की गुणवत्ता जांचने, टैंकरों से साफ पानी उपलब्ध कराने और स्थायी समाधान के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गंदा पानी न पिएं और बीमार होने पर तुरंत अस्पताल पहुंचें।
50 से ज्यादा घर प्रभावित
स्थानीय लोगों के अनुसार 50 से अधिक घरों में लोग बीमार हैं। प्रशासन ने पानी के नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं और जल्द सुधार का भरोसा दिया है।