Highlights
- BCCI सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से ए+ ग्रेड हटाने की तैयारी में।
- विराट कोहली और रोहित शर्मा को बी ग्रेड में भेजे जाने की संभावना।
- ए+ खत्म होने पर स्टार खिलाड़ियों की सैलरी में बड़ी कटौती तय।
BCCI Central Contract: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) अपने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम में बड़ा और ऐतिहासिक बदलाव करने की तैयारी में है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बोर्ड ए+ कैटेगरी को पूरी तरह खत्म करने पर विचार कर रहा है। अगर यह फैसला लागू होता है, तो विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज खिलाड़ियों की सैलरी में भारी कटौती हो सकती है।
ए+ ग्रेड क्यों हो सकता है खत्म?
सूत्रों के अनुसार, चयन समिति और BCCI कॉन्ट्रैक्ट स्ट्रक्चर को ज्यादा सरल और परफॉर्मेंस-आधारित बनाना चाहती है। मौजूदा व्यवस्था में ए+ ग्रेड के खिलाड़ियों को सालाना 7 करोड़ रुपये मिलते हैं। नए मॉडल में सिर्फ ए, बी और सी ग्रेड रखने का प्रस्ताव है, ताकि सभी खिलाड़ियों का मूल्यांकन उनके फॉर्मेट और योगदान के आधार पर हो सके।
रोहित-विराट का हो सकता है डिमोशन
वर्तमान में रोहित शर्मा और विराट कोहली केवल वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं। दोनों टी20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। इसी वजह से रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि ए+ ग्रेड हटने की स्थिति में दोनों को बी ग्रेड में रखा जा सकता है। बी ग्रेड के तहत खिलाड़ियों को सालाना 3 करोड़ रुपये मिलते हैं, यानी दोनों की कमाई में करीब 4 करोड़ रुपये की गिरावट हो सकती है।
बुमराह और अन्य खिलाड़ियों पर असर
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जसप्रीत बुमराह को ग्रेड ए में रखा जा सकता है, जबकि रवींद्र जडेजा को भी बी ग्रेड में शिफ्ट किया जा सकता है। हालांकि, ग्रेड ए की सैलरी 5 करोड़ रुपये ही रहेगी या उसमें भी बदलाव होगा, इस पर अभी स्थिति साफ नहीं है।
आधिकारिक एलान बाकी
BCCI की अगली एपेक्स काउंसिल मीटिंग में इस प्रस्ताव पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है। फिलहाल बोर्ड की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन अगर यह बदलाव लागू होता है तो यह भारतीय क्रिकेट के कॉन्ट्रैक्ट इतिहास का सबसे बड़ा फेरबदल माना जाएगा।