Highlights
- IGNTU अमरकंटक के छात्रावास में असम के छात्र पर देर रात जानलेवा हमला
- CCTV जांच में 5 दोषी पाए गए छात्र विश्वविद्यालय से निष्कासित
- पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज
मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय (IGNTU), अमरकंटक में छात्र सुरक्षा को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। विश्वविद्यालय के छात्रावास में असम के एक छात्र के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
कहां का हो पूछकर किया हमला
पीड़ित छात्र हीरोस ज्योतिदास, असम का निवासी है और IGNTU में एमए इकोनॉमिक्स का छात्र है। 13 जनवरी की सुबह करीब 4 बजे कुछ युवक छात्रावास के कमरे में घुसे। आरोप है कि पहले नाम और राज्य पूछा गया और फिर लात-घूंसे से हमला कर दिया गया। मारपीट में छात्र की नाक की हड्डी टूट गई, आंख और कान में भी गंभीर चोटें आई हैं।
जान का खतरा, परीक्षा नहीं दे पाएगा
पीड़ित छात्र का कहना है कि हमलावरों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद वह मानसिक रूप से डरा हुआ है और सुरक्षा को लेकर चिंतित है। मेडिकल स्थिति के चलते वह आगामी परीक्षाओं में शामिल नहीं हो पाएगा। विश्वविद्यालय ने विशेष परीक्षा कराने की सहमति दी है।
READ MORE: ईरान में फंसे 10,000 भारतीयों की होगी घर वापसी, सरकार ने शुरू किया ऑपरेशन स्वदेश; जाने पूरी डीटेल…
जांच में पांच छात्र दोषी पाए गए
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सीसीटीवी फुटेज की जांच कर पांच छात्रों को दोषी पाया। अनुराग पांडे, जतिन सिंह, रजनीश तिवारी, विशाल यादव और उत्कर्ष सिंह को तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर परिसर से बाहर कर दिया गया है।
पीड़ित की शिकायत पर अमरकंटक थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
CM ने जताई नाराजगी
घटना पर मुख्यमंत्री सहित कई जनप्रतिनिधियों ने सख्त रुख अपनाया है। नेताओं ने इसे निंदनीय बताते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा है कि छात्र सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
READ MORE: रेलवे ट्रैक पर उतरा हवाई जहाज! वायरल वीडियो ने मचाई सनसनी, जांच में सामने आया रील का सच