Highlights
- राहुल गांधी का इंदौर दौरा, प्रशासनिक अनुमति न मिलने से बैठक रद्द
- बॉम्बे हॉस्पिटल और भागीरथपुरा में दूषित पानी के पीड़ितों से मुलाकात
- 17 जनवरी से कांग्रेस का प्रदेशव्यापी उपवास और आंदोलन
Rahul Gandhi Indore: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार 17 जनवरी को इंदौर आएंगे। उनका यह दौरा भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी से हुई मौतों के बाद हालात जानने के लिए है। हालांकि प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने के कारण कांग्रेस नेताओं और नगरीय जनप्रतिनिधियों के साथ प्रस्तावित बैठक रद्द कर दी गई है।
बैठक को नहीं मिली अनुमति

कांग्रेस ने नगर निगम अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष, पार्षदों, महापौरों और नगर निकाय प्रतिनिधियों के साथ बैठक का कार्यक्रम तय किया था। इसके लिए अभय प्रशाल और आनंद मोहन माथुर सभागार में अनुमति मांगी गई थी, लेकिन जिला प्रशासन ने मंजूरी नहीं दी। इसके बाद कांग्रेस ने बैठक रद्द कर दी।
अब सिर्फ पीड़ितों से होगी मुलाकात
राहुल गांधी इंदौर पहुंचने के बाद पहले बॉम्बे हॉस्पिटल जाएंगे। यहां वे दूषित पानी से बीमार मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे भागीरथपुरा जाकर उन परिवारों से मिलेंगे, जिनके परिजनों की दूषित पानी के कारण मौत हुई है। अब तक इस घटना में 24 लोगों की जान जा चुकी है।
READ MORE: एलन मस्क का AI Grok अब नहीं बनाएगा अश्लील कंटेंट; Deepfake तस्वीर बनाने वालो को मिलेगी ये सजा
प्रशासन अलर्ट मोड में
राहुल गांधी के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है और कार्यक्रम को सीमित रखा गया है।
कांग्रेस का प्रदेशव्यापी आंदोलन
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी ने 17 से 31 जनवरी तक प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। यह आंदोलन भागीरथपुरा की घटना, प्रदेश में खराब जल गुणवत्ता और मनरेगा में बदलाव के विरोध में किया जाएगा।
17 जनवरी को उपवास
आंदोलन के पहले चरण में 17 जनवरी को सभी जिलों में एक दिवसीय उपवास रखा जाएगा। यह उपवास सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। राहुल गांधी के इंदौर दौरे से इस आंदोलन की शुरुआत मानी जा रही है।