Indore MY Hospital Controversy: मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित महाराजा यशवंतराव (MY) अस्पताल में एक बार फिर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। चेस्ट वार्ड में भर्ती डेढ़ माह के मासूम बच्चे का अंगूठा नर्स की गलती से कट गया। यह घटना अस्पताल की कार्यप्रणाली और मरीजों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर रही है।
टेप काटते समय हुआ हादसा
बेटमा क्षेत्र के बजरंगपुरा गांव निवासी अंजुबाई अपने डेढ़ माह के बच्चे को निमोनिया के इलाज के लिए MY अस्पताल लेकर आई थीं। बच्चे के हाथ में लगे इंट्राकैथ के टेप को बदलते समय नर्स ने कैंची का लापरवाही से इस्तेमाल किया। इसी दौरान कैंची बच्चे के अंगूठे पर लग गई और अंगूठा कटकर अलग हो गया।
वार्ड में मचा हड़कंप
बच्चे के जोर-जोर से रोने पर वार्ड में अफरा-तफरी मच गई। परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। हादसे के बाद नर्सिंग ऑफिसर को चक्कर आ गए। ड्यूटी डॉक्टरों ने तुरंत प्राथमिक इलाज किया।
READ MORE: ED रेड के खिलाफ TMC का दिल्ली से कोलकाता तक प्रदर्शन; 8 सांसद हिरासत में
सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में सर्जरी
बच्चे को तत्काल सुपर स्पेशलिटी अस्पताल रेफर किया गया, जहां प्लास्टिक सर्जन की टीम ने ऑपरेशन कर कटे अंगूठे को जोड़ दिया। फिलहाल बच्चे की हालत स्थिर बताई जा रही है और उसे निगरानी में रखा गया है।
नर्स सस्पेंड, जांच समिति गठित
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया ने नर्सिंग ऑफिसर आरती श्रोत्रिय को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही तीन नर्सिंग इंचार्ज का एक माह का वेतन रोक दिया गया है। मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति भी बनाई गई है।
पहले भी आ चुके हैं मामले
गौरतलब है कि इससे पहले भी MY अस्पताल में नवजातों को चूहों द्वारा कुतरने जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही लापरवाहियां सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।
READ MORE: ईरान में महंगाई के खिलाफ उबाल Gen-Z का खून; 100 से ज्यादा शहरों में प्रदर्शन, 45 की मौत