Highlight
- AMU परिसर में टहलते समय शिक्षक की गोली मारकर हत्या
- स्कूटी सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने लाइब्रेरी कैंटीन के पास किया हमला
- पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं
AMU Murder Case: अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) परिसर में बुधवार रात एक शिक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद कैंपस में अफरा-तफरी मच गई और छात्रों में दहशत का माहौल है।
टहलते समय हमला
मृतक शिक्षक दानिश अली रोज की तरह रात को खाना खाने के बाद टहलने निकले थे। रात करीब 8:45 से 9:30 बजे के बीच वह मौलाना आजाद लाइब्रेरी की कैंटीन के पास अपने दो साथियों के साथ मौजूद थे। इसी दौरान स्कूटी सवार दो नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे और फायरिंग कर दी।
अस्पताल में मौत
फायरिंग में दानिश अली गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोग उन्हें तुरंत मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कौन थे राव दानिश अली
राव दानिश अली AMU के पूर्व छात्र थे और वर्तमान में एबीके बॉयज स्कूल में कंप्यूटर शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। उनका परिवार लंबे समय से AMU से जुड़ा रहा है। उनके परिजन AMU से रिटायर हो चुके हैं। उनके भाई भी AMU में शिक्षक हैं। दानिश के ससुर डॉ. मोहम्मद उल्लाह चौधरी मुरादाबाद की ठाकुरद्वारा सीट से पूर्व विधायक रह चुके हैं।
पुराने विवाद की आशंका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने दानिश से कुछ कहते हुए गोली चलाई और फरार हो गए। पुलिस को शक है कि हत्यारे दानिश को पहले से जानते थे और मामला किसी पुराने विवाद से जुड़ा हो सकता है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी नीरज कुमार जादौन सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। कैंपस के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और बाहरी लोगों की एंट्री की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने जल्द खुलासे का भरोसा दिलाया है।
READ MORE: पुष्पा स्टाइल तस्करी का भंडाफोड़, STF को बड़ी सफलता