Aayudh

Categories

MP में कोहरा घटा, ठंड और तेज: पचमढ़ी में पारा 4 डिग्री से नीचे

MP Weather

मध्यप्रदेश में इन दिनों कोहरे का असर धीरे-धीरे कम हो रहा है, लेकिन ठंड और ज्यादा बढ़ती जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 से 4 दिनों में कोहरा कम रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इससे प्रदेश के कई हिस्सों में कड़ाके की सर्दी महसूस की जाएगी।

प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी में ठंड ने नया रिकॉर्ड बनाया है। यहां न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान है। इसके अलावा शहडोल जिले का कल्याणपुर प्रदेश का दूसरा सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां पारा 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

READ MORE: RGPV छात्र पर भगवान राम-कृष्ण के लिए आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप, हिंदू समाज में आक्रोश

अन्य शहरों की बात करें तो नौगांव में 7 डिग्री, राजगढ़ में 7.4, मलाजखंड में 7.6, रीवा में 8.2, उमरिया में 8.3 और रायसेन, छिंदवाड़ा, मंडला में करीब 9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। भोपाल और इंदौर में न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री, उज्जैन में 10, जबकि ग्वालियर और जबलपुर में 11 डिग्री सेल्सियस रहा।

गुरुवार सुबह ग्वालियर, भिंड, दतिया, छतरपुर, सतना, रीवा, सीधी और सिंगरौली सहित कई जिलों में हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिला। हालांकि अगले दो दिनों में कोहरे का असर और कम होने की संभावना है।

कोहरे का सबसे ज्यादा असर रेल यातायात पर पड़ा है। दिल्ली से भोपाल, इंदौर और उज्जैन आने वाली कई ट्रेनें 5 से 8 घंटे तक लेट चल रही हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 5 दिनों तक मौसम साफ रहेगा और बारिश के कोई आसार नहीं हैं।

READ MORE: मी टाइम: सतपुड़ा की वादियों में ठंड का मजा, पचमढ़ी में बढ़ रही पर्यटकों की संख्या

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *