Highlights
- नए साल में मध्यप्रदेश मंत्रिमंडल का विस्तार, 20 जनवरी के बाद हो सकता है फेरबदल
- रिपोर्ट कार्ड के आधार पर कुछ मंत्री हो सकते है बाहर, कई नए चेहरे शामिल
मध्यप्रदेश की राजनीति में नए साल की शुरुआत के साथ ही मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाएं तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जल्द ही अपनी कैबिनेट का विस्तार कर सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक यह विस्तार 20 जनवरी के बाद हो सकता है। इसको लेकर सरकार और संगठन स्तर पर मंथन शुरू हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने हाल ही में सभी मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा की है। भोपाल और खजुराहो में हुई बैठकों में हर विभाग के दो साल के प्रदर्शन पर चर्चा की गई। इन बैठकों के आधार पर मंत्रियों का रिपोर्ट कार्ड तैयार किया गया है, जो कैबिनेट विस्तार और फेरबदल का मुख्य आधार बनेगा। इसके साथ ही पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने भी मंत्रियों के कामकाज को लेकर सर्वे कराए हैं।
READ MORE: इंदौर में पति-पत्नी की रहस्यमयी मौत; 15 दिन से बंद घर में सड़ रहे शव, बदबू से हुआ खुलासा
सूत्रों का कहना है कि कुछ मंत्रियों की कार्यशैली से केंद्रीय नेतृत्व संतुष्ट नहीं है। ऐसे में तीन से चार मंत्रियों को कैबिनेट से बाहर किया जा सकता है। वहीं सात से आठ नए चेहरों को मंत्रिमंडल में जगह मिलने की संभावना है। इसमें कई सीनियर विधायक भी शामिल हो सकते हैं, जो लंबे समय से मंत्री बनने का इंतजार कर रहे हैं।
फिलहाल मुख्यमंत्री सहित मंत्रिमंडल में 31 मंत्री हैं। विस्तार में क्षेत्रीय और जातीय संतुलन का भी ध्यान रखा जाएगा। कुछ मंत्रियों के विभाग बदले जाने की भी संभावना है।
इसके अलावा निगम-मंडलों में भी नियुक्तियों का रास्ता साफ हो गया है। जिन नेताओं को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलेगी, उन्हें निगम-मंडलों में समायोजित किया जा सकता है। कुल मिलाकर नए साल में मध्यप्रदेश की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
READ MORE: रतलाम में CBN का बड़ा एक्शन; 12 किलो एमडी ड्रग जब्त, तस्कर गिरफ्तार