भोपाल में गणतंत्र दिवस और महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर नगर निगम ने मांस की दुकानों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। इस फैसले को लेकर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने आ गई हैं।
भोपाल नगर निगम ने आदेश जारी किया है कि 26 जनवरी और 30 जनवरी को शहर की सभी मांस की दुकानें बंद रहेंगी। यह नियम नगर निगम क्षेत्र में आने वाली सभी दुकानों पर लागू होगा। आदेश नहीं मानने पर दुकान का लाइसेंस रद्द किया जा सकता है और पुलिस कार्रवाई भी की जाएगी। नगर निगम का कहना है कि राष्ट्रीय महत्व के दिनों पर शांति और सम्मान बनाए रखने के लिए यह फैसला लिया गया है।
READ MORE: MPPSC ने जारी किया 2026 का परीक्षा कैलेंडर, असिस्टेंट प्रोफेसर के 1500 पदों पर होगी भर्ती
इस फैसले पर कांग्रेस ने नाराजगी जताई है। कांग्रेस प्रवक्ता राहुल राज ने कहा कि भाजपा हमेशा धर्म, मांस और शराब जैसे मुद्दों पर विवाद खड़ा करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसान खाद और बीज की कमी से परेशान हैं, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं। ऐसे में सरकार को इन गंभीर मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।
वहीं, भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को गलत बताया है। भाजपा प्रवक्ता अजय धावले ने कहा कि यह फैसला जनभावनाओं का सम्मान करने के लिए लिया गया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्वों की गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और इसमें कोई राजनीति नहीं है। भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस बेवजह इस मुद्दे को तूल दे रही है।
इस आदेश के बाद मांस दुकानदारों में भी चिंता है। दुकानदारों का कहना है कि वे नियमों का पालन करेंगे, लेकिन दो दिन दुकान बंद रहने से होने वाले नुकसान की भरपाई पर सरकार को भी विचार करना चाहिए। यह मामला अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।