गोवा नाइटक्लब अग्निकांड मामले में बड़ा मोड़ आ गया है। ‘बिर्च बाय रोमियो लेन’ नाइटक्लब के मालिक सौरभ और गौरव लूथरा को अधिकारियों ने हिरासत में ले लिया है।
गोवा के अरपोरा स्थित इस क्लब में 6 दिसंबर की रात लगी भीषण आग में 25 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद क्लब मालिक सौरभ और गौरव लूथरा देश छोड़कर थाईलैंड भाग गए। अब जांच में कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं।
जांच अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के दौरान जब पुलिस और फायर ब्रिगेड बचाव कार्य कर रहे थे, उसी समय रात 1:17 बजे लूथरा ब्रदर्स ने मेकमाईट्रिप पर लॉग-इन करके थाईलैंड के लिए टिकट बुक किए। दोनों भाई 7 दिसंबर की सुबह 5:30 बजे दिल्ली से इंडिगो फ्लाइट 6E 1073 से फुकेट रवाना हुए।
READ MORE: सागर-झांसी हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, BDS के 4 जवान शहीद, 1 गंभीर
गोवा पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ कड़ा कदम उठाते हुए उनके पासपोर्ट सस्पेंड करा दिए हैं। विदेश मंत्रालय को गोवा सरकार ने पासपोर्ट रद्द करने की भी सिफारिश भेज दी है। पासपोर्ट एक्ट 1967 की धारा 10A के तहत सरकार ऐसा कदम उठा सकती है। पासपोर्ट सस्पेंड होने के बाद लूथरा ब्रदर्स अब थाईलैंड से बाहर नहीं जा सकते। इंटरपोल पहले ही दोनों के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी कर चुका है।
लूथरा परिवार का दावा है कि यात्रा पहले से प्लान थी और वे काम से थाईलैंड गए थे। दोनों भाइयों ने दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में अग्रिम जमानत भी मांगी, लेकिन कोर्ट ने उन्हें कोई सुरक्षा नहीं दी। दिल्ली पुलिस ने बताया कि गोवा की अदालत उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कर चुकी है।
इस मामले में अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें क्लब के पार्टनर अजय गुप्ता, चीफ जनरल मैनेजर राजीव मोदक, जनरल मैनेजर विवेक सिंह, बार मैनेजर राजीव सिंघानिया, गेट मैनेजर रियांशु ठाकुर और कर्मचारी भरत कोहली शामिल हैं।
READ MORE: सलमान खान ने ISPL 2025 ऑक्शन में रोबोट से मिलाया हाथ, फैंस बोले – एआई भी भाईजान का फैन!