Indigo: देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो इन दिनों भारी परिचालन संकट से गुजर रही है। गुरुवार को ही 100 से ज्यादा फ्लाइट्स रद्द कर दी गईं। बेंगलुरु, दिल्ली, हैदराबाद और अहमदाबाद जैसे व्यस्त एयरपोर्ट्स पर यात्रियों की लंबी कतारें देखने को मिली। कई लोग घंटों इंतजार करते रहे लेकिन आखिरी समय में फ्लाइट कैंसिल होने से उन्हें बड़ी परेशानी उठानी पड़ी।
इंडिगो के मुताबिक खराब मौसम, तकनीकी गड़बड़ी और स्टाफ से जुड़े नए नियमों के कारण उड़ानें प्रभावित हुई हैं। एयरलाइन ने कहा है कि अगले 48 घंटों में हालात सामान्य करने की कोशिश की जा रही है। पिछले दो दिनों में करीब 200 फ्लाइट्स रद्द हो चुकी हैं।
READ MORE: शानदार फॉर्म में कोहली, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगाया दूसरा शतक, वनडे विश्व कप की दावेदारी और मजबूत
समस्या की सबसे बड़ी वजह DGCA के नए FDTL नियम माने जा रहे हैं। इन नियमों में क्रू और पायलटों को ज्यादा आराम देने की अनिवार्यता है। अब पायलट हफ्ते में 48 घंटे आराम करेंगे और रात में सीमित उड़ानें ही संचालित कर सकेंगे। क्रू की कमी से जूझ रही इंडिगो के लिए इन बदलावों को लागू करना मुश्किल हो रहा है।
फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स का कहना है कि इंडिगो ने सालों से पर्याप्त पायलट नहीं रखे, इसी वजह से आज यह संकट पैदा हुआ है। कई यात्रियों की कनेक्टिंग फ्लाइट्स भी छूट गईं और उन्हें रहने की व्यवस्था तक नहीं मिली।
नवंबर महीने में इंडिगो की 1200 से ज्यादा उड़ानें रद्द हुईं, जिनमें से बड़ी संख्या क्रू की कमी के कारण थी। समय पर उड़ान भरने में भी गिरावट दर्ज की गई है। पायलट संघ ने एयरलाइंस की खराब योजना और DGCA की निगरानी पर भी सवाल उठाए हैं।
READ MORE: पुतिन का भारत दौरा; 30 घंटे में शिखर वार्ता, बड़े समझौते और दो डिनर; जाने पूरा शेड्यूल