Amit Shah On Delhi Blast: दिल्ली के लाल किले के पास हुए धमाके के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को दो अहम बैठकों की अध्यक्षता की। इन बैठकों में दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की गई। शाह ने कहा कि इस हमले के पीछे जो भी दोषी हैं, उन्हें किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
पहली बैठक में गृह सचिव गोविंद मोहन, खुफिया ब्यूरो के निदेशक तपन डेका, दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा और एनआईए के महानिदेशक सदानंद वसंत दाते मौजूद रहे। जम्मू-कश्मीर के डीजीपी नलिन प्रभात भी ऑनलाइन शामिल हुए। दोपहर में हुई दूसरी बैठक में शाह ने जांच एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए कि “एक-एक गुनहगार को उसके अंजाम तक पहुंचाया जाए।”
गृह मंत्रालय ने धमाके की जांच का जिम्मा एनआईए को सौंप दिया है, जिससे साफ है कि इसे आतंकी वारदात माना जा रहा है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में यूएपीए के तहत केस दर्ज किया है और कई जगहों पर छापेमारी की जा रही है।
इस ब्लास्ट में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है और 20 घायल हैं। जांच एजेंसियों का कहना है कि ब्लास्ट में इस्तेमाल कार का कनेक्शन फरीदाबाद में पकड़े गए आतंकी मॉड्यूल से हो सकता है। गृह मंत्री ने कहा कि सच्चाई सामने लाने और दोषियों को सजा दिलाने के लिए सरकार हर जरूरी कदम उठाएगी।
READ MORE: पुलवामा के उमर का दोस्त डॉ. सज्जाद गिरफ्तार, फरीदाबाद से महिला आतंकी डॉ. शाहीन भी पकड़ी गई