Parliament Winter Session: केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने शनिवार को जानकारी दी कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद के शीतकालीन सत्र के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। यह सत्र 1 दिसंबर से 19 दिसंबर 2025 तक चलेगा। रिजिजू ने कहा कि यह सत्र रचनात्मक और सार्थक होगा, जो लोकतंत्र को मजबूत करेगा और जनता की आकांक्षाओं को पूरा करेगा।
इस बार संसद में कुल 15 बैठकें होंगी। इससे पहले मानसून सत्र में भारी हंगामे के कारण 166 घंटे बर्बाद हुए थे, जिससे करीब 248 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। लोकसभा की कार्यवाही सिर्फ 37 घंटे और राज्यसभा की 41 घंटे चली थी। हालांकि अंतिम दिनों में दोनों सदनों ने तेजी से काम करते हुए कई बिल पारित किए थे लोकसभा में 12 और राज्यसभा में 15 बिल।
भारत में हर साल संसद के तीन सत्र होते हैं बजट सत्र (फरवरी से मई), मानसून सत्र (जुलाई से अगस्त) और शीतकालीन सत्र (नवंबर से दिसंबर)।
इस बार के मानसून सत्र के दौरान देश के 14वें उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने बीच सत्र में इस्तीफा दे दिया था, जो अपने कार्यकाल के बीच पद छोड़ने वाले पहले उपराष्ट्रपति बने। शीतकालीन सत्र में कई अहम विधेयकों पर चर्चा की उम्मीद है।
READ MORE: सीतामढ़ी रैली में पीएम मोदी बोले – जंगलराज वालों को 65 वोल्ट का झटका लगा, अब नहीं चाहिए कट्टा सरकार