Milan 2026: भारतीय नौसेना अगले साल फरवरी में विशाखापत्तनम में ‘मिलन 2026’ नामक बड़े समुद्री अभ्यास की मेजबानी करेगी। इस अंतरराष्ट्रीय अभ्यास में अमेरिका, रूस समेत 55 देशों की नौसेनाएं भाग लेंगी।
नौसेना उप प्रमुख वाइस एडमिरल संजय वात्स्यायन ने बताया कि 19 से 26 फरवरी तक चलने वाले इस अभ्यास में कई देश अपने युद्धपोत और विमान भेजेंगे। यह आयोजन भारत के सबसे बड़े नौसैनिक अभ्यासों में से एक होगा, जिसका उद्देश्य मित्र देशों के बीच सहयोग और सुरक्षा साझेदारी को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि हिंद महासागर में मौजूद सभी विदेशी जहाजों पर भारतीय नौसेना लगातार नजर रखती है। चीन और अन्य बाहरी शक्तियों की गतिविधियों को भी पूरी सतर्कता से मॉनिटर किया जा रहा है।
‘मिलन 2026’ से पहले 18 फरवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अंतरराष्ट्रीय बेड़ा समीक्षा करेंगी। नौसेना अधिकारियों ने बताया कि अभ्यास के दौरान पनडुब्बी रोधी अभियान, हवाई और समुद्री मिशन भी शामिल होंगे। यह भारत की सामरिक शक्ति और वैश्विक साझेदारी का बड़ा प्रदर्शन होगा।
READ MORE: खड़गे बोले – RSS पर लगे प्रतिबंध, देश में कानून-व्यवस्था की दिक्कतों के लिए भाजपा-आरएसएस जिम्मेदार