Pandit Chhannulal Mishra: प्रसिद्ध शास्त्रीय गायक और पद्म विभूषण से सम्मानित पंडित छन्नूलाल मिश्र का 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने गुरुवार सुबह 4:15 बजे मिर्जापुर स्थित अपनी बेटी नम्रता मिश्रा के घर अंतिम सांस ली। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे और हाल ही में दिल का दौरा भी पड़ा था।
पंडित छन्नूलाल मिश्र का जन्म 3 अगस्त 1936 को आजमगढ़ के हरिहरपुर गांव में हुआ था। उन्होंने अपने पिता से संगीत की प्रारंभिक शिक्षा ली और बनारस घराने की ख्याल और ठुमरी गायकी में महारत हासिल की। उनके ‘खेले मसाने में होली…’ जैसे गीत आज भी लोकप्रिय हैं।
सुप्रसिद्ध शास्त्रीय गायक पंडित छन्नूलाल मिश्र जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। वे जीवनपर्यंत भारतीय कला और संस्कृति की समृद्धि के लिए समर्पित रहे। उन्होंने शास्त्रीय संगीत को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही भारतीय परंपरा को विश्व पटल पर प्रतिष्ठित करने में भी अपना अमूल्य योगदान… pic.twitter.com/tw8jb5iXu7
— Narendra Modi (@narendramodi) October 2, 2025
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह भारतीय कला और संस्कृति के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने याद किया कि 2014 में पंडित जी वाराणसी से उनके लोकसभा नामांकन के प्रस्तावक भी थे।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी।
पंडित जी को पद्म भूषण (2010), पद्म विभूषण (2020), यश भारती और कई अन्य पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था। उनका अंतिम संस्कार आज शाम काशी के मणिकर्णिका घाट पर किया जाएगा।