RBI Announce Repo Rate: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) ने आम जनता को उम्मीद के विपरीत झटका देते हुए रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं किया है। इसका मतलब है कि आपकी होम लोन या पर्सनल लोन की EMI में फिलहाल कोई राहत नहीं मिलेगी। यह लगातार दूसरी बार है जब आरबीआई ने ब्याज दरों को जस का तस बनाए रखा है।
क्या है मौजूदा रेपो रेट?
आरबीआई ने रेपो रेट 5.5% पर स्थिर रखा है। छह में से पाँच सदस्यों ने रेपो रेट में कोई बदलाव ना करने के पक्ष में वोट किया। इससे पहले अगस्त में भी कोई बदलाव नहीं किया गया था।
कई जानकारों को उम्मीद थी कि इस बार 0.25% की कटौती हो सकती है, लेकिन महंगाई, टैरिफ और वैश्विक हालात को देखते हुए आरबीआई ने यह कदम नहीं उठाया।
महंगाई के अनुमान में राहत
आरबीआई ने इस साल महंगाई के अनुमान को घटाकर 2.6% कर दिया है, जो पहले 3.1% था। खासकर दूसरी और तीसरी तिमाही में CPI आधारित महंगाई 1.8% रहने का अनुमान है, जबकि चौथी तिमाही में यह 4% तक जा सकती है।
ग्रोथ का अनुमान बढ़ा
जहां महंगाई घटने की उम्मीद है, वहीं विकास दर (GDP Growth) का अनुमान बढ़ा है। आरबीआई ने इस वित्त वर्ष के लिए ग्रोथ रेट का अनुमान 6.5% से बढ़ाकर 6.8% कर दिया है। दूसरी तिमाही के लिए यह 7%, और तीसरी व चौथी तिमाही के लिए क्रमशः 6.4% और 6.2% रहने की संभावना है।
फिलहाल राहत नहीं, लेकिन उम्मीद बाकी
फरवरी से अब तक आरबीआई रेपो रेट में 1% की कटौती कर चुका है। हालांकि इस बार कटौती नहीं हुई है, लेकिन अगर दिसंबर में हालात ठीक रहे तो EMI में राहत मिल सकती है।
READ MORE: “नोबेल पुरस्कार नहीं मिला तो अमेरिका का अपमान होगा”- ट्रंप