MP Weather Today: MP में शीतलहर का कहर: मंदसौर 2.5° के साथ सबसे ठंडा, भोपाल में 4.8°, कोहरे से ट्रेनें लेट

Highlights MP Weather Today: मध्यप्रदेश में इन दिनों कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। हिमालय में हो रही बर्फबारी और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदेश में तापमान तेजी से गिरा है। सबसे कम तापमान मंदसौर में 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जहां ओस की बूंदें जमती नजर आई। राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री रहा, जिससे लोग ठिठुरते दिखे। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर से आ रही बर्फीली हवाओं ने ठंड का असर और बढ़ा दिया है। भोपाल, इंदौर, रीवा, मऊगंज, राजगढ़, शाजापुर, विदिशा, सीहोर और सिवनी में शीतलहर चल रही है। वहीं ग्वालियर, चंबल, सागर और रीवा संभाग के कई जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है। READ MORE: सीएम मोहन यादव की बड़ी घोषणा; अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर होगा सतना ISBT घने कोहरे का असर रेल यातायात पर भी पड़ा है। दिल्ली से आने वाली कई ट्रेनें 4 से 5 घंटे तक देरी से पहुंच रही हैं। मालवा एक्सप्रेस, शताब्दी और सचखंड एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों की समय-सारिणी प्रभावित हुई है। ठंड का असर अब सिर्फ रात तक सीमित नहीं है। दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। सीधी, पचमढ़ी और मलाजखंड में अधिकतम तापमान करीब 20 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है, क्योंकि 30 दिसंबर को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। फिलहाल लोगों को ठंड और कोहरे से सतर्क रहने की सलाह दी गई है। READ MORE: ऑल टाइम हाई पर चांदी; सोने में भी रिकोर्ड तेजी 1 लाख 37 हजार के पार