Aayudh

भाजपा का बड़ा संगठनात्मक फैसला; नितिन नबीन बने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष

नितिन नबीन

भारतीय जनता पार्टी ने संगठन स्तर पर बड़ा फैसला लेते हुए बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह जिम्मेदारी पार्टी के सर्वोच्च नीति निर्धारण निकाय संसदीय बोर्ड ने सौंपी है। यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है, जब भाजपा आने वाले चुनावों और संगठन विस्तार की रणनीति पर तेजी से काम कर रही है। नितिन नबीन की नियुक्ति को अनुभव, संगठन क्षमता और क्षेत्रीय संतुलन से जोड़कर देखा जा रहा है। बिहार जैसे अहम राजनीतिक राज्य से आने वाले नितिन नबीन लंबे समय से पार्टी संगठन में सक्रिय रहे हैं। वे जमीनी राजनीति, प्रशासनिक समझ और अनुशासित कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। वर्तमान में वे बिहार सरकार में मंत्री हैं। इससे पहले वे प्रदेश संगठन में भी कई अहम पदों पर रह चुके हैं। उनका राजनीतिक सफर छात्र राजनीति से शुरू हुआ और निरंतर मेहनत के दम पर उन्होंने पार्टी में मजबूत पहचान बनाई। पार्टी के भीतर उन्हें स्पष्ट सोच और फैसले लेने वाले नेता के रूप में माना जाता है। READ MORE: दिल्ली बैठक में दिग्विजय सिंह ने दी प्रेजेंटेशन, बताया एमपी कांग्रेस का बूथ-टू-विधानसभा प्लान राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में नितिन नबीन संगठनात्मक समन्वय, नीतियों के क्रियान्वयन और कार्यकर्ताओं से संवाद को मजबूत करने की जिम्मेदारी संभालेंगे। साथ ही केंद्र और राज्यों के बीच संगठनात्मक संतुलन बनाने में भी उनकी अहम भूमिका होगी। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस नियुक्ति से बिहार को राष्ट्रीय राजनीति में और मजबूत प्रतिनिधित्व मिला है। इससे राज्य के भाजपा कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा और संगठन में नए नेतृत्व को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। भाजपा का यह फैसला आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। READ MORE: IHM भोपाल ने बनाया भारत का सबसे लंबा सैंडविच, 100% जीरो-वेस्ट मॉडल से रचा रिकॉर्ड

दिल्ली बैठक में दिग्विजय सिंह ने दी प्रेजेंटेशन, बताया एमपी कांग्रेस का बूथ-टू-विधानसभा प्लान

दिग्विजय सिंह

दिल्ली में आज मध्यप्रदेश कांग्रेस की अहम बैठक आयोजित हुई। बैठक में SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने को लेकर बड़ा प्लान तैयार किया गया। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस नेताओं के सामने प्रेजेंटेशन देकर पार्टी की रणनीति समझाई। प्रेजेंटेशन में बताया गया कि SIR के दौरान किसी भी मतदाता का नाम न छूटे और फर्जी वोट न जुड़ें, इसके लिए कांग्रेस कार्यकर्ता हर स्तर पर नजर रखेंगे। इसके साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए यात्राओं का खाका भी पेश किया गया। योजना के तहत प्रत्येक बूथ से मंडल तक पदयात्रा निकाली जाएगी। मंडल से ब्लॉक स्तर तक बाइक यात्रा होगी, जबकि ब्लॉक से जिला स्तर तक बड़ी यात्रा आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना और जनता से सीधा संपर्क बनाना है। READ MORE: ‘वोट चोरी’ के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, दिल्ली के रामलीला मैदान में विशाल रैली कांग्रेस ने यह भी तय किया है कि साल 2026 में पार्टी के नेता एक-एक विधानसभा क्षेत्र का दौरा करेंगे। इस दौरान नेता संबंधित विधानसभा में रात्रि विश्राम भी करेंगे, ताकि स्थानीय मुद्दों को बेहतर ढंग से समझा जा सके। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों का दौरा करेंगे। बैठक में पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन, राष्ट्रीय सचिव चंदन यादव, उषा नायडू सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह रोडमैप संगठन को मजबूत करने और आने वाले चुनावों की तैयारी के लिए अहम साबित होगा। READ MORE: बैतूल में खेत से 100 से ज्यादा जिलेटिन छड़ें बरामद, अवैध विस्फोटक रखने के आरोप में एक गिरफ्तार

Bhopal News: IHM भोपाल ने बनाया भारत का सबसे लंबा सैंडविच, 100% जीरो-वेस्ट मॉडल से रचा रिकॉर्ड

bhopal news

Bhopal news: भोपाल के इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (IHM) ने एक अनोखी उपलब्धि हासिल की है। पर्यटन मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले इस संस्थान ने अपने परिसर में 269.9 फीट लंबा और 8 इंच चौड़ा भारत का सबसे लंबा सैंडविच बनाकर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया है। इसके साथ ही IHM भोपाल ने पहले के 223 फीट लंबे सैंडविच का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। खास बात यह रही कि यह रिकॉर्ड 100% जीरो-वेस्ट मॉडल पर बनाया गया। सैंडविच बनाने से लेकर बांटने तक इस बात का पूरा ध्यान रखा गया कि खाना बर्बाद न हो। सामग्री की सही मात्रा रखी गई, ब्रेड चरणों में बनाई गई। READ MORE: ‘वोट चोरी’ के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, दिल्ली के रामलीला मैदान में विशाल रैली इस सैंडविच के लिए खास तौर पर ब्रेड तैयार की गई थी। छात्रों, शेफ और फैकल्टी ने तय रेसिपी और नियमों के अनुसार एक जैसे आकार की मजबूत ब्रेड बनाई। कार्यक्रम के दिन फूड प्रोडक्शन और फूड एंड बेवरेज विभाग के मार्गदर्शन में 70 से 80 छात्रों और स्टाफ ने मिलकर सिर्फ 7 मिनट 26 सेकंड में पूरा सैंडविच तैयार कर लिया। IHM भोपाल के प्राचार्य डॉ. रोहित सरीन ने बताया कि यह आयोजन सिर्फ रिकॉर्ड बनाने के लिए नहीं था, बल्कि छात्रों को सस्टेनेबिलिटी, टीमवर्क और इंडस्ट्री के मानकों का व्यावहारिक अनुभव देने के उद्देश्य से किया गया। इस उपलब्धि से संस्थान और भोपाल दोनों का नाम रोशन हुआ है। READ MORE: महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने संजय गांधी की जगह मनाया राजीव गांधी का जन्मदिन, बीजेपी सोशल मीडिया इंचार्ज ने कसा तंज

MP News: बैतूल में खेत से 100 से ज्यादा जिलेटिन छड़ें बरामद, अवैध विस्फोटक रखने के आरोप में एक गिरफ्तार

बैतूल

MP News: बैतूल जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खेत में छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किए हैं। मामला भैंसदेही थाना क्षेत्र के चिचोलीढाना गांव का है, जहां पुलिस ने 100 से अधिक जिलेटिन छड़ें जब्त की हैं। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव के एक खेत में खतरनाक विस्फोटक सामग्री छिपाकर रखी गई है। सूचना मिलते ही भैंसदेही थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और खेत में छापा मारा। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में जिलेटिन छड़ें बरामद की गई, जिन्हें मिट्टी में छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास विस्फोटक रखने या इस्तेमाल करने से जुड़े कोई भी वैध दस्तावेज नहीं मिले हैं। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर एफआईआर कर ली है और आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिलेटिन छड़ें आमतौर पर खनन या निर्माण कार्यों में उपयोग की जाती हैं, लेकिन इस तरह अवैध रूप से खेत में छिपाकर रखना गंभीर अपराध है। आशंका जताई जा रही है कि इन विस्फोटकों का इस्तेमाल किसी गैरकानूनी गतिविधि में किया जा सकता था। READ MORE: ‘वोट चोरी’ के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, दिल्ली के रामलीला मैदान में विशाल रैली

महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने संजय गांधी की जगह मनाया राजीव गांधी का जन्मदिन, बीजेपी सोशल मीडिया इंचार्ज ने कसा तंज

राजीव गांधी

संजय गांधी की जयंती पर मध्यप्रदेश कांग्रेस में एक बड़ी गलती सामने आई है। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी ने श्रद्धांजलि देते हुए सोशल मीडिया पर संजय गांधी की जगह पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की तस्वीर और संदेश पोस्ट कर दिया। इस चूक को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर तीखा तंज कसा है। यह पोस्ट 14 दिसंबर को संजय गांधी की जन्म जयंती के मौके पर की गई थी। पोस्ट में राजीव गांधी की तस्वीर लगी थी और कैप्शन में लिखा था “भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी जी को विनम्र श्रद्धांजलि।” साथ ही पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने और सूचना एवं संचार क्रांति के जरिए देश को 21वीं सदी की ओर ले जाने जैसे कार्यों का जिक्र किया गया था, जो राजीव गांधी से जुड़े रहे हैं। READ MORE: ‘सीरियस मिसकंडक्ट’ नोटिस के तनाव में डॉक्टर ने किया सुसाइड अटेम्प्ट; वेंटिलेटर पर इलाज पोस्ट सामने आते ही बीजेपी सोशल मीडिया इंचार्ज सुयश त्यागी ने कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस नेता एक ही परिवार की भक्ति में इतने डूबे हैं कि उन्हें राजीव गांधी और संजय गांधी में फर्क तक नहीं पता। उन्होंने महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति पर भी सवाल उठाए। बीजेपी के हमले के बाद कांग्रेस की ओर से यह पोस्ट कुछ समय बाद हटा ली गई, लेकिन तब तक यह सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी थी। मामले को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है। बीजेपी इसे कांग्रेस की लापरवाही बता रही है, जबकि कांग्रेस की ओर से फिलहाल इस चूक पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। READ MORE: भोपाल में ब्राह्मण समाज का हिंसक प्रदर्शन, पुलिस से भिड़े प्रदर्शनकारी; संतोष वर्मा के खिलाफ मोर्चा

Bhopal Protest: भोपाल में ब्राह्मण समाज का हिंसक प्रदर्शन, पुलिस से भिड़े प्रदर्शनकारी; संतोष वर्मा के खिलाफ मोर्चा

Bhopal Protest

Bhopal Protest: राजधानी भोपाल में रविवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा के कथित बयान के खिलाफ ब्राह्मण समाज ने बड़ा प्रदर्शन किया। आरोप है कि अधिकारी ने ब्राह्मण बेटियों को लेकर अभद्र टिप्पणी की थी, जिससे समाज में भारी आक्रोश फैल गया। रविवार को ब्राह्मण समाज के सैकड़ों लोग रोशनपुरा चौराहे पर एकत्र हुए और मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च निकालने लगे। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन की अनुमति के बिना आगे बढ़ने की कोशिश की। इसी दौरान वे पुलिस को चकमा देकर बाणगंगा चौराहे तक पहुंच गए। READ MORE: MP में मंत्री प्रतिमा बागरी का भाई गांजा तस्करी में गिरफ्तारी, भाजपा ने लगाई फटकार बाणगंगा चौराहे पर पुलिस ने भारी बैरिकेडिंग कर रखी थी। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कड़ा संघर्ष हो गया। इस झड़प में कई बुजुर्ग और महिलाएं घायल हो गईं। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनकी मुख्य मांग है कि आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और उन्हें पद से बर्खास्त किया जाए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि ब्राह्मण समाज की बेटियों के सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल भोपाल में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। READ MORE: ‘वोट चोरी’ के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, दिल्ली के रामलीला मैदान में विशाल रैली

‘वोट चोरी’ के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, दिल्ली के रामलीला मैदान में विशाल रैली

congress sir protest

दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को कांग्रेस ने ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ नाम से बड़ी रैली का आयोजन किया जा रहा है। इस रैली के जरिए पार्टी ने चुनावी प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी और ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ अपना विरोध तेज करेगी। देशभर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का रामलीला मैदान पहुंचना सुबह से ही शुरू हो गया। रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के संबोधन की संभावना है। उनके साथ प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश, सचिन पायलट समेत कई वरिष्ठ नेता भी मंच पर मौजूद रहेंगे। पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के भी शामिल होने की चर्चा है। READ MORE: कंपकंपाती सर्दी की गिरफ्त में मध्य प्रदेश; 25 शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे, शहडोल सबसे ठंडा कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने बताया कि पार्टी ने ‘वोट चोरी’ के खिलाफ देशभर में अभियान चलाकर करीब 55 लाख हस्ताक्षर जुटाए हैं। रैली के बाद राष्ट्रपति से मुलाकात कर 5.5 करोड़ हस्ताक्षरों वाला ज्ञापन सौंपने का अनुरोध किया जाएगा। पार्टी का कहना है कि यह कदम लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की रक्षा के लिए उठाया जा रहा है। राहुल गांधी पहले ही चुनाव आयोग पर कई बार सवाल उठा चुके हैं और प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ‘वोट चोरी’ के आरोप लगाए हैं। कांग्रेस का आरोप है कि चुनाव आयोग सरकार के दबाव में काम कर रहा है और मतदाता सूची से जुड़े मामलों में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने बताया कि रैली के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा और कार्यकर्ताओं की सुविधा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों से हजारों कार्यकर्ता रैली में शामिल होने पहुंचे हैं। READ MORE: ‘सीरियस मिसकंडक्ट’ नोटिस के तनाव में डॉक्टर ने किया सुसाइड अटेम्प्ट; वेंटिलेटर पर इलाज

आंगनबाड़ी की बदहाली: बच्चों के साथ बकरियां भी खा रही मिड-डे मील

mp news

मध्यप्रदेश के कटनी जिले से आंगनबाड़ी व्यवस्था की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। ढीमरखेड़ा तहसील के ग्राम कोठी के सेहरा टोला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें छोटे बच्चे जमीन पर बैठकर मिड-डे मील खाते दिख रहे हैं और उनके ठीक पास बकरियां भी खाना खा रही हैं। इस दौरान केंद्र पर न तो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद थी और न ही सहायिका। गांव वालों का कहना है कि सेहरा टोला के लिए आंगनबाड़ी भवन पहले ही मंजूर हो चुका है, लेकिन इसका निर्माण गांव से दो से तीन किलोमीटर दूर बैगा मोहल्ले में किया जा रहा है। दूरी ज्यादा होने के कारण ग्रामीणों ने इसका विरोध भी किया था। उस समय अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि सेहरा टोला में ही भवन बनाया जाएगा और नई आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका की नियुक्ति की जाएगी। लेकिन कई महीने बीत जाने के बाद भी न तो भवन बना है और न ही व्यवस्थाओं में कोई सुधार हुआ है। READ MORE: कंपकंपाती सर्दी की गिरफ्त में मध्य प्रदेश; 25 शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे, शहडोल सबसे ठंडा फिलहाल केंद्र एक निजी और जर्जर मकान में संचालित हो रहा है। बच्चे जमीन पर बैठकर खाना खाने को मजबूर हैं, जहां साफ-सफाई और सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि इस वजह से बच्चों को पोषण आहार ठीक से नहीं मिल पा रहा, वहीं गर्भवती महिलाओं और बच्चों का टीकाकरण भी प्रभावित हो रहा है। ग्रामीण महिला प्रियंका बाई ने कहा कि आदिवासी बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। कई बार शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मामले पर परियोजना अधिकारी आरती यादव ने बताया कि शिकायत मिलने पर सेक्टर सुपरवाइजर को नोटिस जारी किया गया है। वे खुद गांव जाकर स्थिति का जायजा लेंगी और जल्द समाधान कराया जाएगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आंगनबाड़ी भवन गांव में ही बनाया जाए और नियमित स्टाफ की तैनाती हो। READ MORE: ‘सीरियस मिसकंडक्ट’ नोटिस के तनाव में डॉक्टर ने किया सुसाइड अटेम्प्ट; वेंटिलेटर पर इलाज

Bhopal News: ‘सीरियस मिसकंडक्ट’ नोटिस के तनाव में डॉक्टर ने किया सुसाइड अटेम्प्ट; वेंटिलेटर पर इलाज जारी

Bhopal News

Bhopal News: भोपाल एम्स में ट्रॉमा और इमरजेंसी मेडिसिन विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रश्मि वर्मा द्वारा आत्महत्या के प्रयास का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। डॉ. रश्मि की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज एम्स में वेंटिलेटर सपोर्ट पर चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, डॉ. रश्मि वर्मा को 10 सितंबर 2025 को सीरियस मिसकंडक्ट शीर्षक वाला एक नोटिस दिया गया था। नोटिस मिलने के बाद से वह मानसिक रूप से काफी तनाव में थी। परिजनों और सहकर्मियों का कहना है कि नोटिस की भाषा से उनका मनोबल टूट गया था और वे खुद को अपमानित महसूस कर रही थी। READ MORE: CM सम्मान में न आने पर मंत्री विजय शाह ने लाड़ली बहनों को दी जांच की धमकी; कहा – सरकार करोड़ों रुपये दे रही, धन्यवाद तो बनता है ड्यूटी से लौटने के बाद डॉ. रश्मि ने यह आत्मघाती कदम उठाया। हालत बिगड़ने पर उनके पति उन्हें रात करीब साढ़े दस बजे एम्स लेकर पहुंचे, जहां से उन्हें तुरंत आईसीयू में भर्ती किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, उनकी स्थिति अभी भी गंभीर है। एमआरआई रिपोर्ट चिंताजनक बताई जा रही है और अगले 72 घंटे बेहद अहम माने जा रहे हैं। डॉ. रश्मि ने नोटिस के जवाब में लिखा था कि उन्होंने जानबूझकर किसी नियम का उल्लंघन नहीं किया। अकादमिक लीव को लेकर भी उन्होंने पहले से विभागीय ग्रुप में जानकारी दी थी और इसके स्क्रीनशॉट सबूत के तौर पर लगाए थे। इस मामले ने एम्स की कार्यसंस्कृति और प्रशासनिक दबाव पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, अवधपुरी थाना पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। फिलहाल कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। READ MORE: कंपकंपाती सर्दी की गिरफ्त में मध्य प्रदेश; 25 शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे, शहडोल सबसे ठंडा

कंपकंपाती सर्दी की गिरफ्त में मध्य प्रदेश; 25 शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे, शहडोल सबसे ठंडा

mp weather

मध्य प्रदेश में सर्दी का सितम लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार-शनिवार की रात प्रदेश के 25 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। बड़े शहरों में इंदौर सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 5.9 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। राजधानी भोपाल में 6.4 डिग्री, ग्वालियर में 9.8 डिग्री, उज्जैन में 9.2 डिग्री और जबलपुर में 8.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। READ MORE: शिक्षा व्यवस्था शर्मसार, शराब के नशे में धुत शिक्षक पहुंचा स्कूल; वीडियो वायरल  प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका शहडोल जिले का कल्याणपुर रहा, जहां रात का तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा पचमढ़ी और राजगढ़ में 5.4 डिग्री, मंदसौर में 6 डिग्री, शाजापुर में 6.4 डिग्री, रीवा में 7 डिग्री, रायसेन और नौगांव में 7.6 डिग्री, मलाजखंड में 7.9 डिग्री, मंडला और शिवपुरी में 8.2 डिग्री, दतिया में 8.4 डिग्री और बैतूल में 9 डिग्री तापमान रहा। दमोह, सतना, टीकमगढ़ और खजुराहो में भी पारा 9.2 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो रही है। इसकी वजह से फिलहाल मध्य प्रदेश में अगले तीन दिन तक शीतलहर का अलर्ट नहीं है। हालांकि तापमान में गिरावट जारी है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में दो नए पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत पहुंचेंगे। इनके आगे बढ़ने पर ठंडी हवाएं मध्य प्रदेश में प्रवेश करेंगी, जिससे एक बार फिर शीतलहर का दौर शुरू हो सकता है। READ MORE: CM सम्मान में न आने पर मंत्री विजय शाह ने लाड़ली बहनों को दी जांच की धमकी; कहा – सरकार करोड़ों रुपये दे रही, धन्यवाद तो बनता है