Aayudh

Farhan Akhtar: फरहान अख्तर की मां के साथ 12 लाख की धोखाधड़ी, ड्राइवर और पेट्रोल पंप कर्मचारी गिरफ्तार

Farhan Akhtar

Farhan Akhtar: बॉलीवुड एक्टर फरहान अख्तर और उनकी मां हनी ईरानी के साथ बड़ा धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। उनके घर में काम करने वाले ड्राइवर नरेश सिंह ने फरहान के नाम से जारी फ्यूल कार्ड का गलत इस्तेमाल करते हुए करीब 12 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। इस मामले की शिकायत हनी ईरानी की मैनेजर दिया भाटिया ने 1 अक्टूबर को बांद्रा पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई थी। जांच में पता चला कि ड्राइवर नरेश पेट्रोल भरवाने के नाम पर पेट्रोल पंप पर कार्ड स्वाइप करता था, लेकिन गाड़ी में पेट्रोल डलवाता नहीं था। इसके बजाय, वह पेट्रोल पंप के कर्मचारी अरुण सिंह से नकद पैसे लेता और दोनों आपस में रकम बांट लेते थे। इतना ही नहीं, जिन गाड़ियों को परिवार ने कई साल पहले बेच दिया था, उन पर भी पेट्रोल भरवाने के फर्जी बिल दिखाए गए थे। ड्राइवर ने 2022 में फरहान के पुराने ड्राइवर से तीन कार्ड लिए थे और तभी से यह धोखाधड़ी कर रहा था। पुलिस ने नरेश सिंह और पेट्रोल पंप कर्मचारी अरुण सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है। मामला सामने आने के बाद सभी कार्ड ब्लॉक कर दिए गए हैं और सुरक्षा जांच बढ़ा दी गई है। READ MORE: मौसम की मार से थमी वैष्णो देवी यात्रा, 5 से 7 अक्टूबर तक रहेगी बंद

Vaishno Devi Yatra Suspended: मौसम की मार से थमी वैष्णो देवी यात्रा, 5 से 7 अक्टूबर तक रहेगी बंद

Vaishno Devi Yatra Suspended

Vaishno Devi Yatra Suspended: माता वैष्णो देवी के भक्तों के लिए बड़ी खबर है। खराब मौसम की आशंका के चलते वैष्णो देवी यात्रा को 5 अक्टूबर से 7 अक्टूबर तक अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (SMVDSB) के सीईओ सचिन कुमार वैश्य ने सोशल मीडिया के जरिए यह जानकारी दी। मौसम विभाग ने भारी बारिश, भूस्खलन और बादल फटने की चेतावनी दी है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। श्राइन बोर्ड ने सभी भक्तों से अपील की है कि वे इस दौरान यात्रा की योजना न बनाएं और ताजा जानकारी के लिए आधिकारिक स्रोतों से अपडेट लेते रहें। पिछले कुछ दिनों में कटड़ा से भवन तक के रास्तों पर कई जगह चट्टानें खिसकने और जलभराव की घटनाएं सामने आई थी। इसी कारण यात्रा रोकने का निर्णय लिया गया है। इस दौरान रास्तों की सफाई, मरम्मत और सुरक्षा इंतजामों को और बेहतर किया जाएगा, ताकि 8 अक्टूबर से यात्रा दोबारा शुरू की जा सके। कटड़ा रेलवे स्टेशन और बस अड्डे पर यात्रियों को लगातार सूचना दी जा रही है। प्रशासन ने आपदा प्रबंधन और सुरक्षा दलों को अलर्ट पर रखा है। श्राइन बोर्ड का यह निर्णय श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है, ताकि भविष्य में कोई हादसा न हो। READ MORE: शुभमन गिल को मिली वनडे की कमान, रोहित शर्मा की कप्तानी पर लगा ब्रेक! BCCI का बड़ा फैसला

IND VS AUS: शुभमन गिल को मिली वनडे की कमान, रोहित शर्मा की कप्तानी पर लगा ब्रेक! BCCI का बड़ा फैसला

IND VS AUS

IND VS AUS: टीम इंडिया में बड़ा बदलाव हुआ है। 26 साल के शुभमन गिल को अब वनडे टीम की भी कप्तानी सौंप दी गई है। इससे पहले वह टेस्ट टीम के कप्तान बनाए गए थे। अब दो फॉर्मेट में भारत की कमान गिल के हाथों में होगी। BCCI की 4 अक्टूबर को हुई अहम बैठक के बाद ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए वनडे टीम का ऐलान किया गया। इसी मीटिंग में शुभमन गिल को वनडे का कप्तान बनाने का फैसला लिया गया। वहीं, मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज़ श्रेयस अय्यर को उपकप्तान बनाया गया है। हालांकि रोहित शर्मा और विराट कोहली को टीम में जगह दी गई है, लेकिन अब वे कप्तान नहीं होंगे। रोहित ने आखिरी वनडे मैच 9 मार्च को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला वनडे 19 अक्टूबर को पर्थ में, दूसरा 23 अक्टूबर को एडिलेड और तीसरा 25 अक्टूबर को सिडनी में होगा। टीम में हार्दिक पंड्या नहीं हैं। ऑलराउंडर के तौर पर नितीश कुमार रेड्डी को शामिल किया गया है। टी-20 सीरीज में कप्तानी सूर्यकुमार यादव करेंगे। यह फैसला दिखाता है कि BCCI भविष्य में हर फॉर्मेट के लिए एक ही कप्तान रखना चाहती है। READ MORE: ढेर हुआ वेस्टइंडीज, भारत ने 31 साल का रिकॉर्ड बरकरार रखते हुए खेली शानदार पारी; 140 रन से दर्ज की धमाकेदार जीत

Karishma Kapoor: प्रिया ने तोड़ा था करिश्मा कपूर का घर; संजय की बहन ने किया बड़ा खुलासा, कहा – अफोसस है मुझे…

Karishma Kapoor

Karishma Kapoor: बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर और दिवंगत बिजनेसमैन संजय कपूर की शादी टूटने की असल वजह को लेकर अब नया खुलासा हुआ है। संजय कपूर की बहन मंदिरा कपूर स्मिथ ने हाल ही में एक इंटरव्यू में दावा किया कि करिश्मा और संजय का रिश्ता प्रिया सचदेव की वजह से खत्म हुआ। मंदिरा ने बताया कि करिश्मा और संजय की शादी उस वक्त अच्छी चल रही थी। उनके दो बच्चे हो चुके थे और संजय अपने बच्चों से बहुत प्यार करते थे। लेकिन जब संजय की जिंदगी में प्रिया आईं, तो सब कुछ बदल गया। मंदिरा के मुताबिक, “एक महिला जिसने हाल ही में बच्चा जन्म दिया हो, उसकी शादी तोड़ना और परिवार में दरार डालना गलत है। लोलो (करिश्मा) इसकी हकदार नहीं थी।” मंदिरा ने ये भी कहा कि उनके पिता और पूरा परिवार संजय और प्रिया की शादी के खिलाफ थे। उन्होंने बताया कि 2017 में जब दोनों की शादी हुई, तब वह और उनकी बहन उसमें शामिल भी नहीं हुए थे। मंदिरा ने अफसोस जताते हुए कहा कि करिश्मा कभी उनकी सबसे अच्छी दोस्त थी और उन्हें उस समय करिश्मा के साथ खड़ा होना चाहिए था। 12 जून 2025 को संजय कपूर का निधन पोलो मैच के दौरान मधुमक्खी के डंक से एलर्जी के चलते हुआ था। READ MORE: ढेर हुआ वेस्टइंडीज, भारत ने 31 साल का रिकॉर्ड बरकरार रखते हुए खेली शानदार पारी; 140 रन से दर्ज की धमाकेदार जीत

IND vs WI: ढेर हुआ वेस्टइंडीज, भारत ने 31 साल का रिकॉर्ड बरकरार रखते हुए खेली शानदार पारी; 140 रन से दर्ज की धमाकेदार जीत

IND vs WI

IND vs WI:  अहमदाबाद में खेले गए पहले टेस्ट मैच में भारत ने वेस्टइंडीज को पारी और 140 रनों से हराकर दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 448 रन बनाकर पारी घोषित की। इसके बाद वेस्टइंडीज की टीम पहली पारी में सिर्फ 162 और दूसरी पारी में 146 रन पर सिमट गई। भारत के लिए रवींद्र जडेजा ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 104 रन की नाबाद पारी खेली और दूसरी पारी में 4 विकेट लिए। मोहम्मद सिराज को 3, कुलदीप यादव को 2 और सुंदर को 1 विकेट मिला। वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी पूरी तरह फ्लॉप रही। दोनों पारियों में कोई भी बल्लेबाज अर्धशतक नहीं बना सका। एलिक अथानाजे ने दूसरी पारी में सबसे ज्यादा 38 रन बनाए। इस जीत के साथ भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 31 साल से चला आ रहा अपना दबदबा कायम रखा है। READ MORE: बिहार चुनाव को लेकर बीजेपी ने चुनाव आयोग से रखी 16 मांगे, दो चरणों में मतदान और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर दिया जोर

Bihar Elections: बिहार चुनाव को लेकर बीजेपी ने चुनाव आयोग से रखी 16 मांगे, दो चरणों में मतदान और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर दिया जोर

Bihar Elections

Bihar Elections: बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर शनिवार को चुनाव आयोग ने पटना में सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के साथ बैठक की। इस बैठक में बीजेपी ने आयोग के सामने 16 सूत्री मांगें रखी। मुख्य मांग यह थी कि चुनाव को एक या दो चरणों में कराया जाए ताकि मतदाताओं को असुविधा न हो और उम्मीदवारों का खर्च भी कम हो। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि पहले के मुकाबले अब सभी क्षेत्रों में स्कूल और सरकारी भवन उपलब्ध हैं, इसलिए धार्मिक स्थलों में बने पुराने मतदान केंद्रों को बदला जाए। उन्होंने वोटर स्लिप समय पर पहुंचाने, अति पिछड़े गांवों में केंद्रीय सुरक्षा बल तैनात करने और मतदान से पहले फ्लैग मार्च कराने की मांग भी रखी। बैठक में कांग्रेस, आरजेडी, जेडीयू समेत सभी प्रमुख दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए। 2020 में बिहार में तीन चरणों में चुनाव हुए थे जबकि 2015 में पांच चरणों में मतदान हुआ था। संभावना है कि चुनाव आयोग एक हफ्ते में तारीखों का ऐलान कर सकता है। बीजेपी ने यह भी मांग की कि मतदान केंद्रों पर पहचान पत्र से चेहरा मिलान कर ही मतदान की अनुमति दी जाए ताकि निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित किया जा सके। READ MORE: दिल्ली में वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दौरान कुत्तों का हमला, दो विदेशी कोच घायल

World Para Athletics Championships: दिल्ली में वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दौरान कुत्तों का हमला, दो विदेशी कोच घायल

World Para Athletics Championships

World Para Athletics Championships: दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में चल रही वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 के दौरान 3 अक्टूबर को बड़ा हादसा हो गया। स्टेडियम परिसर में घुसे आवारा कुत्तों ने जापान और केन्या के कोचों पर हमला कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गए। घटना सुबह 9 बजे के करीब हुई। केन्या के कोच डेनिस माराजिया कॉल रूम के पास अपने खिलाड़ी से बात कर रहे थे, तभी एक कुत्ते ने उनके पैर में काट लिया। कुछ देर बाद जापान की कोच मेइको ओकुमत्सु भी कुत्ते का शिकार बनीं। इस हमले में एक सिक्योरिटी गार्ड भी घायल हुआ। तीनों घायलों को तुरंत सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार और एंटी-रेबीज इंजेक्शन दिए गए। आयोजन समिति ने बताया कि अब वे खतरे से बाहर हैं। आयोजकों ने बताया कि पहले ही 21 अगस्त को एमसीडी को कुत्ते हटाने के लिए पत्र भेजा गया था और परिसर को खाली भी कराया गया था। इसके बावजूद कुत्ते खाने की तलाश में स्टेडियम में घुस आए। अब स्टेडियम में कुत्ता पकड़ने वाली दो टीमें स्थायी रूप से तैनात कर दी गई हैं। यह घटना दिल्ली में आवारा कुत्तों की गंभीर समस्या और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। READ MORE: 9 बच्चों की मौत के बाद मोहन सरकार का बड़ा फैसला, प्रदेश में बैन Coldrif और Nextro-DS कफ सिरप

Cough Syrup Ban: 9 बच्चों की मौत के बाद मोहन सरकार का बड़ा फैसला, प्रदेश में बैन Coldrif और Nextro-DS कफ सिरप

Cough Syrup Ban

Cough Syrup Ban: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में 9 बच्चों की मौत के बाद Coldrif और Nextro-DS कफ सिरप को पूरे राज्य में बैन कर दिया गया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस पर कड़ा एक्शन लेते हुए कहा कि इस दुखद घटना के जिम्मेदार लोगों को कभी बख्शा नहीं जाएगा। CM ने बताया कि सिरप बनाने वाली कंपनी की फैक्ट्री तमिलनाडु के कांचीपुरम में है और घटना के बाद राज्य सरकार ने तमिलनाडु सरकार से जांच की मांग की थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। छिंदवाड़ा में Coldrif सिरप के कारण हुई बच्चों की मृत्यु अत्यंत दुखद है। इस सिरप की बिक्री को पूरे मध्यप्रदेश में बैन कर दिया है। सिरप को बनाने वाली कंपनी के अन्य प्रोडक्ट की बिक्री पर भी बैन लगाया जा रहा है। सिरप बनाने वाली फैक्ट्री कांचीपुरम में है, इसलिए घटना के संज्ञान में… — Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) October 4, 2025 Coldrif के साथ-साथ कंपनी के बाकी उत्पादों की बिक्री पर भी रोक लगा दी गई है। हालांकि जांच रिपोर्ट में किसी भी सैंपल में जहरीले तत्व DEG या EG नहीं पाए गए, लेकिन बच्चों की मौत का कारण अब अन्य बीमारियों जैसे लेप्टोस्पायरोसिस की ओर इशारा कर रहा है। एक बच्चे के सैंपल में इस बीमारी की पुष्टि हुई है। केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को बच्चों में खांसी की दवा सावधानी से इस्तेमाल करने की सलाह दी है, खासकर डेक्सट्रोमेथॉर्फन-आधारित सिरप से बचने को कहा गया है। फिलहाल मामले की जांच केंद्रीय एजेंसियों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की टीम कर रही है। READ MORE: जुबिन गर्ग की मौत में नया खुलासा; मैनेजर और ऑर्गेनाइजर पर जहर देने का आरोप, मौत को दुर्घटना दिखाने का था प्लान

Zubeen Garg: जुबिन गर्ग की मौत में नया खुलासा; मैनेजर और ऑर्गेनाइजर पर जहर देने का आरोप, हत्या को दुर्घटना दिखाने का था प्लान

Zubeen Garg

Zubeen Garg: मशहूर सिंगर जुबिन गर्ग की रहस्यमयी मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। सिंगापुर में 19 सितंबर 2025 को जुबिन की मौत के बाद अब उनके करीबी साथी और बैंडमेट शेखर ज्योति गोस्वामी ने चौंकाने वाला बयान दिया है। एसआईटी जांच में गोस्वामी ने दावा किया कि जुबिन को जहर दिया गया था और उनकी मौत को दुर्घटना दिखाने की साजिश रची गई। उन्होंने आरोप लगाया कि जुबिन के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा और फेस्टिवल ऑर्गेनाइजर श्यामकानु महंत इसके पीछे हैं। गोस्वामी ने बताया कि जुबिन जब पानी में थे, तब उनके मुंह और नाक से झाग निकल रहा था, लेकिन उसे नजरअंदाज कर दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि जुबिन बहुत अच्छे तैराक थे, उनकी मौत डूबने से नहीं हो सकती। एसआईटी ने अब तक 4 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें सिद्धार्थ शर्मा और महंत भी शामिल हैं। दोनों को 14 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है। असम सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायिक जांच आयोग बनाने की घोषणा की है, जिसकी अध्यक्षता गुवाहाटी हाईकोर्ट के जज सौमित्र सैकिया करेंगे। अब जांच एजेंसियां जुबिन की मौत से जुड़े सभी सबूत इकट्ठा कर रही हैं। साथ ही ईडी और इनकम टैक्स विभाग आयोजकों के वित्तीय मामलों की भी जांच कर रहे हैं। READ MORE: विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की शादी की तारीख तय, सगाई की खबर से फैंस खुश

Vijay Deverakonda and Rashmika Mandanna: विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की शादी की तारीख तय, सगाई की खबर से फैंस खुश

Vijay Deverakonda and Rashmika Mandanna

Vijay Deverakonda and Rashmika Mandanna: साउथ के सुपरस्टार विजय देवरकोंडा और नेशनल क्रश रश्मिका मंदाना ने अपने रिश्ते को एक नया नाम दे दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों ने 3 अक्टूबर को विजय के घर सगाई कर ली है। इस सगाई में परिवार और कुछ करीबी दोस्त ही शामिल हुए। हालांकि, दोनों ने अब तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। विजय की टीम ने ‘हिंदुस्तान टाइम्स’ से बातचीत में इस बात की पुष्टि की है कि रश्मिका और विजय फरवरी 2026 में शादी करेंगे। लंबे समय से दोनों के रिश्ते की खबरें चर्चा में थी, लेकिन वे हमेशा इसे दोस्ती बताते रहे। विजय और रश्मिका की जोड़ी पहली बार 2018 की फिल्म गीता गोविंदम में नजर आई थी, फिर 2019 की डियर कॉमरेड में साथ काम किया। इन फिल्मों से न सिर्फ उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री बल्कि ऑफ-स्क्रीन बॉन्डिंग भी चर्चा में आ गई। हाल ही में उन्हें एयरपोर्ट पर एक ही कार से जाते देखा गया था, जिससे अफवाहों को और हवा मिली। सगाई की खबर से फैंस बेहद खुश हैं और सोशल मीडिया पर इस जोड़ी को ‘ड्रीम कपल’ और ‘पावर कपल’ कहा जा रहा है। READ MORE: गाजा शांति प्रस्ताव पर ट्रंप की पहल को मोदी ने सराहा, हमास बंधकों की रिहाई को तैयार